Friday, 13 November 2026

कालिंदी में कूदे यशोदानंदन, कालिया का दर्प तोड़ फन पर बजाई मुरलिया

तुलसीघाट पर उतरा वृंदावन, कालिया के दर्प का हुआ मर्दन 

जब गंगा की लहरों पर उतर आया वृंदावन... और हम द्वापर के साक्षी बन गए!

नाग नथैया की वह शाम, जब तुलसीघाट से नहीं, गंगा की मझधार में काशी नरेश के बजड़े के करीब से देखी कान्हा की जीवंत लीला; पांच शताब्दियों की परंपरा, आस्था का आवेग और कैमरे में कैद होते अलौकिक पल

सुरेश गांधी

कुछ दृश्य आंखों से देखे जाते हैं, कुछ कैमरे में कैद होते हैं और कुछ ऐसे होते हैं, जो सीधे मन के भीतर उतरकर हमेशा के लिए स्मृतियों का हिस्सा बन जाते हैं। शुक्रवार की शाम काशी के तुलसीघाट पर नाग नथैया की लीला ऐसा ही एक अनुभव बन गई। सच कहूं तो इस बार नाग नथैया को केवल देखा नहीं, बल्कि जिया। हर वर्ष की तरह इस बार भी गंगा किनारे आस्था का अथाह सैलाब था, जय श्रीकृष्ण और हर-हर महादेव के उद्घोष थे, कदंब की डाल थी और कालिया नाग का विशाल फन। लेकिन इस बार अनुभव बिल्कुलअलग था। फर्क सिर्फ इतना था कि अब तक जिस लीला को तुलसीघाट के इस पार से निहारा था, इस बार उसी गंगा की मझधार में पहुंचकर उसके साक्षात रोमांच का हिस्सा बनने का अवसर मिला।

पत्रकारिता में वर्षों तक घटनाओं को कैमरे और शब्दों के जरिये दर्ज किया। अनेक पर्व, उत्सव, धार्मिक आयोजन और ऐतिहासिक क्षण देखे। लेकिन कुछ अनुभव ऐसे होते हैं, जिनके सामने शब्द भी अपनी सामर्थ्य खोने लगते हैं। नाग नथैया की यह शाम भी कुछ ऐसी ही थी। आमतौर पर तुलसीघाट की सीढ़ियों या सामने के किसी घाट से इस लीला का दर्शन करता रहा हूं। वहां से पूरा दृश्य एक साथ दिखाई देता है। कदंब की डाल पर चढ़ते कान्हा, गंगा में छलांग और फिर कालिया नाग के फन पर बांसुरी बजाते नंदलाल। मगर इस बार दृश्य के सामने नहीं, उसके बिल्कुल करीब पहुंचने की उत्सुकता थी। गंगा की लहरों पर नाव से आगे बढ़ते हुए जैसे-जैसे तुलसीघाट पीछे छूटता गया, मन में रोमांच बढ़ता गया। सामने गंगा की विशाल जलराशि, चारों ओर नावों और बजड़ों की कतारें और बीच मझधार में काशी नरेश का पारंपरिक बजड़ा। वहीं पहुंचकर इस ऐतिहासिक लीला को देखने का अवसर मिला। यह वही स्थान था, जहां से काशी की राजपरंपरा इस लीला की साक्षी बनती है। काशी नरेश के वंशज कुंवर अनंत नारायण सिंह अपने परिवार के साथ इसी परंपरागत बजड़े पर विराजमान थे। इस बार गंगा के बीच से तुलसीघाट को देखने का अनुभव ही अलग था। घाट की सीढ़ियां, अटारियां, छतें, मंदिरों के शिखर और श्रद्धालुओं से भरी नावें एक विशाल जीवंत चित्र की तरह सामने थीं। लगा, जैसे किसी ने सदियों पुराने ब्रज को उठाकर काशी की गंगा में सजा दिया हो।

