Thursday, 18 June 2026

पत्रकारिता समाज का आईना, सत्य की मशाल कभी बुझनी नहीं चाहिए : डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु'

पत्रकारिता समाज का आईना, सत्य की मशाल कभी बुझनी नहीं चाहिए : डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु'  

पराड़कर स्मृति भवन के गर्दे सभागार एवं कॉन्फ्रेंस हॉल के सुंदरीकरण कार्य का लोकार्पण, बोलेकाशी की पत्रकारिता ने हमेशा जनभावनाओं को स्वर देकर लोकतंत्र को दी नई दिशा

सुरेश गांधी

वाराणसी. पत्रकारिता केवल घटनाओं का संकलन नहीं, बल्कि समाज के अंतर्मन का दर्पण है। सत्य को निर्भीकता से सामने लाने और जनभावनाओं को स्वर देने की परंपरा ही लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखती है। काशी की धरती ने ऐसी ही मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता को जन्म दिया है, जिसने समय-समय पर समाज को दिशा और राष्ट्र को नई चेतना प्रदान की। इसी गौरवशाली परंपरा के प्रतीक पराड़कर स्मृति भवन के गर्दे सभागार एवं कॉन्फ्रेंस हॉल के सुंदरीकरण कार्य का लोकार्पण गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने किया।

अपने विधायक निधि से कराए गए इस कार्य का लोकार्पण करते हुए डॉ. मिश्र ने कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों ने सदैव सत्ता और समाज के बीच सेतु बनकर जनभावनाओं को स्वर दिया है। सत्य की खोज, जनसरोकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण में पत्रकारों की भूमिका सदैव प्रेरणादायी रही है।

उन्होंने कहा कि पराड़कर स्मृति भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि भारतीय पत्रकारिता की उस गौरवशाली विरासत का जीवंत स्मारक है, जिसने अनेक पीढ़ियों को वैचारिक चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। इस धरोहर का संरक्षण और विकास करना समाज के प्रति हम सभी का दायित्व है।

काशी ने मुझे बनाया, इसलिए यह मेरा दायित्व है

भावुक अंदाज में मंत्री ने कहा कि उनका पूरा राजनीतिक और सामाजिक जीवन काशी की मिट्टी से जुड़ा है। छात्र जीवन, शिक्षक जीवन और सार्वजनिक जीवनहर पड़ाव पर काशी ने उन्हें पहचान दी। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब इसी सभागार की बुकिंग कराने तक के लिए संसाधन जुटाने पड़ते थे, लेकिन आज उसी भवन के विकास में योगदान देने का अवसर मिला है। यह उनके लिए सौभाग्य और ईश्वर की कृपा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुंदरीकरण के कुछ कार्य तकनीकी एवं बजटीय कारणों से शेष रह गए हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा कराया जाएगा। "यह मेरा नहीं, समाज का धन है और समाज के हित में ही खर्च होगा।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि भवन की अन्य आवश्यकताओं को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।  

विद्यालय, मंदिर, अस्पताल और पत्रकार भवन भी विकास की प्राथमिकता

डॉ. मिश्र ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका प्रयास केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर उपयोगी संस्थान को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अपनी विधायक निधि से अनेक विद्यालयों में स्टेनलेस स्टील के बड़े वाटर कूलर लगाए गए हैं, सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइटें स्थापित कराई गई हैं तथा मंदिरों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पराड़कर स्मृति भवन भी उनके लिए उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना कोई मंदिर या सार्वजनिक सेवा का केंद्र।

भाजपा में कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि

अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि भाजपा ने एक सामान्य कार्यकर्ता को विधायक और फिर मंत्री बनाकर यह सिद्ध किया है कि इस दल में कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो भी दायित्व मिला है, वह समाज की सेवा के लिए मिला है और वे इसे पूरी निष्ठा से निभाते रहेंगे।

सरकारी सहायता अब पहले से अधिक सरल और त्वरित

उन्होंने कहा कि पहले गंभीर बीमारियों से जूझ रहे गरीब मरीजों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त करना बेहद कठिन था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह प्रक्रिया अत्यंत सरल और तेज हो गई है। अब जरूरतमंदों को कम समय में सहायता उपलब्ध हो रही है, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।

पत्रकारों के हित सरकार की प्राथमिकता

डॉ. मिश्र ने कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में दिन-रात कार्य करते हैं और समाज के सामने सत्य लाने का दायित्व निभाते हैं। सरकार पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील है तथा इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उत्तर प्रदेश सरकार की विकासपरक नीतियों के कारण आज काशी वैश्विक पहचान बना रही है। पराड़कर स्मृति भवन का सुंदरीकरण भी उसी विकास यात्रा का हिस्सा है, जो पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को नई पीढ़ी से जोड़ने का माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री ने संघ को वाटर कूलर उपलब्ध कराने में सहयोग देने वाले मालवीय मार्केट व्यावसायिक संघ के पदाधिकारियों अभिषेक केसरी, विनय अरोड़ा, ऋषि आहूजा एवं गुरमीत सिंह बग्गा को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने तथा आभार ज्ञापन कोषाध्यक्ष जयप्रकाश श्रीवास्तव ने किया। समारोह में संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अत्रि भारद्वाज, पूर्व महामंत्री अखिलेश मिश्र, उपाध्यक्ष सुनील शुक्ला, कैलाश यादव, प्रेस क्लब अध्यक्ष चंदन रुपानी, विनय शंकर सिंह, अजय राय, अश्वनी श्रीवास्तव, सुरेश गांधी, विजय शंकर गुप्ता, शैलेन्द्र भारती, राजेंद्र यादव, सुशील मिश्र, राजेश यादव, डॉ. जिग्नेश कुमार, आशुतोष पांडेय, राजेश सेठ, हरिमोहन श्रीवास्तव 'अन्नू', रवीन्द्र प्रकाश त्रिपाठी, मुन्नालाल साहनी, कौसर अली कुरैशी, मनोज राय, डॉ. रजनीश सिंह, मोहम्मद इमरान, चंद्र प्रकाश मिश्रा, अशफाक सिद्दीकी, दिलीप कुमार, ओंकार तिवारी, रोहित सोनकर, बनारस बार के पूर्व अध्यक्ष धीरेंद्र श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, चंद्रप्रकाश 'चंदू' सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment