Wednesday, 21 October 2026

हर-हर महादेव के उद्घोष, डमरुओं की थाप और पुष्पवर्षा से होगा पीएम मोदी का अभिनंदन

हर-हर महादेव के उद्घोष, डमरुओं की थाप और पुष्पवर्षा से होगा पीएम मोदी का अभिनंदन 

पुलिस लाइन से नमोघाट तक सजेगा स्वागत का गलियारा, 11 स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारी

25 अक्टूबर को गंगा के ऊपर एयर शो में शामिल होंगे प्रधानमंत्री • भाजपा ने काशी के धार्मिक-सांस्कृतिक रंग में स्वागत मार्ग को सजाने की बनाई रणनीति

सुरेश गांधी 

वाराणसी। गंगा की लहरों के ऊपर भारतीय वायुसेना के शौर्य का प्रदर्शन और सड़कों पर काशी की आस्था का उत्सव। आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना के बीच शहर की सड़कों पर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जयश्रीराम’ के उद्घोष गूंजेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को वाराणसी आगमन पर भारतीय जनता पार्टी ने उनके स्वागत को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी की है। पुलिस लाइन से नमोघाट तक स्वागत केंद्रों पर ढोल-नगाड़ों की थाप, डमरुओं की गूंज, शंखनाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया जाएगा। मार्ग पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने की योजना है।

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के नेतृत्व में स्वागत की रणनीति तैयार की गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग स्थानों पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा की योजना है कि प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से गुजरने के दौरान स्वागत स्थलों पर कार्यकर्ता और काशीवासी मौजूद रहें। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए स्वागत को उत्सव का रूप दिया जाएगा।

एयरपोर्ट से मिर्जामुराद, फिर नमोघाट पहुंचेंगे पीएम

अशोक चौरसिया के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को पूर्वाह्न करीब 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद जाएंगे और अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से नमोघाट जाएंगे और गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमोघाट तक प्रमुख चौराहों और मार्गों पर व्यवस्था की गई है। स्वागत केंद्रों पर पुष्पवर्षा के साथ ढोल-नगाड़े, डमरू दल, शंखनाद और सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर स्वागत कार्यक्रम को व्यवस्थित और भव्य बनाएं।

इन 11 स्थानों पर स्वागत की तैयारी

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष के अनुसार, प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन मुख्य द्वार, पुलिस लाइन चौराहा, खजूरी-मकबूल आलम रोड पर यस बैंक के सामने, हुकुलगंज तिरमुहानी, चौकाघाट लकड़ी मंडी, सिटी स्टेशन के सामने, गोलगड्डा चौराहा रेलवे अंडरपास, भदऊं चुंगी, रेलवे पुल से पहले, नमोघाट जाने वाली ढलान और नमोघाट मोड़ स्थित सीएनजी स्टेशन के सामने स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। नमोघाट पर भी विशेष स्वागत व्यवस्था रहेगी। इन केंद्रों पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ काशीवासियों की भागीदारी से प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया जाएगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से काशी की परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और लोक-संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने की तैयारी है।

दोपहर दो बजे समाप्त होगा एयर शो, फिर दिल्ली रवाना होंगे पीएम

अशोक चौरसिया के मुताबिक, नमोघाट पर आयोजित एयर शो दोपहर करीब दो बजे समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे और विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा ने स्वागत तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी की कोशिश है कि वायुसेना के रोमांचक प्रदर्शन के साथ काशी की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक वैभव का भी भव्य दृश्य सामने आए।

No comments:

Post a Comment

हर-हर महादेव के उद्घोष, डमरुओं की थाप और पुष्पवर्षा से होगा पीएम मोदी का अभिनंदन

हर - हर महादेव के उद्घोष , डमरुओं की थाप और पुष्पवर्षा से होगा पीएम मोदी का अभिनंदन  पुलिस लाइन से नमोघाट तक सजेगा स्वा...