एक ओर काशी नरेश का बजड़ा, दूसरी ओर आस्था का अथाह समुद्र

बजड़े पर पहुंचने के बाद चारों ओर निगाह दौड़ाई तो गंगा का विस्तार भी मानो इस आयोजन के लिए छोटा पड़ता दिखाई दिया। कहीं नावों पर बैठे श्रद्धालु, कहीं बजड़ों पर उमड़ा जनसमूह तो कहीं घाट की सीढ़ियों पर तिल रखने तक की जगह नहीं। हर चेहरे पर प्रतीक्षा, हर आंख में उत्सुकता और हर मन में बस एक ही अभिलाषा—किसी तरह कान्हा की वह अद्भुत छवि आंखों में उतर जाए। इस बीच साथियों का स्नेह और सहयोग भी इस अनुभव को यादगार बना रहा। वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट चंदन रुपानी जी का विशेष सहयोग रहा। उनके साथ शंकर चतुर्वेदी जी, संजय गुप्ता जी, उत्तम जी, रोहित जी, संतोष जी, राजेश जी और अन्य साथियों की मौजूदगी ने इस यात्रा को आत्मीय बना दिया। पत्रकारिता के साथी जब किसी दृश्य को केवल खबर की दृष्टि से नहीं, बल्कि उसके सांस्कृतिक और भावनात्मक महत्व के साथ देखते हैं, तो अनुभव की गहराई और बढ़ जाती है। कैमरों के लेंस बार-बार उस ओर घूम रहे थे, जहां कुछ ही देर में पांच शताब्दियों पुरानी परंपरा अपने सबसे रोमांचकारी क्षण में प्रवेश करने वाली थी।

लीला नायक बालकृष्ण के साथ एक तस्वीर...

और स्मृतियों में उतर गया कान्हा का बालरूप

लीला के आरंभ से पहले एक ऐसा क्षण भी आया, जिसने इस शाम को और निजी बना दिया। बाल स्वरूप में श्रीकृष्ण की भूमिका निभा रहे लीला नायक से मिलने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने का अवसर मिला। कान्हा के रूप में सजे उस बालक के चेहरे पर बालसुलभ सहजता थी। उनके साथ तस्वीर ली, सेल्फी भी खींची। उस समय शायद यह अहसास नहीं था कि कुछ ही देर बाद यही बालक कदंब की डाल से गंगा की लहरों में छलांग लगाकर लाखों लोगों की सांसें थाम देगा। पत्रकार का मन स्वाभाविक रूप से दृश्य के हर पहलू को दर्ज करना चाहता है, लेकिन उस क्षण भीतर का श्रद्धालु भी उतना ही सक्रिय था। एक ओर कैमरा था, दूसरी ओर आस्था। एक ओर खबर के लिए जरूरी दृश्य थे, दूसरी ओर उस दृश्य को अपने भीतर सहेज लेने की चाह।

'यह कहि नटवर मदन गोपाला...' और गंगा में कूद पड़े नंदलाल

शाम ढलने लगी। गोधूलि बेला ने वातावरण को एक अलग ही रंग दे दिया। ग्वाल-बालों के साथ श्रीकृष्ण की गेंद खेलने की लीला शुरू हुई। खेलते-खेलते गेंद गंगा रूपी यमुना में जा गिरी। सुदामा की गेंद निकालने की बात आई तो कान्हा को कालिया नाग के विषैले जल का भय दिखाकर रोकने का प्रयास हुआ। लेकिन कालिया के आतंक से यमुना को मुक्त कराने का संकल्प लिए नंदलाल कदंब की डाल पर चढ़ गए। फिर वह क्षण आया, जिसका इंतजार पूरा तुलसीघाट कर रहा था। कदंब की डाल पर खड़े कान्हा ने पहले चारों ओर दर्शन दिए। मुरली की तान गूंजी। ब्रजविलास का स्वर उठा—    'यह कहि नटवर मदन गोपाला, कूद परे जल में नंदलाला...' और देखते ही देखते कान्हा ने गंगा की जलराशि में छलांग लगा दी। यह दृश्य गंगा के बीच से देखना एक बिल्कुल अलग अनुभूति थी। अब तक घाट से देखने पर छलांग एक दृश्य भर लगती थी, लेकिन इस बार पानी के इतने करीब से उस क्षण को देखना ऐसा था, मानो हम स्वयं द्वापर युग की किसी लीला के बीच खड़े हों। आसपास बैठे श्रद्धालुओं की आंखें जलराशि पर टिकी थीं। किसी के हाथ जुड़े थे तो कोई कैमरा संभाल रहा था। कुछ क्षणों के लिए गंगा की लहरों और लाखों निगाहों के बीच एक अद्भुत मौन पसर गया।

