Saturday, 7 November 2026

अन्नकूट : अन्न में ब्रह्म, प्रकृति में नारायण और लोकमंगल में श्रीकृष्ण

अन्नकूट : अन्न में ब्रह्म, प्रकृति में नारायण और लोकमंगल में श्रीकृष्ण 

दीपोत्सव की स्वर्णिम आभा के बाद अब काशी से ब्रज तक अन्न, प्रकृति और लोकमंगल की आराधना का उल्लास छाने को है। मंगलवार, 10 नवंबर को कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा पर गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस बार पर्व का विशेष आकर्षण पंचांग का शुभ संयोग भी है। सूर्योदय के समय विशाखा नक्षत्र, शोभन योग और बव करण का संयोग रहेगा। सुबह 9:19 बजे के बाद विशाखा से अनुराधा नक्षत्र में प्रवेश होगा। प्रतिपदा तिथि दोपहर करीब 2:01 बजे तक रहेगी, इसके बाद द्वितीया लग जाएगी। मंगलवार का दिन मंगल ग्रह से संबद्ध होने के साथ चंद्रमा वृश्चिक राशि में रहेगा। पर्व की आत्मा द्वापर की उस लोकमंगलकारी लीला में समाई है, जब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। यह केवल देवताओं के अहंकार के पराभव की कथा नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और सामूहिक शक्ति का शाश्वत संदेश है। इसी स्मृति में घर-आंगन में गोबर से गोवर्धन बनाकर पूजा, गौ-आराधना और परिक्रमा की जाती है। अन्नकूट में 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित करने की परंपरा है। काशी में बाबा विश्वनाथ को छप्पन भोग अर्पित करने के साथ अन्नपूर्णा की नगरी में अन्न की महिमा विशेष आध्यात्मिक अर्थ ग्रहण करती है। खेतों में अन्न उपजाने वाले किसान से लेकर उसे ग्रहण करने वाले हर व्यक्ति तक, यह पर्व सबको एक सूत्र में बांधता है। आज जब पर्यावरण संकट, जलस्रोतों का क्षरण और अन्न की बर्बादी बड़ी चुनौती हैं, तब गोवर्धन पूजा का संदेश और प्रासंगिक हो उठा है। प्रकृति का सम्मान, पशुधन का संरक्षण, किसान के श्रम की कद्र और किसी को भूखा न सोने देने का संकल्प ही अन्नकूट की असली आराधना है

सुरेश गांधी

दीपावली की जगमगाहट जब अपने उल्लास के साथ आगे बढ़ती है, तब भारतीय संस्कृति का उत्सव एक नई आध्यात्मिक ऊंचाई पर पहुंचता है। दीपों के प्रकाश के बाद अन्न की आराधना, लक्ष्मी के स्वागत के बाद गोवर्धन का वंदन और वैभव के प्रदर्शन के बाद प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव। कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा का यह पर्व गोवर्धन पूजा और अन्नकूट इसी जीवन-दर्शन की अनुपम अभिव्यक्ति है। यहां आराध्य केवल मंदिर के गर्भगृह में विराजमान भगवान नहीं, बल्कि खेतों में लहलहाती फसल, धरती की उर्वरा शक्ति, जीवनदायिनी नदियां, वन-उपवन, गौवंश और अन्न उपजाने वाले किसान भी हैं। अन्नकूट का शाब्दिक अर्थ है अन्न का पर्वत। विविध प्रकार के पकवानों, अनाज, दालों, सब्जियों, मिठाइयों और दुग्ध पदार्थों को पर्वताकार सजाकर भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित करने की परंपरा इस उत्सव का सबसे आकर्षक पक्ष है। लेकिन इस भव्यता के पीछे छिपा दर्शन इससे कहीं अधिक व्यापक है। यह पर्व मनुष्य को याद दिलाता है कि भोजन केवल पेट भरने का साधन नहीं, जीवन का आधार और ईश्वर का प्रसाद है। भारतीय मनीषा ने इसी भाव को 'अन्नं ब्रह्म' कहकर प्रतिष्ठित किया है।

