Monday, 26 October 2026

मोदी के पिता पर टिप्पणी से भड़की भाजपा, काशी में खड़गे-राहुल के पुतले फूंके

मोदी के पिता पर टिप्पणी से भड़की भाजपा, काशी में खड़गे-राहुल के पुतले फूंके 

कचहरी स्थित जिला मुख्यालय पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग

जगदीश पटेल की मौजूदगी में उतरे भाजपाई, मंत्रियों, महापौर और विधायकों ने खोला मोर्चा; सड़क से संसद तक विरोध की चेतावनी

सुरेश गांधी

वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अमर्यादित टिप्पणी पर काशी में भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सोमवार को कचहरी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के पुतले फूंककर विरोध जताया। भाजपा नेताओं ने इसे राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक माफी की मांग की।

प्रदर्शन में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, राज्य सरकार के मंत्रियों, महापौर और विधायकों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। युवा, महिला और अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध की आड़ में व्यक्तिगत टिप्पणियां करना लोकतांत्रिक संवाद की मर्यादा के खिलाफ है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री के फैसलों की आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन व्यक्तिगत आक्षेपों को राजनीतिक विरोध का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। भाजपा ने टिप्पणी पर कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा और चेतावनी दी कि सार्वजनिक माफी नहीं मिलने पर विरोध का सिलसिला जारी रहेगा।

विचारों से हो मुकाबला, भाषा से नहीं : जगदीश पटेल

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन इसकी आड़ में मर्यादा लांघना स्वीकार्य नहीं हो सकता। राजनीतिक लड़ाई विचारों, तथ्यों और तर्कों के आधार पर होनी चाहिए। ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए, जिससे सार्वजनिक संवाद का स्तर गिरे। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से टिप्पणी पर अपना पक्ष स्पष्ट करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कांग्रेस पर राजनीतिक मर्यादा भूलने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस तरह की टिप्पणियों पर चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने सड़क से संसद तक विरोध जारी रखने की चेतावनी दी।

प्रधानमंत्री के सम्मान का सवाल : रविंद्र जायसवाल

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के सम्मान का प्रश्न करोड़ों देशवासियों की भावनाओं से जुड़ा है। प्रधानमंत्री की नीतियों और नेतृत्व का विरोध तथ्यों के आधार पर होना चाहिए। व्यक्तिगत टिप्पणियों से राजनीतिक विमर्श को दूषित करना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही तय करने और सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर बार-बार अमर्यादित टिप्पणियां करते हैं। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के पास विकास और जनकल्याण जैसे मुद्दों पर ठोस बहस नहीं रह जाती, तब वह व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेता है। उन्होंने कहा कि जनता राजनीतिक दलों के आचरण पर नजर रखती है और समय आने पर अपना फैसला सुनाती है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा राजनीतिक संस्कारों की पहचान होती है। लोकतंत्र में स्वस्थ बहस की परंपरा मजबूत होनी चाहिए। व्यक्तिगत टिप्पणियों से राजनीतिक कटुता बढ़ती है और जनसंवाद प्रभावित होता है। विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि राजनीतिक दलों को सरकार की नीतियों का विरोध तथ्यों और तर्कों के आधार पर करना चाहिए। असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन अमर्यादित भाषा किसी तर्क को मजबूत नहीं करती। विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी पर कांग्रेस नेतृत्व को स्पष्टीकरण देना चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की भाषा में संयम और जवाबदेही होनी चाहिए। मजबूत विपक्ष की पहचान तथ्यपरक आलोचना से होती है, विवादित शब्दों से नहीं।

ये रहे मौजूद

प्रदर्शन में पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय, अनूप जायसवाल, जगदीश त्रिपाठी, शैलेश राम, रजनीश कनौजिया, मधुकर चित्रांश, नवीन कपूर, पूजा दीक्षित, शैलेंद्र मिश्रा, अशोक जाटव, राहुल सिंह, चंद्रशेखर उपाध्याय, जगन्नाथ ओझा, प्रज्ञा पाण्डेय, प्रमिल पाण्डेय, सत्येंद्र सिंह, नेहा कक्कड़, शोभनाथ मौर्य, मनोज सोनकर, विवेक पाण्डेय, राकेश जायसवाल, सपना सिंह, योगेश सिंह ‘पिंकू’, साधना वेदांती, विभव सिंह, अनुराग शर्मा, मधुप सिंह और हीरा यादव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

मोदी के पिता पर टिप्पणी से भड़की भाजपा, काशी में खड़गे-राहुल के पुतले फूंके

मोदी के पिता पर टिप्पणी से भड़की भाजपा , काशी में खड़गे - राहुल के पुतले फूंके  कचहरी स्थित जिला मुख्यालय पर भाजपा का श...