दो मिनट के भीतर जलराशि से प्रकट हुए कालिया के फन पर विराजे कान्हा

कान्हा के जल में समाते ही प्रतीक्षा का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। पीपे के भीतर तैयार विशेष व्यवस्था, कालिया नाग की प्रतिकृति और विशेषज्ञ तैराकों की सहायता से लीला का अगला दृश्य साकार होने लगा। पानी के भीतर बालकृष्ण का कालिया नाग के फन तक पहुंचना और फिर अचानक उसके ऊपर प्रकट होना इस लीला का सबसे अनूठा कौशल है। इस बार हमारी निगाहें उस स्थान पर बिल्कुल करीब से टिकी थीं। करीब दो मिनट के भीतर जलराशि से कान्हा के प्रकट होने का वह क्षण आया, जिसने देखते ही देखते पूरे वातावरण को जयकारों से भर दिया। कालिया नाग के विशाल फन पर खड़े नंदलाल, चेहरे पर वही अलौकिक मुस्कान, हाथों में मुरली और चारों ओर उमड़ता श्रद्धा का समुद्र! लगा, जैसे किसी चित्रकार ने भागवत की कथा का सबसे सुंदर चित्र जलराशि पर उतार दिया हो.

काशी के घाटों पर गूंज उठा—जय श्रीकृष्ण!

बांके बिहारी लाल की जय! हर-हर महादेव!

गंगा की लहरों पर खड़े होकर यह दृश्य देखना सचमुच अविस्मरणीय था। इस बार कैमरे ने केवल तस्वीरें नहीं खींचीं, बल्कि उन क्षणों को सहेजने का प्रयास किया, जिनमें आस्था, रोमांच, परंपरा और कौशल एक साथ उपस्थित थे। काशी नरेश के बजड़े के आसपास से लीला को देखने का अवसर इस अनुभव को और विशिष्ट बना गया।

काशी में वृंदावन की अनुभूति, परंपरा में आधुनिकता का अद्भुत कौशल

नाग नथैया की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां लीला केवल अभिनय नहीं है। इसमें लोकजीवन, धार्मिक विश्वास, पीढ़ियों का समर्पण और अद्भुत तकनीकी कौशल एक साथ दिखाई देते हैं। कदंब की डाल से छलांग लगाने वाला बालक, जल के भीतर पीपे की विशेष व्यवस्था, कालिया नाग की विशाल प्रतिकृति और फिर फन पर बांसुरी बजाते कान्हा का प्रकट होना—इन सबके पीछे वर्षों का अनुभव और समर्पण है। इस लीला में कुछ क्षण ऐसे भी होते हैं, जब दर्शक भूल जाते हैं कि वे किसी आयोजन के साक्षी हैं। उन्हें लगता है कि जो प्रसंग वे देख रहे हैं, वह सचमुच उनकी आंखों के सामने घटितहो रहा है। शायद यही जीवंत परंपरा की सबसे बड़ी उपलब्धि है। गोस्वामी तुलसीदास अखाड़ा के अध्यक्ष एवं संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र की मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण की इस तरह की जल लीला का ऐसा जीवंत स्वरूप दुनिया में कहीं और देखने को नहीं मिलता। तुलसीदास जी से जुड़ी इस परंपरा का पांच शताब्दियों से अधिक समय से अनवरत निर्वहन अपने आप में काशी की सांस्कृतिक चेतना का प्रमाण है।

