Tuesday, 17 March 2026

नव संवत्सर 2083 : आस्था, ऊर्जा और नवआरंभ का पावन संदेश

नव संवत्सर 2083 : आस्था, ऊर्जा और नवआरंभ का पावन संदेश 

ब्रह्म मुहूर्त की साधना, हथेलियों के दर्शन और संकल्प की शक्ति से संवरेगा पूरा वर्ष

सुरेश गांधी  

वाराणसी. भारतीय संस्कृति में नववर्ष केवल समय का परिवर्तन नहीं, बल्कि चेतना का पुनर्जागरण है। 19 मार्च  को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के साथ हिंदू नववर्षविक्रम संवत 2083—का शुभारंभ हो रहा है, जिसेरौद्र संवत्सरके नाम से जाना जाएगा। यह अवसर आत्ममंथन, नवसंकल्प और आध्यात्मिक ऊर्जा के संचार का प्रतीक है, जो भारतीय जीवन-दर्शन की गहराई को अभिव्यक्त करता है। नव संवत्सर 2083 हमें यह संदेश देता है कि हर नया वर्ष एक अवसर हैअपने भीतर झांकने का, अपने लक्ष्य तय करने का और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का। यदि इस दिन लिया गया संकल्प दृढ़ हो, तो पूरा वर्ष सफलता, संतुलन और समृद्धि से परिपूर्ण हो सकता है। नववर्ष केवल तिथि नहीं, बल्कि नई दिशा का उद्घोष है।

हिंदू नववर्ष में राजा और मंत्री उस वार के आधार पर निर्धारित किए जाते हैं, जिस दिन से नया संवत आरंभ होता है. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, गुरुवार होने की वजह से इस वर्ष के राजा गुरु बृहस्पति माने जाएंगे. वहीं मंत्री पद मंगल ग्रह को प्राप्त होगा. ग्रहों की ये विशेष स्थिति पूरे वर्ष के घटनाक्रम और वातावरण पर असर डालती है. हिंदू कैलेंडर के अनुसार, नया साल विक्रम संवत 2083 है. इसका नामरौद्रहै. इस साल की शुरुआत उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में होने वाली है. साथ ही हिंदू नववर्ष के दिन शुक्ल योग में मीन लग्न होगा. रौद्र नाम से ही पता चल रहा है कि आने वाले साल में भयंकर उथल-पुथल रहने वाली है.

ब्रह्म मुहूर्त : जहां से शुरू होती है सफलता की यात्रा

नववर्ष का प्रथम प्रभात यदि ब्रह्म मुहूर्त में आरंभ हो, तो यह केवल दिन नहीं, पूरे वर्ष की दिशा तय करता है। प्रातः 4 बजे से 5:30 बजे के बीच का यह समय आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण माना गया है। इस समय किया गया स्नान, ध्यान और पूजन मन को निर्मल कर जीवन में सकारात्मकता का संचार करता है। घर के मंदिर में दीप प्रज्वलित कर भगवान गणेश, विष्णु और मां दुर्गा की आराधना से वर्षभर सुख-समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।

हथेलियों में बसता है ईश्वर का आशीर्वाद

भारतीय परंपरा में दिन की शुरुआत आत्मदर्शन से होती है। प्रातः उठते ही हथेलियों के दर्शन करते हुए उच्चारित श्लोक

कराग्रे वसते लक्ष्मी, करमूले सरस्वती।

करमूले तु गोविंदः, प्रभाते कर दर्शनम्॥

केवल मंत्र नहीं, बल्कि जीवन का दर्शन है। यह हमें स्मरण कराता है कि कर्म, ज्ञान और श्रद्धातीनों का संतुलन ही सफलता की कुंजी है।

🕉मंत्र, ध्यान और मन की शांति

नववर्ष का प्रथम दिन साधना के लिए सर्वोत्तम माना गया है। गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र का जाप केवल आध्यात्मिक बल प्रदान करता है, बल्कि मानसिक स्थिरता और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में यह परंपरा हमें भीतर से सशक्त बनाने का माध्यम है।

