चुनावी महासंग्राम : वाराणसी कैंट विधानसभा
समस्याएं, सुविधाएं और बदलता मिजाज तय करेगा चुनाव की दिशा
वाराणसी कैंट की सियासत में 2027 का चुनाव सिर्फ विधायक सौरभ श्रीवास्तव की लोकप्रियता का इम्तिहान नहीं होगा, बल्कि भाजपा के परंपरागत राजनीतिक गढ़ की भी परीक्षा होगी। लगातार दो चुनाव जीतकर सौरभ ने अपनी मजबूत पकड़ दिखाई है। 2022 में 1,47,833 वोट पाकर उन्होंने सपा की पूजा यादव को 86,844 मतों से शिकस्त दी थी। इससे पहले 2017 में भी 61,326 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। लेकिन पांच साल का कार्यकाल केवल जीत के आंकड़ों से नहीं तौला जाएगा। महमूरगंज से खोजवां, सुंदरपुर से मंडुवाडीह तक जाम, सीवर, जलभराव, सड़क और अतिक्रमण जैसे सवाल मतदाताओं की कसौटी पर हैं। करोड़ों की विकास परियोजनाओं के बीच मोहल्लों की बुनियादी समस्याएं कहीं न कहीं जनप्रतिनिधित्व की जवाबदेही भी मांग रही हैं। भाजपा के पास मोदी-योगी का मजबूत राजनीतिक आधार और संगठन की ताकत है, मगर विपक्ष के लिए भी स्थानीय असंतोष को चुनावी अवसर में बदलने की गुंजाइश है। सपा को मजबूत चेहरे और कांग्रेस को अपने पुराने जनाधार को पुनर्जीवित करने की चुनौती होगी। कैंट का इतिहास बताता है कि यहां राजनीतिक हवाएं बदलती रही हैं। कभी शत्रुद्र प्रकाश तो कभी हरिशचंद्र और ज्योत्सना श्रीवास्तव ने अपनी राजनीतिक छाप छोड़ी। अब निगाहें सौरभ पर हैं। सवाल यही है—क्या विकास की बड़ी तस्वीर तीसरी जीत का रास्ता बनाएगी या गलियों की परेशानी बदलाव की पटकथा लिखेगी?
सुरेश गांधी
वाराणसी कैंट विधानसभा की
सियासत केवल एक विधायक
के कामकाज का मूल्यांकन नहीं
है। यह उस शहरी
मतदाता की अपेक्षाओं का
आईना भी है, जो
धार्मिक नगरी की वैश्विक
पहचान, विकास की चमक और
अपने मोहल्ले की रोजमर्रा की
परेशानियों के बीच खड़ा
है। एक ओर प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के संसदीय
क्षेत्र में विकास की
बड़ी परियोजनाओं का दावा है,
तो दूसरी ओर सड़क, सीवर,
पेयजल, जलभराव, जाम, अतिक्रमण और
नागरिक सुविधाओं को लेकर स्थानीय
स्तर पर उठते सवाल
हैं। 2027 का विधानसभा चुनाव
अभी दूर है, लेकिन
कैंट में उसकी पटकथा
लिखी जाने लगी है।
मौजूदा विधायक सौरभ श्रीवास्तव के
सामने पांच साल के
कामकाज का लेखा-जोखा
जनता के बीच रखने
की चुनौती होगी। वहीं विपक्ष के
सामने सत्ता-विरोधी भावनाओं को संगठित जनसमर्थन
में बदलने की कठिन परीक्षा
होगी। सवाल सिर्फ यह
नहीं कि कौन जीतेगा,
बल्कि यह भी है
कि कैंट का मतदाता
इस बार किस मुद्दे
को सबसे ऊपर रखेगा—विकास, स्थानीय प्रतिनिधित्व, पार्टी, प्रत्याशी या बदलाव की
आकांक्षा? कैंट विधानसभा वाराणसी
जिले की आठ सीटों
में मतदाताओं की संख्या के
लिहाज से सबसे बड़ी
है। यहां का चुनाव
परिणाम केवल संख्या का
खेल नहीं, बल्कि शहरी मध्यवर्ग, व्यापारी,
नौकरीपेशा, युवा, महिला मतदाता और पुरानी बस्तियों
के नागरिकों के बदलते मिजाज
का संकेत भी देता है।