कालिया नाग तो द्वापर में था, आज उसकी पहचान बदल गई है

इस पूरी लीला को देखने के बाद मन में एक सवाल भी देर तक गूंजता रहा। क्या कालिया नाग का दमन केवल एक पौराणिक प्रसंग है? या इसके भीतर आज के समय के लिए भी कोई संदेश छिपा है? यमुना को विषैला करने वाले कालिया नाग का दमन कर श्रीकृष्ण ने नदी को उसके आतंक से मुक्त कराया था। आज गंगा और दूसरी नदियों में गिरते नाले, औद्योगिक अपशिष्ट और प्रदूषण के स्रोत उसी आधुनिक कालिया के प्रतीक नहीं तो और क्या हैं? आस्था के इस विराट आयोजन के बीच पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश और भी गहरा हो जाता है। जिस नदी की गोद में हम अपने आराध्य की लीला का दर्शन करते हैं, उसी नदी को स्वच्छ रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।

कुछ तस्वीरें कैमरे में, कुछ हमेशा के लिए मन में...

शाम धीरे-धीरे ढल रही थी। बजड़े पर साथियों के बीच चर्चा, कैमरों में कैद तस्वीरें, मोबाइल में दर्ज सेल्फी और आंखों में तैरता कान्हा का वह दृश्य। लौटते समय बार-बार पीछे मुड़कर तुलसीघाट को देखने का मन हो रहा था। गंगा की लहरें अब भी वैसी ही थीं, लेकिन उनके प्रति देखने का नजरिया बदल चुका था। हर साल नाग नथैया देखने आता रहा हूं, लेकिन इस बार का अनुभव अलग था। पहले घाट से पूरी लीला को एक साथ देखता था, इस बार गंगा की मझधार में पहुंचकर उसके रोमांच, उसकी प्रतीक्षा और उसके चरम क्षण को बिल्कुल करीब से महसूस किया। काशी नरेश के बजड़े के आसपास से लीला दर्शन, साथियों का स्नेह, बालकृष्ण के साथ तस्वीर और फिर कालिया के फन पर प्रकट होते कान्हा—ये सब स्मृतियों की ऐसी पूंजी बन गए, जिन्हें समय भी धुंधला नहीं कर पाएगा।हते हैं, काशी में हर पत्थर की अपनी कथा है, हर घाट का अपना इतिहास और गंगा की हर लहर में कोई न कोई स्मृति बहती है। शुक्रवार को लगा कि उन लहरों में द्वापर की एक कथा फिर जीवित हो उठी है। सचमुच, कुछ देर के लिए हम काशी में नहीं थे, वृंदावन में थे। फर्क बस इतना था कि यमुना के स्थान पर मां गंगा थीं और ब्रज के उस कालजयी प्रसंग के साक्षी बनने का सौभाग्य काशी की मझधार में मिला था। वह शाम बीत गई, लेकिन कान्हा की मुरलिया अब भी मन में बज रही है… मतलब साफ हैपत्रकारिता ने हमें दृश्य देखने की दृष्टि दी, लेकिन उस शाम आस्था ने एक नया अनुभव दिया—कुछ लीलाएं रिपोर्ट नहीं की जातीं, उन्हें भीतर उतरकर महसूस करना पड़ता है। नाग नथैया की वह शाम मेरे लिए ऐसी ही एक अविस्मरणीय अनुभूति बन गई।

कालिंदी में कूदे यशोदानंदन, कालिया का दर्प तोड़ फन पर बजाई मुरलिया 

तुलसीघाट पर जीवंत हुई द्वापर युग की लीला, कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगाते ही थम गईं लाखों श्रद्धालुओं की सांसें; कान्हा के दर्शन के साथ जय श्रीकृष्ण और हर-हर महादेव से गूंज उठी काशी

