Thursday, 12 November 2026

गंगा की गोद में होगा कालियामर्दन, तुलसी घाट पर साकार होगी द्वापर की दास्तां

गंगा की गोद में होगा कालियामर्दन, तुलसी घाट पर साकार होगी द्वापर की दास्तां...

काशी में साढ़े चार सौ वर्षों से जीवंत है नाग नथैया की अनूठी परंपरा, कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगाकर बालकृष्ण देंगे दर्शन; 4:40 बजे गूंजेगा जयकारा, लाखों श्रद्धालु बनेंगे साक्षी

सुरेश गांधी

वाराणसी। काशी की सांझ जब गोधूली के रंग में रंगती है, गंगा की लहरें जब आस्था की थाप पर थिरकने लगती हैं और तुलसी घाट का हर कोना राधे-कृष्ण के जयघोष से भर उठता है, तब लगता है मानो वृंदावन स्वयं काशी की धरती पर उतर आया हो। यहां यमुना कहीं बाहर नहीं बहती, मां गंगा ही कालिंदी का रूप धर लेती हैं। कदंब की डाल से एक बालक छलांग लगाता है और कुछ ही क्षणों में कालिया नाग के विशाल फन पर बांसुरी बजाते हुए प्रकट होता है। यह कोई रंगमंचीय दृश्य नहीं, बल्कि आस्था के महासागर में सदियों से जीवंत होती आ रही काशी की अनूठी परंपरा नाग नथैया लीला है। शुक्रवार को तुलसी घाट एक बार फिर इसी अलौकिक दृश्य का साक्षी बनेगा। करीब पांच शताब्दियों से चली आ रही इस लीला में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। दोपहर से ही घाट की सीढ़ियों, छतों, बारजों और गंगा की गोद में खड़ी नावों पर आस्थावानों का जमघट लगने लगेगा। लेकिन सबकी निगाहें शाम 4:40 बजे पर टिकी होंगी, जब नटखट कान्हा कदंब की डाल से गंगा रूपी यमुना में छलांग लगाएंगे।

तुलसीदास ने काशी को दिया कृष्णलीला का उपहार

इस परंपरा की जड़ें संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास से जुड़ी हैं। मान्यता है कि 1608 से 1611 के बीच तुलसीदास ने तुलसी घाट पर श्रीकृष्ण के कालियामर्दन प्रसंग को जीवंत करने की परंपरा शुरू की। रामभक्ति की अविरल धारा के बीच उन्होंने काशीवासियों को कृष्ण की बाल लीलाओं से भी जोड़ने का प्रयास किया। शुरुआत में श्रीमद्भागवत कथा इसका आधार बनी। बाद में 18वीं शताब्दी में ब्रज के संत ब्रजवासीदास के रचित 'ब्रज विलास' के आधार पर झांझ-मृदंग और पद-गायन के साथ इसके मंचन की विशिष्ट शैली विकसित हुई। तभी से यह लीला काशी की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बनी हुई है। मुगलकाल में भी इस परंपरा की लौ बुझी नहीं। जनश्रुति है कि बादशाह अकबर भी इस लीला को देखने पहुंचे थे। बदलते समय, सत्ता और पीढ़ियों के बावजूद तुलसी घाट पर इसका मंचन निरंतर होता रहा। संकट मोचन मंदिर का महंत परिवार इस विरासत को आगे बढ़ा रहा है। महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र के नेतृत्व में आज भी आयोजन की परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है।