अन्नकूट का उत्सव सामूहिकता की संस्कृति को भी जीवित रखता है। मंदिरों में विशाल भोग तैयार होते हैं, भक्त अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्न और सामग्री अर्पित करते हैं और फिर वही भोग प्रसाद बनकर सभी में वितरित होता है। यहां दान करने वाला और ग्रहण करने वाला, दोनों एक ही आध्यात्मिक परंपरा के सहभागी होते हैं। इसमें समरसता का अद्भुत भाव है। भगवान के सामने अर्पित भोजन किसी एक व्यक्ति या परिवार की संपत्ति नहीं रह जाता, बल्कि सामूहिक आस्था का हिस्सा बन जाता है। प्रसाद का एक-एक कण इस बात का प्रतीक है कि समाज की वास्तविक समृद्धि तभी है, जब उसमें कोई भूखा न सोए। यह पर्व हमें उपभोग की संस्कृति से संतुलित जीवन की ओर लौटने का संदेश देता है। प्रकृति से उतना ही लेना जितनी आवश्यकता हो, अन्न का सम्मान करना, पशुधन की रक्षा करना और जरूरतमंदों के साथ संसाधन साझा करना ही इसकी व्यापक आध्यात्मिक शिक्षा है। गोवर्धन पूजा की कथा में इंद्र का अहंकार और कृष्ण का लोकमंगल आमने-सामने खड़े दिखाई देते हैं। एक ओर शक्ति और प्रतिष्ठा का मद है तो दूसरी ओर समाज की रक्षा का संकल्प। एक ओर प्रकृति पर नियंत्रण का भ्रम है तो दूसरी ओर प्रकृति के साथ सहअस्तित्व का दर्शन।

आज के दौर में जब विकास के नाम पर पहाड़ काटे जा रहे हैं, नदियां प्रदूषित हो रही हैं, खेती की जमीन सिकुड़ रही है और प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है, तब गोवर्धन पूजा हमें आत्ममंथन के लिए प्रेरित करती है। क्या हम प्रकृति को केवल संसाधन मान रहे हैं या जीवन का आधार भी समझते हैं? क्या अन्न की पूजा करने वाला समाज अन्न की बर्बादी रोकने के लिए पर्याप्त प्रयास कर रहा है? क्या गौ-पूजन के साथ पशुधन के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाई जा रही है? इन सवालों के जवाब ही इस पर्व की सार्थकता तय करेंगे। दरअसल, गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का वास्तविक अर्थ केवल एक दिन पर्वत की आकृति बनाना, छप्पन भोग सजाना और आरती उतारना नहीं है। इसका अर्थ है प्रकृति के प्रति विनम्र होना, अन्न के प्रति कृतज्ञ होना, किसान के श्रम को सम्मान देना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक भोजन पहुंचाने का संकल्प लेना। गोवर्धन की एक उंगली पर टिकी वह पौराणिक छवि आज भी हमें यही बताती है कि संसार का संतुलन अहंकार से नहीं, सहयोग से कायम रहता है। अन्नकूट की सजी थाली हमें समझाती है कि समृद्धि का अर्थ केवल भंडार भरना नहीं, बल्कि सबके हिस्से में अन्न और सबके जीवन में सम्मान सुनिश्चित करना है। यही गोवर्धन पूजा का शाश्वत संदेश है—प्रकृति का संरक्षण ही जीवन का संरक्षण है और अन्न का सम्मान ही सच्ची समृद्धि का आधार। 