पांच शताब्दी पुरानी परंपरा में आस्था, लोकसंस्कृति और पर्यावरण चेतना का अद्भुत संगम

सुरेश गांधी

वाराणसी। सांझ की सुनहरी आभा गंगा की लहरों पर उतर रही थी। तुलसीघाट की सीढ़ियां श्रद्धा के सैलाब से सराबोर थीं। कहीं शंखनाद की गूंज थी तो कहीं घंट-घड़ियाल की मधुर ध्वनि। गंगा की लहरों पर सजी नावों और बजड़ों से लेकर घाट की अटारियों तक निगाहें एक ही दृश्य पर टिकी थीं। आस्था ने मानो द्वापर युग का द्वार खोल दिया। गंगा की लहरें कालिंदी बन गईं, घाट वृंदावन में तब्दील हो गया. देखते ही देखते काशी का तुलसीघाट वृंदावन के यमुना तट में बदल गया। तभी कदंब की डाल पर विराजे नटवर नागर ने मुरली की तान छेड़ी और ब्रजविलास के दोहे 'यह कहि नटवर मदन गोपाला, कूद परे जल में नंदलाला...' की स्वर लहरियों के बीच यशोदानंदन ने कालिंदी रूपी गंगा में छलांग लगा दी। एक पल को जैसे समय ठहर गया। लाखों श्रद्धालुओं की सांसें थम गईं। कान्हा की एक झलक पाने को लाखों आंखें गंगा की लहरों पर टिक गईं। कुछ पल के लिए घाट पर सन्नाटा छा गया। फिर कालिया नाग के विशाल फन पर बांसुरी बजाते हुए कान्हा के प्रकट होते ही समूचा वातावरण 'जय श्रीकृष्ण', 'बांके बिहारी लाल की जय' और 'हर-हर महादेव' के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। घंट-घड़ियाल, शंखनाद, डमरुओं की थाप और महताबी की रोशनी के बीच ऐसा लगा मानो काशी नहीं, साक्षात वृंदावन के यमुना तट पर खड़े हों। यह दृश्य किसी रंगमंच पर सजी काल्पनिक प्रस्तुति का नहीं, बल्कि काशी की उस जीवंत परंपरा का था, जिसमें पांच शताब्दियों से अधिक समय से द्वापर युग का प्रसंग हर वर्ष श्रद्धालुओं की आंखों के सामने साकार होता आ रहा है। शुक्रवार को विश्वप्रसिद्ध नाग नथैया लीला के साक्षी बने लाखों श्रद्धालुओं के लिए तुलसीघाट पर बिताया गया हर क्षण अविस्मरणीय बन गया।

गेंद की तलाश में निकले कान्हा, कालिया के दर्प को दी चुनौती

गोधूलि बेला में श्रीकृष्ण अपने सखा सुदामा और ग्वाल-बालों के साथ गेंद खेलने में मगन थे। खेल की मस्ती में गेंद कब गंगा रूपी यमुना की गहराइयों में जा गिरी, पता ही नहीं चला। गेंद लाने के लिए नंदलाल जैसे ही आगे बढ़े, सखाओं ने उन्हें रोकना चाहा। यमुना के जल में कालिया नाग के विष का भय दिखाया गया। लेकिन अपने सखाओं की गेंद लौटाने और कालिया के आतंक से यमुना को मुक्त कराने का संकल्प लिए कान्हा कहां रुकने वाले थे। वे धीरे-धीरे कदंब की डाल पर चढ़ने लगे। कदंब की ऊंची डाल पर पहुंचकर उन्होंने चहुंओर उपस्थित भक्तों को दर्शन दिए। फिर अधरों पर मुरली सजाई। बांसुरी की तान और ब्रजविलास के दोहों के बीच जैसे ही 'कूद परे जल में नंदलाला' का स्वर मुखर हुआ, कान्हा ने गंगा की लहरों में छलांग लगा दी। यह क्षण इतना अप्रत्याशित और रोमांचकारी था कि श्रद्धालुओं के कंठ से अनायास पुकार फूट पड़ी। किसी ने हाथ जोड़ लिए तो किसी की आंखें सजल हो उठीं। हजारों मोबाइल कैमरे एक साथ उस क्षण को सहेजने में जुट गए।

