Wednesday, 9 September 2026

बेटी की सुरक्षा में सेंध तो जेल या जहन्नुम योगी

बेटी की सुरक्षा में सेंध तो जेल या जहन्नुम : योगी 

बाबतपुर में कामकाजी महिलाओं के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री का सख्त संदेश—‘तीसरा कोई रास्ता नहीं

सुरेश गांधी  

वाराणसी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बाबतपुर-पिंडरा स्थित आशा एजुकेशन ग्रुप परिसर में कामकाजी महिला सम्मान समारोह में कहा कि बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम जाने के अलावा कोई तीसरा रास्ता नहीं होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन शक्ति ने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत आधार दिया है। पुलिस में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। 2017 से पहले प्रदेश पुलिस में करीब 10 हजार महिलाएं थीं, अब यह संख्या लगभग 45 हजार हो गई है। महिला सशक्तीकरण के तहत पीएसी की तीन महिला बटालियनों का नाम रानी अवंतीबाई लोधी, ऊदा देवी और झलकारी बाई के नाम पर रखा गया है।

सम्मान से आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता से शक्ति

योगी ने कहा कि आधी आबादी को सम्मान और उनके योगदान का एहसास कराने वाले ऐसे आयोजन जरूरी हैं। सरकार महिला सुरक्षा से आगे बढ़कर उनके सम्मान, शिक्षा और आर्थिक स्वावलंबन पर भी काम कर रही है। स्वयं सहायता समूहों से करीब 28 लाख महिलाएं आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। बीसी सखी और ड्रोन दीदी जैसी पहल महिलाओं को नई जिम्मेदारियां और रोजगार के अवसर दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पूंजी के अभाव में अब किसी महिला का सपना अधूरा नहीं रहेगा। बेटियों की शिक्षा के लिए अटल आवासीय विद्यालयों में आधी सीटें आरक्षित हैं, जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के माध्यम से भी उन्हें आगे बढ़ाया जा रहा है। मेधावी छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का लाभ देने की बात भी उन्होंने कही।

योजनाओं का लाभ जमीन तक पहुंचा

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, उज्ज्वला, शौचालय, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला, सामूहिक विवाह और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक-सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पहचान में बदलने का काम हो रहा है। काशी में करीब एक लाख करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं। बेहतर सड़क, पुल, फ्लाईओवर, हाईवे, एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे से आर्थिक गतिविधियों और रोजगार को गति मिल रही है।

आंगनबाड़ी से आशा वर्कर तक सम्मान

समारोह में मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रसोइयों, सफाई मित्रों, आशा वर्करों समेत कामकाजी महिलाओं को सम्मानित किया। मंच पर पहुंचते ही महिलाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट और गुलाब की पंखुड़ियों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

No comments:

Post a Comment

बेटी की सुरक्षा में सेंध तो जेल या जहन्नुम योगी

बेटी की सुरक्षा में सेंध तो जेल या जहन्नुम : योगी  बाबतपुर में कामकाजी महिलाओं के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री का सख्त...