2022 में कुल मतदाता 4,59,277. 2026 में कुल
मतदाता 3,88,228. पुरुष मतदाता 2,06,705 महिला मतदाता 1,81,503. 2022 के मुकाबले यह
संख्या 71,049 कम है।
महिला मतदाता बन सकती हैं निर्णायक ताकत
कैंट में 1.81 लाख
से अधिक महिला मतदाता
हैं। उनकी संख्या पुरुष
मतदाताओं से लगभग 25 हजार
कम है। लेकिन चुनावी
प्रभाव केवल संख्या से
तय नहीं होता। घरों
में पेयजल, सफाई, सुरक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, महंगाई और सार्वजनिक परिवहन
जैसी समस्याएं महिला मतदाताओं के मतदान व्यवहार
को प्रभावित कर सकती हैं।
राजनीतिक दलों को इस
वर्ग की आकांक्षाओं को
केवल चुनावी घोषणापत्र तक सीमित रखने
के बजाय स्थानीय मुद्दों
पर जवाब देना होगा।
कैंट में 1.81 लाख से अधिक
महिला मतदाता हैं। उनकी संख्या
पुरुष मतदाताओं से लगभग 25 हजार
कम है। लेकिन चुनावी
प्रभाव केवल संख्या से
तय नहीं होता। घरों
में पेयजल, सफाई, सुरक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, महंगाई और सार्वजनिक परिवहन
जैसी समस्याएं महिला मतदाताओं के मतदान व्यवहार
को प्रभावित कर सकती हैं।
राजनीतिक दलों को इस
वर्ग की आकांक्षाओं को
केवल चुनावी घोषणापत्र तक सीमित रखने
के बजाय स्थानीय मुद्दों
पर जवाब देना होगा।
नए मतदाता और बदलती पीढ़ी
2027 के चुनाव में
युवा मतदाताओं की भूमिका भी
महत्वपूर्ण होगी। रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कॉलेजों
की सुविधाएं, खेल के मैदान,
डिजिटल अवसर और स्थानीय
स्तर पर रोजगार के
सवाल युवाओं को प्रभावित करेंगे।
पुरानी राजनीतिक निष्ठाओं के मुकाबले नई
पीढ़ी का मूल्यांकन अधिक
प्रत्यक्ष और कामकाज आधारित
हो सकता है।
भाजपा की मजबूत जमीन, लेकिन चुनौती से इनकार नहीं
कैंट विधानसभा में
भाजपा की पकड़ पिछले
दो विधानसभा चुनावों में मजबूत रही
है। सौरभ श्रीवास्तव ने
2017 और 2022 में लगातार जीत
दर्ज की। 2022 में उनकी जीत
का अंतर और बढ़ा,
जिससे यह सीट भाजपा
के लिए सुरक्षित मानी
जाने लगी। 2022 के चुनाव में
सौरभ श्रीवास्तव को 1,47,833 वोट मिले, जबकि
सपा की पूजा यादव को
60,989 वोट मिले। कांग्रेस के राजेश कुमार
मिश्रा को 23,807 और बसपा के
कौशिक कुमार पांडेय को 7,068 वोट मिले। कुल
मतदान 53.09 प्रतिशत रहा। 2017 में जीत का
अंतर 61 हजार था, जो
2022 में बढ़कर 86 हजार से अधिक
हो गया। यह भाजपा
के मजबूत संगठन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता
और पार्टी के चुनावी आधार
का संकेत है। लेकिन क्या
यही अंतर 2027 में भी कायम
रहेगा? इसका जवाब केवल
पिछले परिणामों में नहीं, बल्कि
अगले चुनाव तक विधायक के
कामकाज और मतदाताओं के
अनुभव में छिपा है।
कैंट की राजनीति में
सौरभ श्रीवास्तव की स्थिति को
समझने के लिए उनकी
राजनीतिक विरासत को भी देखना
होगा। इस सीट पर
लंबे समय तक उनके
परिवार का प्रभाव रहा
है। उनकी मां ज्योत्सना
श्रीवास्तव भी यहां से
विधायक रह चुकी हैं।
ऐसे में सौरभ के
सामने केवल भाजपा का
परंपरागत वोट बैंक बचाए
