काशी बनेगी ब्रिक्स संस्कृति संवाद का वैश्विक मंच, तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
4-5 जून को ताज होटल में
जुटेंगे ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि | संस्कृति कार्य समूह की बैठक को लेकर प्रशासन
अलर्ट | काशी की विरासत, आतिथ्य और सांस्कृतिक पहचान दिखाने की तैयारी
सुरेश गांधी
वाराणसी। विश्व मंच पर अपनी सांस्कृतिक पहचान को
और अधिक सशक्त करने की दिशा में काशी एक बार फिर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रही है।
आगामी ब्रिक्स सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित होने वाले संस्कृति कार्य समूह (कल्चर वर्किंग
ग्रुप) की मेजबानी को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार
को कमिश्नरी सभागार में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय
की निदेशक श्रीमती प्रियंका चंद्र की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
की गई, जिसमें कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक में ब्रिक्स देशों से आने वाले प्रतिनिधियों
और अतिथियों के स्वागत से लेकर सुरक्षा, यातायात, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आवागमन, स्वच्छता,
प्रकाश व्यवस्था और आतिथ्य प्रबंधन जैसे विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत मंथन हुआ। अधिकारियों
को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध और समन्वित तरीके से सुनिश्चित की
जाए ताकि किसी प्रकार की असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम
ने कहा कि यह आयोजन केवल एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भर नहीं, बल्कि काशी की समृद्ध सांस्कृतिक
विरासत और उसकी प्राचीन पहचान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर
है। उन्होंने कहा कि दुनिया के विभिन्न देशों के प्रतिनिधि जब काशी आएंगे तो यहां की
आध्यात्मिकता, परंपरा, संस्कृति और आतिथ्य का अनुभव भी अपने साथ लेकर जाएंगे। इसलिए
सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी
करें।
बैठक में अधिकारियों ने आयोजन स्थल से
लेकर अतिथियों की आवाजाही तक की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। नगर निगम
को स्वच्छता और सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि लोक निर्माण विभाग को मार्गों
की स्थिति और मरम्मत कार्यों पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन को सुरक्षा
और यातायात प्रबंधन के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। बताया गया कि
भारत इस वर्ष "लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण" थीम के
तहत ब्रिक्स देशों और सहयोगी देशों की विभिन्न बैठकों का आयोजन कर रहा है। इसी श्रृंखला
के अंतर्गत आगामी 4 और 5 जून को वाराणसी के ताज होटल में ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह
की बैठक आयोजित होगी। सम्मेलन में आने वाले प्रतिनिधियों का आगमन चार अलग-अलग समूहों
में प्रस्तावित है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह आयोजन काशी
के लिए केवल एक कूटनीतिक अवसर नहीं, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय
स्तर पर और मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम साबित हो सकता है। काशी की संगीत परंपरा,
गंगा तट, मंदिर संस्कृति, हस्तशिल्प और प्राचीन विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत
करने का अवसर इस सम्मेलन के जरिए मिलेगा। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर
पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु
नागपाल, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एडीएम सिटी राजेश जी, एडीएम प्रोटोकॉल विनय कुमार,
एडीएम एफआर सदानंद गुप्ता, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी
उपस्थित रहे।
ब्रिक्स सम्मेलन : एक नजर
•
आयोजन: 4-5 जून 2026
•
स्थान: ताज होटल, वाराणसी
•
विषय: संस्कृति कार्य समूह (Culture Working Group)
•
थीम: लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण
• प्रतिनिधि: ब्राजील, चीन, भारत, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया, रूस, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात समेत सहयोगी देश..

No comments:
Post a Comment