स्वच्छता और सजावट: सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश द्वार

भारतीय परंपरा में स्वच्छता को ही आध्यात्मिकता का आधार माना गया है। नववर्ष पर घर की सफाई, रंगोली और तोरण से सजावट केवल परंपरा नहीं, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा को आमंत्रित करने का प्रतीक है। यह संदेश भी देता है कि जीवन में नई शुरुआत के लिए पहले पुराने अव्यवस्था को हटाना आवश्यक है।

चैत्र नवरात्र: शक्ति साधना का आरंभ

इस बार नववर्ष के साथ ही चैत्र नवरात्र की शुरुआत भी 19 मार्च से हो रही है, जो 27 मार्च तक चलेगा। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के ये दिन आत्मबल, संयम और साधना के प्रतीक हैं। विशेष बात यह है कि इस वर्ष अमावस्या और प्रतिपदा का दुर्लभ संयोग बन रहा है, जो लगभग 72 वर्षों बाद आया है। यह संयोग धार्मिक दृष्टि से अत्यंत शुभ माना जा रहा है।

शुभ मुहूर्त और दिव्य योग

इस नववर्ष पर शुक्ल योग, ब्रह्म योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का संगम बन रहा है। यह त्रिवेणी सभी प्रकार के शुभ कार्यों के लिए अत्यंत अनुकूल मानी जाती है। घटस्थापना और स्नान-दान के निर्धारित मुहूर्त इस दिन को और भी पवित्र बना रहे हैं।

ग्रहों का संकेत: संभावनाओं का वर्ष

कुंभ राशि में बने चतुर्ग्रही योग का प्रभाव विशेष रूप से मेष, वृषभ और तुला राशि पर सकारात्मक देखा जा रहा है। यह योग करियर, धन और पारिवारिक जीवन में प्रगति के संकेत दे रहा है। ज्योतिषीय दृष्टि से यह समय अवसरों को पहचानने और उनका लाभ उठाने का है।

नकारात्मकता से मुक्ति का समय

नववर्ष और नवरात्र से पहले घर से टूटी मूर्तियां, बंद घड़ियां, कबाड़ और सूखे पौधों को हटाना केवल वास्तु का नियम नहीं, बल्कि जीवन के अनावश्यक बोझ को त्यागने का प्रतीक है। यह प्रक्रिया हमें सिखाती है कि सकारात्मकता के लिए स्थान खाली करना जरूरी है।

परंपरा में छिपा आधुनिक जीवन का संदेश

हिंदू नववर्ष केवल धार्मिक अनुष्ठानों का पर्व नहीं, बल्कि जीवन प्रबंधन का एक सशक्त सूत्र है। ब्रह्म मुहूर्त में जागना अनुशासन सिखाता है, मंत्र जाप मानसिक संतुलन देता है और स्वच्छता जीवन में व्यवस्था लाती है। आज जब आधुनिक जीवन तनाव और असंतुलन से जूझ रहा है, तब ये परंपराएं हमें संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं।

कैसा रहेगा यह वर्ष?

इस नए हिंदू नववर्ष में आपदाएं सकती हैं. शास्त्रों के अनुसार, रौद्र संवत्सर में बरसात कम होगी. इससे अनाज के दामों में उछाल देखने को मिलेगा. आग लगने की घटनाएं होंगी. आपदाएं आएंगी और राजनैतिक उथल-पुथल देखने को मिलेगी. देशों के बीच हिंसा, विरोध, तनाव बढ़ेगा. हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन सूर्योदय के समय ब्रह्माजी ने सृष्टि की रचना शुरु की थी. मान्यता है कि इसी तिथि से सतयुग की शुरुआत हुई थी. बाद में सम्राट विक्रमादित्य ने अपने राज्य में इसी दिन से नए संवत्सर की गणना शुरू की. पंचांग को उनका ही नाम दिया गया है.

No comments:

Post a Comment

नव संवत्सर 2083 : आस्था, ऊर्जा और नवआरंभ का पावन संदेश

नव संवत्सर 2083 : आस्था , ऊर्जा और नवआरंभ का पावन संदेश  ब्रह्म मुहूर्त की साधना , हथेलियों के दर्शन और संकल्प की शक्ति स...