रखने की चुनौती नहीं
है, बल्कि परिवार की राजनीतिक विरासत
और अपने व्यक्तिगत जनाधार
को भी मजबूत करने
की जिम्मेदारी है। लगातार दो
जीत ने उन्हें संगठन
और सत्ता के गलियारों में
मजबूत पहचान दी है। लेकिन
तीसरा चुनाव अक्सर किसी भी जनप्रतिनिधि
के लिए अधिक कठिन
होता है। पहले चुनाव
में पार्टी और चेहरे की
पहचान काम आती है,
दूसरे में प्रदर्शन की
परीक्षा होती है और
तीसरे में जनता पांच
वर्षों का हिसाब मांगती
है।
बड़ी परियोजनाएं बनाम मोहल्लों की छोटी-छोटी परेशानियां
कैंट विधानसभा की
सबसे बड़ी विशेषता यही
है कि इसके भीतर
पुरानी काशी की बसावट,
आधुनिक कॉलोनियां, व्यापारिक प्रतिष्ठान, विश्वविद्यालय क्षेत्र, धार्मिक स्थल और रामनगर
जैसे इलाके शामिल हैं। इसलिए यहां
विकास का मूल्यांकन केवल
फ्लाईओवर, पुल और बड़ी
परियोजनाओं से नहीं हो
सकता। असली परीक्षा यह
है कि आम नागरिक
के घर तक सड़क,
पानी, सीवर और सफाई
की सुविधा कितनी पहुंची।
विधायक निधि से 14 करोड़ के काम, 140 से अधिक इंटरलॉकिंग सड़कें
सितंबर 2026 में प्रकाशित विधायक
के रिपोर्ट कार्ड के मुताबिक, वर्ष
2023-24 से 2025-26 तक करीब 14 करोड़
रुपये विधायक निधि से खर्च
किए गए। इनमें 140 से
अधिक इंटरलॉकिंग कार्यों के अलावा सीवर,
सीसी रोड, पेयजल, नाला-नाली, भवन निर्माण, सार्वजनिक
शौचालय, स्मार्ट क्लास, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था,
बारातघर और रैन बसेरा
जैसे कार्य शामिल हैं। 57 गंभीर रूप से बीमार
लोगों को आर्थिक सहायता
दिए जाने का भी
उल्लेख है। विधायक ने
सामनेघाट फ्लिपर गेट को भगवानपुर
सहित आधा दर्जन कॉलोनियों
के लिए बाढ़ से
राहत देने वाला कार्य
बताया है। रामनगर में
वृद्धाश्रम, मंडुवाडीह रेलवे फाटक पर फुट
ओवरब्रिज और दूसरे फाटक
पर अंडरपास को भी उपलब्धियों
में गिनाया गया है। भिखारीपुर
फ्लाईओवर को भविष्य की
महत्वपूर्ण परियोजना बताया गया है। सितंबर
2026 में सरायनंदन और बिरदोपुर-शीशमहल
क्षेत्र में करीब 225 करोड़
रुपये की सीवर, पेयजल
और सड़क पुनर्निर्माण परियोजनाओं
का शुभारंभ हुआ। सरायनंदन : लगभग
110 करोड़ रुपये से 55 किलोमीटर सीवर एवं पेयजल
लाइन और सड़क निर्माण।
बिरदोपुर : लगभग 58 करोड़ रुपये से सीवर और
57 करोड़ रुपये से पेयजल लाइन
तथा गृह संयोजन। इन
परियोजनाओं को लंबे समय
से जूझ रहे इलाकों
की बुनियादी समस्या का स्थायी समाधान
बताया गया है। लेकिन
निर्माण के दौरान सड़कों
की खुदाई, आवागमन में बाधा और
काम की समयसीमा भी
जनता की परीक्षा होगी।
घोषणा से ज्यादा महत्व
इस बात का है
कि काम कब पूरा
होगा और उसके बाद
वास्तव में कितने घरों
को राहत मिलेगी।
जब सड़क पर उतरी जनता और विधायक को बैठना पड़ा
विकास के दावों के
बीच सबसे असहज तस्वीर
सितंबर में खोजवां क्षेत्र
से सामने आई। पुस्तकालय गली
से गुरुधाम राम मंदिर तक
सीवर जाम और बरसाती
पानी के जमाव से
परेशान लोगों ने सड़क पर
धरना दिया। कई दिनों तक
शिकायत के बावजूद समस्या
दूर न होने पर