एक उंगली पर उठा पर्वत, टूट गया अहंकार

गोवर्धन पूजा की पौराणिक पृष्ठभूमि द्वापर युग की उस अद्भुत लीला से जुड़ी है, जब ब्रज में देवराज इंद्र की पूजा की तैयारियां हो रही थीं। मान्यता है कि वर्षा के देवता इंद्र को प्रसन्न करने के लिए गोकुलवासी प्रतिवर्ष यज्ञ और अनुष्ठान करते थे। बालकृष्ण ने नंदबाबा और ब्रजवासियों से प्रश्न किया कि जिस पर्वत से उनकी गायों को चारा, वनस्पति और जल मिलता है, जिस धरती पर उनकी आजीविका निर्भर है, उसकी उपासना क्यों न की जाए? कृष्ण ने उन्हें गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए प्रेरित किया। ब्रजवासियों ने विविध पकवान बनाए, पर्वत की परिक्रमा की और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त किया। इसे इंद्र ने अपना अपमान समझा। क्रोध में उन्होंने ब्रज पर मूसलधार वर्षा और प्रलयंकारी तूफान बरसा दिया। चारों ओर जलभराव, भय और तबाही का वातावरण बन गया। तब श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया। ब्रजवासी अपनी गायों और परिवारों के साथ उसके नीचे आश्रय लेकर सुरक्षित रहे। सात दिनों तक पर्वत अपनी अंगुली पर धारण किए कृष्ण के सामने अंततः इंद्र का अहंकार चूर हुआ। उन्हें अपनी भूल का बोध हुआ और उन्होंने श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी। इसी प्रसंग से भगवान का एक नाम गिरिधर और गोवर्धनधारी पड़ा। यह प्रसंग केवल चमत्कार की कथा नहीं, बल्कि सत्ता के अहंकार के सामने लोककल्याण की शक्ति का प्रतीक भी है। इसमें संदेश है कि प्रकृति पर मनुष्य का अधिकार नहीं, बल्कि उसका जीवन प्रकृति के संरक्षण और संतुलन पर निर्भर है। जब अहंकार विवेक पर हावी होता है, तब विनाश का रास्ता खुलता है और जब लोकमंगल सर्वोपरि होता है, तब संकट के बीच भी संरक्षण का मार्ग निकलता है।

छप्पन भोग : भक्ति की थाली में समूची धरती का वैभव

अन्नकूट के दिन मंदिरों और घरों में तैयार होने वाला छप्पन भोग इस पर्व की विशिष्ट पहचान है। मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन प्रकार के व्यंजन अर्पित किए जाते हैं। इनमें मिठाइयां, नमकीन, फल, मेवे, दूध, दही, माखन, मिश्री, खीर, पूड़ी, कचौड़ी, दाल, चावल, सब्जियां और अनेक पारंपरिक पकवान शामिल होते हैं। छप्पन भोग की परंपरा से जुड़ी एक लोकप्रिय मान्यता कृष्ण की बाललीला से संबंधित है। कहा जाता है कि माता यशोदा उन्हें दिन में आठ बार भोजन कराती थीं। गोवर्धन लीला के दौरान सात दिनों तक कृष्ण ने अन्न-जल ग्रहण नहीं किया। आठवें दिन जब ब्रजवासियों ने उन्हें भोजन कराया तो सात दिनों के आठ प्रहर के हिसाब से 56 भोग अर्पित किए गए। हालांकि यह लोकप्रचलित धार्मिक मान्यता है, जिसे भक्तिभाव से देखा जाता है। छप्पन भोग का वास्तविक सौंदर्य व्यंजनों की संख्या से कहीं आगे है। यह भारतीय खाद्य परंपरा, ऋतु आधारित भोजन, स्थानीय कृषि उत्पादों और सामूहिक पाक-संस्कृति का उत्सव है। कहीं बाजरे और ज्वार के व्यंजन बनते हैं तो कहीं चावल, दाल, कढ़ी, पूड़ी, हलवा, खीर और विविध मिठाइयां सजती हैं। हर क्षेत्र अपनी मिट्टी, मौसम और उपलब्ध उपज के अनुसार अन्नकूट को विशिष्ट स्वरूप देता है। इसमें एक गहरा सामाजिक संदेश भी है। भगवान के सामने छोटे-बड़े, अमीर-गरीब और ऊंच-नीच का भेद समाप्त हो जाता है। हर घर से आया अन्न एक ही अन्नकूट का हिस्सा बनता है और अंततः प्रसाद के रूप में सबमें वितरित होता है। यही भारतीय सामूहिकता की वह परंपरा है, जहां विविधता एक थाली में समाहित हो जाती है।