लहरों के गर्भ से निकले गिरधर, कालिया के फन पर विराजे

गंगा की जलराशि में कान्हा के ओझल होते ही घाट पर प्रतीक्षा का एक लंबा-सा मौन पसर गया। हर कोई अपलक जलराशि को निहार रहा था। उधर, गंगा की गोद में पहले से तैयार विशेष पीपे के जाल और विशेषज्ञ तैराकों की सहायता से बाल स्वरूप श्रीकृष्ण को कालिया नाग की प्रतिकृति तक पहुंचाया गया। करीब पांच मिनट तक चली इस रोमांचक प्रक्रिया के बाद अचानक कालिया नाग के विशाल फन पर नंदलाल प्रकट हुए। कालिया के फन पर चरण रखे, हाथों में मुरली थामे और अधरों पर मंद मुस्कान लिए बाल गोपाल की छवि देखते ही श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। घंट-घड़ियाल, शंखनाद, डमरुओं की थाप और महताबी की जगमगाहट के बीच कान्हा की छवि ऐसी प्रतीत हो रही थी, मानो यमुना की लहरों पर स्वयं ब्रज के बिहारी विराजमान हों। चारों दिशाओं से कपूर की आरती उतारी जाने लगी। गंगा में खड़े बजड़ों और नावों पर सवार श्रद्धालु भी हाथ जोड़कर प्रभु का अभिनंदन करने लगे। किसी की आंखों में विस्मय था तो किसी के चेहरे पर आनंद की आभा। मोबाइल और कैमरों में इस अलौकिक पल को कैद करने की होड़ के बीच जयकारों से आकाश तक गूंज उठा।

तुलसीघाट बना वृंदावन, गंगा की लहरों में उतर आया ब्रज

नाग नथैया की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि यहां लीला केवल देखी नहीं जाती, बल्कि उसका हिस्सा बनकर उसे जिया जाता है। घाट की सीढ़ियों पर बैठे श्रद्धालु हों या छतों और अटारियों से दर्शन करते लोग, सभी कुछ देर के लिए अपने वर्तमान परिवेश को भूलकर द्वापर की स्मृतियों में खो जाते हैं। गंगा में सजी नावें यमुना के घाटों का आभास कराती हैं तो कदंब की डाल और कालिया नाग की प्रतिकृति ब्रजभूमि का सजीव चित्र उपस्थित कर देती है। नाग नथैया की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि यहां लीला केवल देखी नहीं जाती, बल्कि उसका हिस्सा बनकर उसे जिया जाता है। घाट की सीढ़ियों पर बैठे श्रद्धालु हों या छतों और अटारियों से दर्शन करते लोग, सभी कुछ देर के लिए अपने वर्तमान परिवेश को भूलकर द्वापर की स्मृतियों में खो जाते हैं। गंगा में सजी नावें यमुना के घाटों का आभास कराती हैं तो कदंब की डाल और कालिया नाग की प्रतिकृति ब्रजभूमि का सजीव चित्र उपस्थित कर देती है। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं के साथ विदेशी पर्यटक भी इस अद्भुत दृश्य के साक्षी बने। गंगा के दोनों ओर से उठते जयकारों और भक्ति के स्वरों ने वातावरण को ऐसा रंग दिया कि तुलसीघाट और वृंदावन के बीच का अंतर जैसे मिट गया। काशीराज परिवार के वंशज कुंवर अनंत नारायण सिंह भी अपने परिवार के साथ परंपरागत बजड़े पर सवार होकर लीला दर्शन के लिए पहुंचे। घाट पर उमड़े विशाल जनसमूह को व्यवस्थित रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।