लोगों ने विधायक सौरभ
श्रीवास्तव और जलकल के
महाप्रबंधक को दाहा चौक
पर बैठाकर अपनी नाराजगी जताई।
विधायक को मौके पर
पहुंचकर अधिकारियों को निर्देश देना
पड़ा। उन्होंने समस्या दूर होने तक
मौके पर रहने की
बात भी कही। यह
घटना बताती है कि स्थानीय
असंतोष को केवल राजनीतिक
विरोध कहकर खारिज नहीं
किया जा सकता। जब
नागरिकों को अपनी बुनियादी
जरूरतों के लिए सड़क
पर उतरना पड़े तो जनप्रतिनिधि
और प्रशासन, दोनों की जवाबदेही बनती
है। इससे पहले नीलकंठपुरम
और मारुति नगर जैसे इलाकों
में लंबे समय तक
जलभराव तथा कश्मीरीगंज में
विरोध की स्थितियां भी
स्थानीय नागरिक सुविधाओं की कमजोरियों को
उजागर कर चुकी हैं।
सीवर की सफाई, नई
पाइपलाइन और जलनिकासी के
इंतजाम पर लगातार सवाल
उठते रहे हैं।
विकास की चमक और नागरिक जीवन का विरोधाभास
कैंट के लिए
सबसे बड़ा सवाल यही
है कि जब काशी
में हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल
रही हैं, तब आम
मोहल्लों की सड़कें बारिश
में जलमग्न क्यों होती हैं? शहर
में मार्च 2025 तक 580 परियोजनाओं पर लगभग 48,459 करोड़
रुपये के निवेश का
आंकड़ा सामने आया था। नगर
निगम का 2026-27 का बजट भी
करीब 2,537 करोड़ रुपये का है। इसके
बावजूद नागरिकों की शिकायतें बताती
हैं कि बजट और
योजनाओं का लाभ हर
गली तक समान रूप
से नहीं पहुंचा है।
विधायक का तर्क रहा
है कि प्रधानमंत्री ने
पर्याप्त धन उपलब्ध कराया,
लेकिन कई परियोजनाएं समय
से जमीन पर नहीं
उतर पाईं। उन्होंने विधायक निधि की सीमित
राशि और नगर निगम
तथा जलकल की जिम्मेदारियों
का भी उल्लेख किया
है। लेकिन मतदाता के लिए विभागों
के बीच जिम्मेदारी का
बंटवारा उतना महत्वपूर्ण नहीं,
जितना समस्या का समाधान है।
मतदाता कहिन : विकास चाहिए, लेकिन जीने लायक शहर भी
खोजवां के इंद्रमणि यादव का कहना है सरकार
की बड़ी योजनाएं अच्छी
हैं, लेकिन सड़क, सीवर और बिजली
के लटके तार जैसी
छोटी-छोटी समस्याएं बनी
हुई हैं। शिकायत के
बाद भी अतिक्रमण नहीं
हटता। पुरुषोत्तम पटेल का कहना
है कि फ्लाईओवर और
सड़कें बनी हैं, लेकिन
जाम और प्रदूषण की
समस्या पर ध्यान नहीं
दिया जा रहा। विकास
जरूरी है, लेकिन मानव
स्वास्थ्य भी आवश्यक है।
कैंट में यातायात व्यवस्था
भी बड़ा मुद्दा है।
महमूरगंज, मंडुवाडीह, सुंदरपुर, भिखारीपुर, रथयात्रा, लंका से जुड़े
मार्गों और प्रमुख चौराहों
पर जाम, अतिक्रमण तथा
पार्किंग की समस्या नागरिकों
के दैनिक जीवन को प्रभावित
करती है। प्रदूषण, बिजली
के लटकते तार और सफाई
की अनियमितता भी विकास के
दावों की वास्तविक परीक्षा
हैं।
भाजपा के लिए तीन बड़े सवाल
क्या विधायक पांच
वर्षों के कामकाज को
मोहल्लेवार उपलब्धियों के साथ जनता
के सामने रख पाएंगे? क्या
सीवर, जलभराव, जाम और अतिक्रमण
जैसी समस्याओं का चुनाव से
पहले स्थायी समाधान हो सकेगा? क्या
कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों
में विधायक की स्वीकार्यता उतनी
ही मजबूत है, जितनी पार्टी
की लोकप्रियता?