गोवर्धन : पर्वत नहीं, प्रकृति की पूरी जीवनशाला

गोवर्धन पर्वत को भारतीय परंपरा में केवल पत्थरों और मिट्टी का पहाड़ नहीं माना गया। वह ब्रज की जीवनरेखा, पशुधन का आश्रय, वनस्पतियों का भंडार और जलस्रोतों का संरक्षक है। पर्वत से निकलने वाली वनस्पतियां पशुओं का पोषण करती हैं, उसकी मिट्टी खेती को उपजाऊ बनाती है और उसके आसपास का प्राकृतिक परिवेश जीवन को गति देता है। आज जब दुनिया जलवायु परिवर्तन, घटते भूजल, प्रदूषण, जंगलों के विनाश और जैव विविधता के संकट से जूझ रही है, तब गोवर्धन पूजा का संदेश पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो उठता है। श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला मानो सदियों पहले ही मनुष्य को यह समझा गई थी कि प्रकृति के संसाधनों का सम्मान किए बिना सभ्यता का अस्तित्व संभव नहीं। गोवर्धन की पूजा दरअसल पर्वत, जंगल, जल, जमीन और जीव-जंतुओं के बीच मौजूद पारिस्थितिक संबंधों की आराधना है। यह पर्व बताता है कि प्रकृति से केवल लेना ही नहीं, उसे लौटाना भी मनुष्य का धर्म है। नदियों को स्वच्छ रखना, जलस्रोतों को बचाना, वृक्षों का संरक्षण करना और धरती की उर्वरता बनाए रखना भी उसी पूजा का विस्तार है।

गौ-पूजन : ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आत्मा का सम्मान

गोवर्धन पूजा के साथ गौ-पूजन की परंपरा भी गहराई से जुड़ी हुई है। भारतीय ग्रामीण जीवन में गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि परिवार, कृषि और अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार रही है। दूध, दही, घी, गोबर और जैविक खाद के माध्यम से उसने पीढ़ियों तक ग्रामीण जीवन को पोषित किया है। इस दिन गायों और बैलों को स्नान कराकर सजाया जाता है। उनके सींगों पर रंग लगाया जाता है, गले में घंटियां और फूलों की मालाएं पहनाई जाती हैं। आरती उतारकर उन्हें हरा चारा और गुड़ खिलाया जाता है। कई स्थानों पर गौशालाओं में विशेष आयोजन होते हैं। इस परंपरा का महत्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं होना चाहिए। पशुधन का संरक्षण, बेहतर नस्ल, पशु चिकित्सा, चारे की उपलब्धता और गौशालाओं का वैज्ञानिक प्रबंधन भी इसी सम्मान का व्यावहारिक रूप है। गोवर्धन पूजा हमें यह सोचने का अवसर देती है कि जिस पशुधन ने भारतीय कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सदियों तक संभाला, उसके संरक्षण के लिए हमारी जिम्मेदारियां क्या हैं।