पांच मिनट का इंतजार, फिर कालिया के फन पर कान्हा

लीला का दृश्य जितना सहज दिखाई देता है, उसके पीछे उतनी ही सूक्ष्म तैयारी और जोखिम भरी व्यवस्था होती है। शाम को ब्रजविलास के पदों का गायन शुरू होता है। सखाओं के साथ गेंद खेलते नटवर नागर की गेंद गंगा में जा गिरती है। फिर वही स्वर वातावरण में गूंजता है— 'यह कहि नटवर मदन गोपाला, कूद परे जल में नंदलाला...' इसके साथ ही बालकृष्ण का स्वरूप धारण किए किशोर कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगा देता है। कुछ पल के लिए घाट पर सन्नाटा पसर जाता है। हजारों आंखें गंगा की लहरों पर टिक जाती हैं। फिर पीपे के भीतर बनाई गई विशेष व्यवस्था और विशेषज्ञ तैराकों की मदद से बाल स्वरूप कालिया नाग के विशाल फन पर विराजमान होकर बाहर आता है। हाथों में बांसुरी, चेहरे पर बालसुलभ मुस्कान और फन पर थिरकते चरण। दरअसल, गंगा की गोद में पहले से विशेष रूप से तैयार किए गए पीपे के भीतर एक प्रशिक्षित और बलशाली युवक मौजूद रहता है। बालकृष्ण के पानी में छलांग लगाते ही वह उन्हें अपने साथ पीपे के भीतर लेता है और वहां स्थापित कालिया नाग के विशाल फन पर खड़ा करता है। इसके बाद बाल स्वरूप उसी फन पर विराजमान होकर बांसुरी बजाते हुए बाहर प्रकट होता है। यह पूरा दृश्य इतना सहज और जीवंत दिखाई देता है कि दर्शकों की आंखें खुली की खुली रह जाती हैं। पांच मिनट पहले गंगा की लहरों में समाया बालक जब कालिया के फन पर बांसुरी बजाते हुए सामने आता है तो तुलसी घाट जय श्रीकृष्ण और हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठता है। इस लीला को देखने का सबसे बड़ा रोमांच यही है कि दर्शकों के सामने छलांग और फिर फन पर विराजमान कान्हा का प्राकट्य दोनों होते हैं, लेकिन पानी के भीतर की प्रक्रिया उनकी आंखों से ओझल रहती है। यही अंतराल इस आयोजन को सामान्य मंचन से अलग पहचान देता है। बस, इसी एक दृश्य के साथ पूरा तुलसी घाट जय श्रीकृष्ण और हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठता है। घंट-घड़ियाल, शंखनाद, डमरुओं की थाप और महताबी की रोशनी के बीच भगवान की आरती उतारी जाती है। श्रद्धालु इस क्षण को कैमरों में कैद करने के साथ अपनी स्मृतियों में भी संजो लेते हैं। काशी नरेश अनंत नारायण सिंह भी परंपरानुसार बजड़े से लीला के दर्शन करते हैं। गंगा की लहरों पर तैरती नावें, घाटों पर उमड़ता जनसमुद्र और आकाश में गूंजता जयघोष इस दृश्य को अद्वितीय बना देता है।

यहां श्रीकृष्ण का स्वरूप चुनना भी परंपरा का हिस्सा

नाग नथैया की एक खास विशेषता यह भी है कि श्रीकृष्ण का स्वरूप धारण करने वाले किशोर का चयन अत्यंत गोपनीय तरीके से किया जाता है। संकट मोचन मंदिर के महंत और व्यास जी चयन प्रक्रिया पूरी करते हैं। इसके लिए किशोरों को अभ्यास कराया जाता है और उनकी क्षमता परखी जाती है। लीला शुरू होने से कुछ समय पहले ही श्रीकृष्ण बनने वाले बालक के नाम की घोषणा होती है। महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र स्वयं भी 1983 में पहली बार श्रीकृष्ण का स्वरूप धारण कर चुके हैं। उनके पुत्र पुष्कर मिश्र भी सात बार कान्हा बनकर इस लीला का हिस्सा रह चुके हैं।

कालिया के दर्प में छिपा आज की नदियों का दर्द

इस लीला का महत्व केवल पौराणिक प्रसंग के पुनर्जीवन तक सीमित नहीं है। द्वापर में कालिया नाग के विष से यमुना का जल दूषित हो गया था। भगवान श्रीकृष्ण ने उसका दमन कर ब्रजवासियों को भय और विषाक्तता से मुक्ति दिलाई थी। आज जब नदियां औद्योगिक अपशिष्ट, सीवर और प्रदूषण की चुनौती से जूझ रही हैं, तब कालियामर्दन का यह प्रसंग एक नई प्रासंगिकता के साथ सामने आता है। कालिया नाग का फन मानो आज भी नदियों को जहरीला बनाने वाली प्रवृत्तियों का प्रतीक बनकर खड़ा है और कान्हा का नृत्य स्वच्छ जल, निर्मल धारा तथा प्रकृति के संरक्षण का संदेश देता है। महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र भी इस लीला को केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान की कृपा से जीवंत बनी परंपरा मानते हैं। उनके अनुसार, गंगा में बाल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए इस दृश्य को साकार करना चुनौतीपूर्ण है। पीपे के भीतर विशेष संजाल और अन्य व्यवस्थाएं विशेषज्ञों की निगरानी में की जाती हैं। काशी की विशेषता यही है कि यहां परंपराएं केवल पुस्तकों में दर्ज होकर नहीं रह जातीं, बल्कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी जी जाती हैं। तुलसी घाट की नाग नथैया इसका जीवंत प्रमाण है। यहां गंगा में उतरता बालकृष्ण केवल कालिया का दर्प नहीं तोड़ता, बल्कि मनुष्य को यह भी याद दिलाता है कि आस्था का वास्तविक अर्थ जीवन, प्रकृति और लोककल्याण की रक्षा है। शुक्रवार को जब गंगा की लहरों पर कान्हा बांसुरी बजाते प्रकट होंगे, तब काशी एक बार फिर देखेगी कि सदियां बदल सकती हैं, लेकिन उसकी आस्था का रंग कभी फीका नहीं पड़ता।

No comments:

Post a Comment

गंगा की गोद में होगा कालियामर्दन, तुलसी घाट पर साकार होगी द्वापर की दास्तां

गंगा की गोद में होगा कालियामर्दन, तुलसी घाट पर साकार होगी द्वापर की दास्तां... काशी में साढ़े चार सौ वर्षों से जीवंत है नाग नथैय...