विपक्ष के सामने अवसर और चुनौती
सपा के सामने
स्थानीय स्तर पर मजबूत
चेहरा खड़ा करने की
चुनौती होगी। कांग्रेस को भी अपना
परंपरागत आधार पुनर्जीवित करना
होगा। बसपा की भूमिका
और अन्य छोटे दलों
या निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी भी
मुकाबले के समीकरण को
प्रभावित कर सकती है।
विपक्ष यदि केवल भाजपा
विरोध को मुद्दा बनाता
है तो मुकाबला कठिन
रहेगा। लेकिन यदि वह जलभराव,
सीवर, बेरोजगारी, प्रदूषण, महंगाई, अतिक्रमण और नागरिक सुविधाओं
को लेकर ठोस स्थानीय
एजेंडा तैयार करता है, तो
चुनावी चर्चा बदल सकती है।
क्षेत्र प्रमुख चुनावी मुद्दे
महमूरगंज जाम, प्रदूषण, पार्किंग,
यातायात. सुंदरपुर-भिखारीपुर जलभराव, सीवर, फ्लाईओवर. खोजवां-कश्मीरीगंज सीवर जाम, सड़क,
जलनिकासी. सरायनंदन नई सीवर-पेयजल
परियोजनाओं का समयबद्ध पूरा
होना. बिरदोपुर-शीशमहल सीवर, पेयजल और सड़क पुनर्निर्माण.
मंडुवाडीह रेलवे
क्रॉसिंग, अंडरपास, यातायात. सामनेघाट-रामनगर बाढ़ सुरक्षा, प्रदूषण,
संपर्क मार्ग. किरहिया रोड सड़क, बिजली
के तार, अतिक्रमण. इन क्षेत्रों
में विकास के प्रति अपेक्षा
भी है और काम
की गति को लेकर
असंतोष भी। यही कारण
है कि 2027 का चुनाव केवल
विधानसभा क्षेत्र की औसत राजनीतिक
हवा से नहीं समझा
जा सकता। बूथ और मोहल्ले
का मिजाज निर्णायक होगा।
2027 में मतदाता किस आधार पर फैसला करेगा?
कैंट में चुनावी
विमर्श को प्रभावित करने
वाले पांच प्रमुख सवाल
सामने आते हैं। पहला
: विकास बनाम बुनियादी सुविधाएं।
बड़ी परियोजनाओं का श्रेय किसे
मिलेगा और मोहल्लों की
समस्याओं का ठीकरा किस
पर फूटेगा? भाजपा के लिए यह
सबसे महत्वपूर्ण कसौटी होगी। दूसरा : प्रत्याशी बनाम पार्टी। क्या
मतदाता मोदी-योगी के
नाम पर भाजपा के
साथ रहेगा या स्थानीय विधायक
के कामकाज को अलग से
तौलेगा? यही फर्क चुनाव
का वास्तविक समीकरण बना सकता है।
तीसरा : विपक्ष की एकजुटता। क्या
सपा, कांग्रेस और अन्य विपक्षी
दल एक प्रभावी चुनौती
पेश कर पाएंगे? क्या
विपक्ष का प्रत्याशी स्थानीय
स्तर पर स्वीकार्य होगा?
चौथा : महिला और युवा मतदाता।
महिला सुरक्षा, महंगाई, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और शहर में
सुविधाजनक आवागमन जैसे सवाल चुनावी
प्राथमिकताओं में कितनी जगह
बनाएंगे? पांचवां : संगठन और कार्यकर्ताओं का
मनोबल। चुनाव में केवल बड़े
नेताओं की सभाएं नहीं,
बल्कि बूथ स्तर पर
कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी
महत्वपूर्ण होगी। नाराजगी, गुटबाजी और टिकट को
लेकर असंतोष किसी भी दल
की संभावनाओं को प्रभावित कर
सकता है।
2022 की जीत का अंतर क्या फिर कायम रहेगा?