गोबर से गोवर्धन : मिट्टी से जुड़ी संस्कृति का वैज्ञानिक संकेत

गोवर्धन पूजा पर घरों के आंगन में गोबर से गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक आकृति बनाने की परंपरा है। इसे फूलों, पत्तियों, अनाज और दीपों से सजाया जाता है। पूजा के बाद परिक्रमा की जाती है और अन्न, जल तथा अन्य पूजन सामग्री अर्पित की जाती है। भारतीय ग्रामीण संस्कृति में गोबर का विशेष महत्व रहा है। पारंपरिक रूप से इसका उपयोग खाद, ईंधन और घर-आंगन की लिपाई में किया जाता रहा है। जैविक कृषि में गोबर से तैयार खाद मिट्टी की संरचना और उर्वरता बनाए रखने में उपयोगी होती है। इस तरह गोबर से गोवर्धन बनाने की परंपरा मिट्टी, पशुधन और कृषि के बीच के उस रिश्ते की याद दिलाती है, जिसे आधुनिक विकास की दौड़ में कहीं पीछे छोड़ दिया गया है। आज आवश्यकता इस बात की है कि परंपरा के साथ वैज्ञानिक समझ भी जुड़े। जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग और स्थानीय कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहन मिले। यही गोवर्धन पूजा के मूल भाव को जीवन में उतारना होगा।

किसान के श्रम का सम्मान है अन्नकूट

अन्नकूट का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि यह अन्न के पीछे छिपे श्रम को भी सम्मान देता है। खेत में बीज डालने से लेकर फसल काटने तक किसान मौसम की अनिश्चितताओं, सिंचाई, लागत और बाजार की चुनौतियों से जूझता है। तब जाकर अन्न की वह थाली तैयार होती है, जिसे हम भगवान को अर्पित करते हैं। एक दाना अनाज हमारे सामने आने से पहले मिट्टी, पानी, धूप, हवा और किसान के परिश्रम से गुजरता है। इसलिए अन्नकूट केवल भगवान के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर नहीं, अन्नदाता के प्रति कृतज्ञता जताने का भी पर्व है। विडंबना यह है कि एक ओर मंदिरों में अन्न के पहाड़ सजाए जाते हैं, दूसरी ओर समाज में भोजन की बर्बादी और भूख की समस्या बनी रहती है। ऐसे में अन्नकूट का संदेश तभी सार्थक होगा, जब प्रसाद के सम्मान के साथ अन्न का संरक्षण भी हमारी आदत बने। जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचे, खाद्यान्न की बर्बादी रुके और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, यही इस पर्व की सामाजिक परिणति होनी चाहिए।

काशी में अन्नपूर्णा की कृपा से गोवर्धन तक अन्न का महात्म्य

काशी की आध्यात्मिक चेतना में अन्न का महत्व विशेष रूप से प्रतिष्ठित है। यहां मां अन्नपूर्णा को अन्न और पोषण की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है। बाबा विश्वनाथ की नगरी में अन्नपूर्णा की आराधना का भाव इस विश्वास से जुड़ा है कि संसार में कोई भूखा न रहे। अन्नदान को यहां महादान की संज्ञा दी गई है। काशी विश्वनाथ धाम में अन्नकूट महापर्व पर भगवान विश्वेश्वर को छप्पन भोग अर्पित करने की परंपरा इस उत्सव की धार्मिक गरिमा को और विस्तार देती है। मां अन्नपूर्णा की नगरी में अन्न की आराधना और गोवर्धन पूजा का भाव एक-दूसरे से गहरे जुड़े दिखाई देते हैं। एक ओर अन्न को देवी का स्वरूप माना गया है तो दूसरी ओर उसे भगवान श्रीकृष्ण का प्रिय भोग बनाकर समर्पित किया जाता है। यहां अन्न केवल उपभोग की वस्तु नहीं, सेवा, समर्पण और लोककल्याण का माध्यम है। काशी की यही परंपरा भारतीय संस्कृति के उस व्यापक दर्शन को सामने लाती है, जिसमें भोजन कराना भी पूजा है और भूखे को भोजन देना भी ईश्वर की सेवा।

No comments:

Post a Comment

दीपों की सुनामी में डूबी शिवनगरी, आसमान में इंद्रधनुष, घर-आंगन में लक्ष्मी का वंदन

दीपों की सुनामी में डूबी शिवनगरी, आसमान में इंद्रधनुष, घर-आंगन में लक्ष्मी का वंदन  आतिशबाजी से रात के सीने पर उकेरी रोशनी की...