Monday, 9 February 2026

बजट में समावेशी विकास की झलक दिखे, तभी मजबूत होगा प्रदेश : सरवर सिद्दीकी

बजट में समावेशी विकास की झलक दिखे, तभी मजबूत होगा प्रदेश : सरवर सिद्दीकी 

अल्पसंख्यक समाज की शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं को प्राथमिकता देने की मांग, डैडम् और महिला सशक्तिकरण पर विशेष फोकस की जरूरत बताई

सुरेश गांधी

वाराणसी. उत्तर प्रदेश के आगामी बजट को लेकर पूर्व अल्पसंख्यक मोर्चा सदस्य सरवर सिद्दीकी ने कहा है कि प्रदेश का बजट केवल आर्थिक प्रबंधन का दस्तावेज नहीं बल्कि सामाजिक समरसता और संतुलित विकास का आधार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है, जो निश्चित रूप से स्वागत योग्य पहल है, लेकिन इस विकास यात्रा में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

सरवर सिद्दीकी ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज विशेषकर शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अभी भी कई चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे में आगामी बजट में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना तथा युवाओं को कौशल विकास योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि यदि अल्पसंख्यक युवाओं को स्टार्टअप और स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ा जाता है तो इससे प्रदेश की आर्थिक प्रगति को भी गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में छोटे व्यापार, कुटीर उद्योग और पारंपरिक व्यवसायों में अल्पसंख्यक समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए सरकार को एमएसएमई सेक्टर के लिए आसान ऋण सुविधा, प्रशिक्षण कार्यक्रम और बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष योजनाएं लागू करनी चाहिए। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

सरवर सिद्दीकी ने महिला सशक्तिकरण योजनाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समाज की महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमिता योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी तरीके से लागू किया जाए ताकि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।

उन्होंने सरकार से यह भी अपेक्षा जताई कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उन क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर किया जाए जहां अल्पसंख्यक आबादी अधिक है। उनका कहना था कि विकास तभी सार्थक माना जाएगा जब समाज का अंतिम व्यक्ति भी उससे लाभान्वित हो।

सरवर सिद्दीकी ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश का आगामी बजट प्रदेश के विकास को नई दिशा दे सकता है, बशर्ते उसमें समावेशी विकास और सामाजिक संतुलन की भावना को प्रमुखता दी जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार ऐसा बजट प्रस्तुत करेगी जो समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर प्रदेश को प्रगति के नए आयाम तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

No comments:

Post a Comment

बजट में समावेशी विकास की झलक दिखे, तभी मजबूत होगा प्रदेश : सरवर सिद्दीकी

बजट में समावेशी विकास की झलक दिखे , तभी मजबूत होगा प्रदेश : सरवर सिद्दीकी  अल्पसंख्यक समाज की शिक्षा , रोजगार और स्वरोजगार...