Friday 27 January 2023

गणतंत्र दिवस पर दिखा पराक्रम संयम सेवा और संकल्प का संगम

गणतंत्र दिवस पर दिखा पराक्रम संयम सेवा और संकल्प का संगम

कोने-कोने में आन, बान, शान से लहराया तिरंगा, सरकारी एवं अर्द्ध सरकारी भवनों सहित सड़क से खेत-खलिहान तक दिखा देशभक्ति का जज्बा

मंत्री रविंद्र जायसवाल पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी

पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित भी किया

राष्ट्र प्रेम, एकता अखंडता का संकल्प

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

कहीं निकला तिरंगा मार्च तो कहीं हुआरन फॉर फन

सुरेश गांधी

वाराणसी। गुरुवार को शहर से लेकर देहात तक में 74वां गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व पूरी आन, बान और शान देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। साथ ही राष्ट्र प्रेम-एकता-अखंडता बरकरार रखने का संकल्प भी लिया। सभी सरकारी, गैर-सरकारी दफ्तरों, प्रतिष्ठानों, स्कूलों, सामाजिक-व्यापारिक संगठनों, क्लबों अन्य संस्थाओं में देशभक्ति के तरानों की गूंज रही।

तिरंगा यात्रा से लेकर देशभक्ति के गीतों के धुन गुनगुनाते नजर आए लोग। खासकर ध्वजारोहण कार्यक्रम में जहां तिरंगा लहराया गया, वहीं लोगों ने जोरदार तरीके से तिरंगे को सैल्यूट कर सम्मान भी किया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की खूब धूम मची। 

स्कूलों में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग कार्यक्रम पेश कर समां बांधा। पूरे जिले में गणतंत्र दिवस के अवसर पर एकता रैलियां निकाली गईं। साथ ही रक्तदान, निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा जैसे सेवा मूलक जनजागरुकता कार्यक्रम भी दिनभर चले। 

सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों ने कर्मचारियों को शपथ दिलाई। जगह-जगह, चौराहा-तिराहा सहित कार्यालय भवन में सुबह से ही बज रहे वीर रस से भरे राष्ट्रगान ने आजादी की पहली सुबह की याद ताजा कराई। 

प्रदेश की स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने पुलिस लाइन मे राष्ट्रीय ध्वज फ़हराया। इस दौरान उन्होंने गुब्बारे आसमान में उड़ाकर शांति का संदेश दिया एवं परेड की सलामी ली।

इससे पूर्व कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने मंडलीय कार्यालय पर, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम कलेक्ट्रेट के प्राचीर पर, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल विकास भवन में ध्वजारोहण किया और स्वतंत्र भारत के एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में धर्म, जाति, क्षेत्र और भाषा के भेदभाव के बिना देश की स्वतंत्रता और सम्मान अक्षुण्ण रखने का शपथ दिलाई। 



मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि देश की आजादी हमारे असंख्य वीर शहीदों के बलिदान स्वरूप मिला है, इसे अक्षुण्ण रखने की जिम्मेदारी हम सभी नागरिकों की है। देश की सुरक्षा करने वाले शहीद सैनिकों को नमन करते हैं। पुलिस के जवान भी हमारी सुरक्षा करते हैं, जो शहीद हुए हैं हम उन सब परिवारों का भी नमन करते हैं। इस अवसर पर मंत्री रविंद्र जायसवाल ने पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित भी किया।

उन्होंने कहा कि हम लोगों के व्यवहार में किसी भी कीमत पर जातिवाद नहीं होना चाहिए, अगर जातिवाद होगा तो हमारा देश कमजोर होगा। वाराणसी के सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विश्व में सबसे आगे जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि ब्रिटेन जो हमारे देश पर ढाई सौ साल तक राज किया, आज उसी को पछाड़कर भारत अर्थव्यवस्था में दुनिया के पांचवें पायदान पर है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे विश्व में भारत का मान सम्मान बढ़ा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि हम लोगों का भी प्रयास करना चाहिए कि अपने व्यवहार और कर्तव्य में हर वह काम हो जिससे भारत और समाज का नाम रोशन हो। 

उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि जो कभी असंभव रहा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प से सिद्धियों के रूप में सदियो पश्चात नव्य भव्य श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बना। इसके लिए उन्होंने काशीवासियों के साथ- साथ जिला प्रशासन का धन्यवाद दिया। 

उन्होंने कहा कि आज नव्य भव्य श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने से रोजाना कई लाख दर्शनार्थी दर्शन के लिए बाबा दरबार आते हैं आज जो काशी में कई लाख लोग दर्शन करने आते हैं और यहाँ की व्यवस्था से किसी को कोई भी कष्ट नहीं हो रहा है।उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में लगभग 05 लाख 50 हजार नियुक्ति सरकारी नौकरियों के लिए हुई है। पहले नियुक्तियां अपने-अपने क्षेत्र के लोगों और भाई भतीजे के लिए होता था।

 इस मौके पर केन्द्रीय विद्यालय, बीएचयू में प्रधानाचार्य दिवाकर सिह ने झंडा फहराया। बच्चों ने ड्रोन कैमरे से तिरंगे को लहराया। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के अलावा सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो हरेराम त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया।

जायसवाल क्लब की ओर से जगतगंज स्थित कार्यालय में गणतंत्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बतौर अतिथि के तौर पर तिरंगा फहराया। क्लब के सदस्यों ने तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्रगान का भी गायन किया। इस मौके पर मुगलसराय के लक्ष्मन जायसवाल, मुबंई के अरविन्द जायसवाल, मुरलीधर जायसवाल, रमेश जायसवाल, नीरज जायसवाल, शरद चंद्र जायसवाल, धर्मेन्द्र जायसवाल, जीतेन्द्र जायसवाल, जीतचंद्र जायसवाल, अजय जायसवाल समेत बड़ी संख्या में स्वजातीय वन्धु उपस्थित थे।

सपा के वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया को योगी ने किया खत्म : पीएम मोदी

सपा के वन डिस्ट्रिक्ट , वन माफिया को योगी ने किया खत्म : पीएम मोदी हिंदुओं को मारकर बहाने की बात करते हैं टीएमसी के न...