▼

Wednesday, 14 October 2026

एयर शो में भीड़ संभालने को बनेगा विशेष प्लान

एयर शो में भीड़ संभालने को बनेगा विशेष प्लान 

पीएम के दौरे की तैयारियों की सीएम योगी ने की समीक्षा, सुरक्षा के साथ ट्रैफिक और पार्किंग पर जोर

नमो घाट से अस्सी तक घाटों की होगी पेंटिंग, एयरपोर्ट से प्रमुख मार्गों तक स्पाइरल लाइटें लगेंगी

सुरेश गांधी

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए क्राउड मैनेजमेंट, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर शो जैसे बड़े आयोजन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों। ट्रैफिक प्रबंधन और रूट डायवर्जन की प्रभावी योजना बनाई जाए। पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्था और दिशा बताने वाले साइनबोर्ड लगाए जाएं। आयोजन स्थलों पर समुचित बैरिकेडिंग के साथ पर्याप्त लाइफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों पर मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश

योगी ने आकस्मिकता की स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पार्किंग स्थलों पर पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए। एयर शो में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा, युवक मंगल दल और स्वयंसेवी संस्थाओं के स्वयंसेवकों को भी जोड़ने पर जोर दिया। त्योहारों और अन्य आयोजनों को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

घाटों से प्रमुख मार्गों तक दिखेगी नई सजावट

मुख्यमंत्री ने नमो घाट से अस्सी घाट तक घाटों की पेंटिंग कराने और शहर में व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। नगर निगम को घाटों की विशेष सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। एयरपोर्ट से शहर के प्रमुख मार्गों तक विद्युत खंभों पर स्पाइरल लाइट लगाने और चौराहों का सुंदरीकरण कराने के निर्देश भी दिए। विकास प्राधिकरण को इन कार्यों को समय से पूरा कराने को कहा।

300 मोबाइल टॉयलेट, 400 वाटर टैंकर की व्यवस्था

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रशासनिक एवं पुलिस तैयारियों की जानकारी दी। सीएमओ एनपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का ब्योरा रखा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों पर सिल्ट सफाई कराई जा रही है। आयोजन के मद्देनजर 300 मोबाइल टॉयलेट, 400 वाटर टैंकर और तीन हजार सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बैठक में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री रविन्द्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. सुनील पटेल, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित जनप्रतिनिधि, एयरफोर्स के अधिकारी और विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment