Tuesday, 25 March 2025

देश-प्रदेश में 2047 तक बनेगी बीजेपी सरकार : केशव मौर्या

काशी में हुए 40 हजार करोड़ की 458 परियोजनाओं पर काम, 15 हजार करोड़ की परियोजनाएं निर्माणाधीन

देश-प्रदेश में 2047 तक बनेगी बीजेपी सरकार : केशव मौर्या 

विपक्षियों की ठगबंधन के बाद भी यूपी में सरकार तीसरी बार बनेगी

पत्रकारों के बीच गिनाई योगी सरकार के 8 साल की उपलब्धियां

सुशासन है हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि, अपराध मुक्त के साथ विकासशील बना यूपी

देश में 25 करोड़ लोगो को गरीबी रेखा से बाहर किया गया है, जिसमें से 6 करोड़ लोग उत्तर प्रदेश के हैं

सुरेश गांधी 

वाराणसी. 2027 ही नहीं देश-प्रदेश में 2047 बीजेपी की ही सरकार बनेगी। भले ही पूरा विपक्ष क्यों एकसाथ चुनाव लड़ लें। यह बातें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान कहीं। हालांकि मौका था योगी सरकार के आठ साल की उपलब्धियों को गिनाने का, लेकिन जब पत्रकारों ने सवाल दागा तो भला वे कैसे टाल जाते। बिना लाग-लपेट के उन्होंने कहा, जनता अब विपक्ष के झांसे में नहीं आने वाला। यूपी में अगर सपा, बसपा, कांग्रेस सब मिलकर लड़ें फिर भी भाजपा की ही सरकार तीसरी बार बनेगी। 

केशव मौर्या ने कहा कि प्रदेश सकरार के आठ वर्ष के कार्यकाल में पूरे सूबे में सर्वाधिक विकास कार्य हुए है। काशी इसका जीवंत उदाहरण है, जहां एयरपोर्ट से रोजाना हजारों यात्रियों का आवागमन है। यहां के रेलवे स्टेशन चर्चा का विषय बनते हैं। 2014 से पहले काशी बदहाली की अवस्था में थी। आज ओवर्बिरज, घाट, कॉरिडोर सहित 8 सालों में 40 हजार करोड़ की 458 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। जबकि 15 हजार करोड़ की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। हमने काशी के लिए खजाने का मुंह खोलकर रखा है। जितना हम आप सोचते हैं उससे अधिक काशी के विकास की चिंता पीएम और सीएम करते हैं।

उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी उपलब्धि हमारी सुशासन है। 24 करोड़ प्रदेशवासियों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। 8 लाख सरकारी नौकरियां प्रतिभा के आधार पर दिया गया। महिला सशक्तिकरण की दिशा में सफल कार्य किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए संकल्प को इन 8 वर्षों में सिद्धि प्राप्त किया गया। उन्होंने कहा कि विगत 8 वर्ष पहले सपा शासन में प्रदेश गुंडों, दंगाइयों का प्रदेश तो रहा ही यह बीमारू प्रदेश भी रहा, किंतु उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने का साथ ही विकासशील बनाया गया। देश में 25 करोड़ लोगो को गरीबी रेखा से बाहर किया गया है। जिसमें से 6 करोड़ लोग उत्तर प्रदेश के हैं। प्रदेश के 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं को उज्ज्वला योजना से लाभान्वित किया गया।

उन्होंने बताया कि 2016 में बेरोज़गारी दर प्रदेश का 18 फीसदी रहा, जो अब 2.5 रह गया हैं। हर घर नल योजना को दुनिया का सबसे बड़ा योजना बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ 37 घरों को इसका कनेक्शन दिया गया है। दो करोड़ 62 लाख शौचालय 9 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना में लाभान्वित कर यूपी प्रथम स्थान पर है। 66.30 करोड़ लोगों ने महाकुंभ में डुबकी लगाई। 96 लाख से अधिक सूक्ष्म और लघु उधोग स्थापित किए। एक करोड़ 88 लाख लोगों को बिजली कनेक्शन दे चुके हैं। सपा में बिजली के लिए लोग तरसते थे अब सभी जिलों में बिजली लगातार रही है। ट्रांसफार्मर जल जाए तो कमीशन नहीं देना पड़ता है।

एक सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा कि जो भ्रष्टाचार करेगा उस पर कार्रवाई होगी। कांग्रेसमुक्त भारत का काम हो ही रहा है। यूपी में कांग्रेस नहीं है। भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास लेकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी कहते थे कि हम एक रुपया भेजते हैं तो 15 पैसा पहुंचता है। वह यह बात गर्व से कहते थे। आज पीएम एक रुपया भेजते हैं तो पूरा रुपया डिजिटल के माध्यम से पहुंचता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिला शसक्तीकरण ने नई ऊंचाइयां छुई है। 

अन्नदाता की आय बढ़ाने के लिए कदम उठाए गए। पारदर्शी तरह से नौकरियां दी गईं। पीएम ने विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश का रोडमेप सामने रखा। उस पर सरकार लगातार काम कर रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक तिवारी, विधायक टी. राम, विधायक डॉ अवधेश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित पार्टी पदाधिकारी आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

सूचना विभाग के विकास प्रदर्शनी की

फीता काटकर किया उद्घाटन

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूर्ण होने एवं काशी के विकास पर आधारित सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तक का विमोचन भी किया। इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर उन्होंने सूचना विभाग द्वारा आयोजित केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियां पर आधारित विधिवत पिता काटकर उद्घाटन किया तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, कृषि, नेडा, ग्राम्य में विकास आदि विभागों के आयोजित प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। पश्चात उन्होंने मौके पर भारी संख्या में लोगो को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियां पर विस्तार से प्रकाश डाला।

एसएचजी मार्केटिंग सेल का लोकार्पण

जनपद में पूर्व में स्थापित 130 काशी प्रेरणा कैफे के अतिरिक्त 100 नवीन काशी प्रेरणा कैफे की स्थापना हेतु एमओयू का स्थानांतरण किया। उन्होंने एसएचजी मार्केटिंग सेल वाराणसी का लोकार्पण भी किया। उन्होंने 10 निपुण स्कूल को सर्टिफिकेट प्रदान किया। पांच बच्चों को पाठ्य पुस्तक वितरण किया। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता टीम को ट्रॉफी प्रदान किया। 10 नवीन आंगनवाड़ी वर्कर को नियुक्ति पत्र भी दिए। 

आठ वर्षो की उपलब्धियां

काशी में विगत 8 वर्षों में 40,536 करोड़ से अधिक लागत की मार्ग, सेतु, पेयजल, सीवरेज, एसटीपी, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, पर्यटन, नगर विकास एवं पुलिस कल्याण आदि से सम्बन्धित 458 परियोजनायें पूर्ण कराकर आमजन को लोकार्पित की गयी हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 15,000 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जनपद में 22,408 करोड़ से अधिक लागत से रिंग रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग, जिला मार्ग एवं सेतु निर्माण सम्बन्धी 102 परियोजनाओं का निर्माण पूर्ण कराया गया है। इसके अतिरिक्त 4955.00 करोड़ से अधिक लागत के सड़को एवं सेतुओं का निर्माण कार्य प्रगति है। 1,529 करोड़ से अधिक लागत से रेलवे, एयर पोर्ट एवं जलमार्ग का निर्माण पूर्ण कराया गया है।

इसके अतिरिक्त 3,809 करोड़ से अधिक लागत की रेलवे एवं एयरपोर्ट आदि की परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। स्मार्ट सिटी परियोजना के अन्तर्गत जनपद में 877.65 करोड़ की लागत से 34 परियोजनायें पूर्ण करायी गयी हैं जिनमें मुख्य रूप से काशी इन्टीग्रटेड कमाण्ड कन्ट्रोल सेन्टर, शहर में 720 स्थलों पर उन्नत सर्विलांस कैमरे, वाराणसी स्पोर्ट्स काम्पलेक्स सिगरा, टाउन हाल शापिंग काम्प्लेक्स का निर्माण, थ्री डी अरबन डिजिटल मैप एवं गौदौलिया चौक पर मल्टीलेवल टू व्हीलर पार्किंग का निर्माण आदि है। 1000 करोड़ से अधिक लागत की 60 सीवरेज एवं पेयजल सम्बन्धी परियोजनायें पूर्ण करायी गयी हैं। इसके अतिरिक्त वर्तमान में 2100 करोड़ से अधिक लागत की पेयजल एवं सीवरेज सम्बन्धी परियोजनायें प्रगति पर हैं। 512 करोड़ से अधिक लागत की शिक्षा से सम्बन्धित 32 परियोजनायें पूर्ण करायी गयी हैं। इसके अतिरिक्त 666 करोड़ से अधिक लागत की 11 परियोजनाओं का निर्माण प्रगति में है। 1100 करोड़ की लागत से शहरी विद्युत सुधार कार्य, 3722 मजरो में विद्युतीकरण, 220 के0वी0 विद्युत उपकेन्द्र निर्माण एवं बायो सीएनजी प्लान्ट आदि का निर्माण कराया गया है।

1870.36 करोड़ की लागत से स्वास्थ्य सम्बन्धी 43 परियोजनायें पूर्ण करायी गयी हैं जिनमें मुख्य रूप से कैंसर इन्सटीटयूट, होमी भाभा कैन्सर हास्पिटल, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में 430 शैय्यायुक्त सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण, जिला महिला चिकित्सालय, कबीरचौरा में सौ शैय्यायुक्त मैटरनिटी विंग का निर्माण एवं बोन मैरो ट्रान्सप्लान्ट एण्ड स्टेम सेल रिसर्च सेन्टर हैं। इसके अतिरिक्त वर्तमान में स्वास्थ्य अवस्थापनाओं सम्बन्धी 512 करोड़ की परियोजनायें निर्माणाधीन हैं। 128.07 करोड़ की लागत से खेलकूद सम्बन्धी 06 परियोजनायें पूर्ण करायी गयीं है, जिनमें सिगरा स्पोर्टस स्टेडियम, जिला शूटिंग रेंज स्पोर्टस स्टेडियम, लालपुर में 100 बेड क्षमता के बालक, बालिका छात्रावास पब्लिक पवेलियन आदि मुख्य हैं। पर्यटन विकास से सम्बन्धित 721 करोड़ से अधिक लागत की 30 परियोजनायें पूर्ण करायी गयी हैं जिनमें मुख्य रूप से नमो घाट, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर कारीडोर, सारनाथ में पर्यटन पुर्नविकास, पंचकोसी परिक्रमा यात्रा के पांच पड़ाव का पर्यटन विकास, कैथी में मारकण्डेय महादेव घाट से संगम घाट तक गंगा नदी के किनारे मार्ग, सारनाथ लेजर एण्ड साउण्ड शो, मारकण्डेय महादेव मंदिर, कैथी तथा गंगा घाट, कैथी का विकास, स्वर्वेद ध्यान केन्द्र, रामेश्वर में पर्यटन विकास कार्य, आभासीय अनुभूति संग्रहालय, मान महल, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अन्न क्षेत्र का निर्माण एवं गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक पर्यटन विकास एंव गंगा दर्शन गेस्ट हाउस श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वर्तमान में 900 करोड़ से अधिक लागत की परियोजनायें निर्माणाधीन हैं।

पुलिस वेलफेयर से सम्बन्धित 87 करोड़ की लागत से 17 परियोजनायें पूर्ण करायी गयी हैं इसके अतिरिक्त 44.39 करोड़ की लागत से 04 परियोजनायें प्रगति पर हैं। काशी में 3,01,207 कृषकों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से लाभान्वित किया गया है तथा 16,026 किसानों को किसान ऋण मोचन योजना से लाभान्वित किया गया है। विगत 08 वर्षों में 32,708 व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से लाभान्वित किया गया है तथा 4,930 को मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित किया गया है। जनपद में 2,80,132 व्यक्तिगत शौचालय एवं 694 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। जनपद में 63,229 निराश्रित महिलाओं को पेंशन, 1,19,205 वृद्वजनों को वृद्वावस्था पेंशन एवं 23,343 दिव्यांगजनों को पेंशन दी जा रही है। विगत 8 वर्षों में सामुहिक विवाहों का आयोजन कराकर 5,942 जोड़ों को विवाह कराया गया है। 57,777 बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित कराया गया है। उन्होंने बताया कि 38,848 महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना से लाभान्वित कराया गया है। जनपद में 11,02,734 प्रधानमंत्री जनधन खाते खोले गये हैं। 1,95,551 व्यक्तियों को अटल पेंशन दी जा रही है। जनपद में 11,27,646 व्यक्तियों के आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाये गये हैं। जनपद में 6,05,436 पात्र व्यक्तियों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया है। जनपद में 78,15,373 कु० निःशुल्क राशन वितरण किया गया है। 55,673 व्यक्तियों को पीएम स्वानिधि योजना से लाभान्वित किया गया है। पीएम उज्जवला योजना के अन्तर्गत 1,89,308 व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया है। जनपद में 1,58,736 छात्र/छात्राओं को टेबलेट स्मार्ट फोन वितरित किये गये हैं।

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अन्तर्गत 6,000 व्यक्तियों का लाभान्वित किया गया है। औद्योगिक निवेश के अन्तर्गत 1,33,959 इकाईयां स्थापित कराकर 5,10,434 व्यक्तियों को रोजगार दिया गया है। जनपद में विगत 08 वर्षों में 826.85 किमी0 नई सड़कों का निर्माण कराया गया है। विगत 08 वर्षों में 30 नये डिग्री कालेज एवं 20 नये आईटीआई एवं 31 पालीटेक्निक खोले गये हैं। जनपद में रूद्राक्ष कनवेंशन सेन्टर का निर्माण कराया गया। जनपद में 156.33 किमी की 08 नई ट्रांसमिशन लाइन तैयार की गयी हैं। 34 नवीन पंचायतघर निर्मित कराये गये हैं। विगत 8 वर्षों में 439 आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण कराया गया है। 114 पर्यटन केन्द्रों का विकास कराया गया। 58372.68 करोड़ की लागत के 156 एमओयू गठित किये गये, जिनमें 934.45 करोड़ के 38 एमओयू वर्तमान में धरातल पर गये हैं। ओडीओपी के अन्तर्गत 430.00 करोड़ का निर्यात किया गया है। अभिनव पहल अन्तर्गत सबल काशी, 10 Point Kashi Strategy Against Malnourishment, काशी प्रेरणा कैफे, प्रोजेक्ट विद्या शक्ति एवं स्वस्थ दृष्टि समृद्व काशी आदि उल्लेखनीय कार्य किये गये हैं। जनपद में कराये गये इन सभी कार्यों का समेकित परिणाम यह रहा है कि जहाँ वर्ष 2017 में जनपद का जीडीपी 22586.91 करोड़ था वह अब 43899.75 करोड़ हो गया है, जो लगभग दो गुना है। इसके अतिरिक्त काशी की प्रति व्यक्ति आय भी वर्तमान में बढ़कर 90,028 हो गयी है।

No comments:

Post a Comment