तुलसी की तपस्थली से निकली परंपरा, मुगलकाल में भी नहीं थमा मंचन

गोस्वामी तुलसीदास अखाड़ा के अध्यक्ष और संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र के अनुसार, नाग नथैया लीला काशी की ऐसी सांस्कृतिक धरोहर है, जिसका कोई दूसरा उदाहरण दुनिया में देखने को नहीं मिलता। भगवान श्रीकृष्ण की इस तरह की जल लीला का जीवंत मंचन केवल काशी में होता है। इसकी शुरुआत संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास ने की थी। पांच शताब्दियों से अधिक समय से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है। मान्यता है कि मुगलकाल में भी इस लीला का मंचन नहीं रुका और बादशाह अकबर भी इसके दर्शन करने पहुंचे थे। इस परंपरा की निरंतरता का आधार केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि पीढ़ियों से संजोई गई लोकसंस्कृति और सामूहिक सहभागिता भी है। कदंब की डाल से लेकर कालिया नाग की प्रतिकृति तक, लीला की प्रत्येक तैयारी में परंपरा की छाप दिखाई देती है। संकटमोचन मंदिर परिसर के बगीचे में लगे कदंब वृक्ष को विशेष रूप से तैयार किया जाता है। इसके बदले करीब एक हजार पौधे लगाने की परंपरा भी पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देती है। गंगा में बांस के सहारे कदंब की डाल और कमल पुष्पों की प्रतीकात्मक सज्जा की जाती है। कालिया नाग की विशाल प्रतिकृति भी कारीगरों के कौशल और वर्षों के अनुभव से आकार लेती है।

द्वापर का कालिया आज भी मौजूद, बस बदल गया है उसका स्वरूप

नाग नथैया की कथा का मर्म केवल एक पौराणिक प्रसंग तक सीमित नहीं है। यह प्रकृति, जल और जीवन के परस्पर संबंधों की भी याद दिलाती है। मान्यता है कि द्वापर युग में कालिया नाग ने यमुना के जल को विषाक्त कर दिया था। तब भगवान श्रीकृष्ण ने उसका दमन कर नदी को उसके विष से मुक्त कराया था। आज के संदर्भ में इस प्रसंग का अर्थ और भी व्यापक हो जाता है। महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र के अनुसार, जिस तरह कालिया नाग ने यमुना को प्रदूषित किया था, उसी तरह आज गंगा में गिरते नाले, औद्योगिक अपशिष्ट और प्रदूषणकारी तत्व आधुनिक कालिया नाग के समान हैं। भगवान श्रीकृष्ण की लीला हमें नदियों को निर्मल रखने और उनके अस्तित्व की रक्षा करने का संदेश देती है। नदी केवल जलधारा नहीं, बल्कि सभ्यता, संस्कृति और जीवन की आधारशिला है। उसकी पवित्रता बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। शुक्रवार को तुलसीघाट पर जब कालिया के फन पर विराजे कान्हा ने मुरली की तान छेड़ी तो वह केवल भक्ति का संगीत नहीं था, बल्कि सदियों पुरानी सांस्कृतिक चेतना का स्वर भी था। गंगा की लहरें देर तक उस उल्लास की साक्षी बनी रहीं। काशी ने एक बार फिर बता दिया कि यहां परंपराएं केवल पुस्तकों और स्मृतियों में सुरक्षित नहीं रहतीं, बल्कि हर वर्ष अपनी पूरी जीवंतता के साथ जनमानस के सामने उतर आती हैं। यही नाग नथैया की विशिष्टता है और यही काशी की सांस्कृतिक आत्मा।

No comments:

Post a Comment

कालिंदी में कूदे यशोदानंदन, कालिया का दर्प तोड़ फन पर बजाई मुरलिया

तुलसीघाट पर उतरा वृंदावन , कालिया के दर्प का हुआ मर्दन  जब गंगा की लहरों पर उतर आया वृंदावन ... और हम द्वापर के साक्षी ...