2022 में सौरभ श्रीवास्तव
की 86,844 मतों की जीत
ने कैंट को भाजपा
की मजबूत सीटों में स्थापित कर
दिया था। लेकिन 2027 की
चुनौती यह होगी कि
उस जनादेश को दोहराने के
लिए क्या केवल पार्टी
का आधार पर्याप्त होगा
या विधायक को अपने व्यक्तिगत
कामकाज के आधार पर
भी जनता का विश्वास
हासिल करना होगा। एक
महत्वपूर्ण पहलू मतदान प्रतिशत
भी है। 2022 में 53.09 प्रतिशत मतदान हुआ था। यानी
करीब 47 प्रतिशत मतदाता मतदान केंद्र तक नहीं पहुंचे
थे। 2027 में यदि मतदान
बढ़ता है तो यह
देखना दिलचस्प होगा कि नए
और पहले मतदान से
दूर रहे मतदाताओं का
झुकाव किस तरफ रहता
है। एक और अहम
विषय मतदाता सूची का पुनरीक्षण
है। 2022 में 4,59,277 मतदाता थे, जबकि नवंबर
2026 में प्रकाशित आंकड़े में 3,88,228 नाम दर्ज हैं।
एसआईआर के दौरान कैंट
में 1,12,384 नाम हटाए जाने
की रिपोर्ट भी आई थी।
यह अंतर चुनावी विश्लेषण
में महत्वपूर्ण है, लेकिन हटाए
गए सभी नामों को
स्थायी रूप से समाप्त
मानना सही नहीं होगा।
अंतिम सूची और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के
बाद ही वास्तविक चुनावी
आधार स्पष्ट होगा।
विकास की चमक और गलियों की हकीकत के बीच
वाराणसी कैंट का 2027 का
चुनाव एक दिलचस्प विरोधाभास
के बीच लड़ा जाएगा।
एक ओर प्रधानमंत्री के
संसदीय क्षेत्र में विकास की
बड़ी तस्वीर है, दूसरी ओर
उसी तस्वीर के भीतर ऐसी
गलियां भी हैं जहां
बारिश का पानी नागरिकों
की दिनचर्या रोक देता है।
एक तरफ करोड़ों की
परियोजनाएं हैं, दूसरी तरफ
सीवर की शिकायत लेकर
सड़क पर उतरने को
मजबूर लोग। सौरभ श्रीवास्तव
के सामने दो बार की
जीत को तीसरी बार
के भरोसे में बदलने की
चुनौती है। उन्हें यह
साबित करना होगा कि
विकास केवल योजनाओं के
शिलान्यास और बजट के
आंकड़ों में नहीं, बल्कि
नागरिकों के जीवन में
भी दिखाई देता है। वहीं
विपक्ष के सामने चुनौती
है कि वह असंतोष
को केवल भाषणों तक
सीमित न रखे, बल्कि
विश्वसनीय विकल्प के रूप में
जनता के सामने आए।
आखिरकार कैंट का मतदाता
यह नहीं पूछेगा कि
किसने कितने करोड़ की परियोजना घोषित
की। वह पूछेगा कि
मेरे मोहल्ले की सड़क कब
बनेगी, सीवर कब ठीक
होगा, बारिश में घर के
सामने पानी क्यों भरता
है, जाम से कब
मुक्ति मिलेगी और शिकायत करने
पर अधिकारी कब सुनेंगे? 2027 में
कैंट की असली लड़ाई
सत्ता और विपक्ष के
बीच जितनी होगी, उतनी ही विकास
के दावों और नागरिकों के
रोजमर्रा के अनुभव के
बीच भी होगी।
55 साल का सफर : कब-कौन बना कैंट का विधायक?
1967 से 2022 तक विधानसभा
चुनावों
का
इतिहास
वर्ष
विजयी
प्रत्याशी पार्टी
1967 वी. पांडेय जनसंघ
1969 लाल बहादुर कांग्रेस
1974 शत्रुद्र
प्रकाश भारतीय क्रांति दल
1977 शत्रुद्र
प्रकाश जनता पार्टी
1980 मांडवी प्रसाद सिंह कांग्रेस (आई)
1985 शत्रुद्र
प्रकाश लोकदल
1989 शत्रुद्र
प्रकाश जनता दल
1991 ज्योत्सना
श्रीवास्तव भाजपा
1993 ज्योत्सना
श्रीवास्तव भाजपा
1996 हरिशचंद्र
(हरिश जी) भाजपा
2002 हरिशचंद्र
श्रीवास्तव भाजपा
2007 डॉ. ज्योत्सना श्रीवास्तव भाजपा
2012 ज्योत्सना
श्रीवास्तव भाजपा
2017 सौरभ श्रीवास्तव भाजपा
2022 सौरभ श्रीवास्तव भाजपा
इतिहास के पांच बड़े संकेत
शत्रुद्र प्रकाश ने चार चुनावों
में जीत दर्ज की।
ज्योत्सना श्रीवास्तव ने तीन बार
जीत हासिल की। हरिशचंद्र श्रीवास्तव
ने लगातार दो चुनाव जीते।
भाजपा ने 1991 से 2022 तक लगातार आठ
विधानसभा चुनाव जीते। सौरभ श्रीवास्तव ने
2017 और 2022 में लगातार जीत
दर्ज की।


No comments:
Post a Comment