Monday, 23 November 2026

दीपों की आभा में देवलोक बनेगी काशी, गंगा की लहरों पर उतरेगा स्वर्ग!

दीपों की आभा में देवलोक बनेगी काशी, गंगा की लहरों पर उतरेगा स्वर्ग! 

21 लाख दीपों से घाट-कुंड और रेती के साथ घर आंगन होगी रोशन, 2100 ड्रोन रचेंगे आसमान में शिव तांडव, लेजर शो और हरित आतिशबाजी बढ़ाएंगे उत्सव की आभा

15 लाख श्रद्धालुओं की अगवानी को सुरक्षा का अभेद्य घेरा, जल-थल पर तीन हजार से अधिक जवानों की तैनाती

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि होंगे

सुरेश गांधी

वाराणसी. काशी के अर्धचंद्राकार घाटों पर मंगलवार की शाम जब लाखों दीप एक साथ प्रज्ज्वलित होंगे, गंगा की लहरों पर उनकी सुनहरी आभा थिरकेगी और मंत्रों के बीच मां गंगा की महाआरती होगी, तब देवताओं की नगरी का अलौकिक स्वरूप साकार होगा। कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाला यह दीपोत्सव इस बार परंपरा, आध्यात्मिकता और आधुनिक तकनीक के अद्भुत समन्वय का साक्षी बनेगा। घाटों से कुंडों और गंगा पार की रेती तक 21 लाख से अधिक दीपों की रोशनी फैलेगी तो आसमान में 2100 स्वदेशी ड्रोन भगवान शिव के तांडव और गंगा अवतरण के दृश्य उकेरेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने आयोजन को भव्य और दिव्य बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि होंगे।

घाटों से रेती तक दीपों का महासागर

इस बार काशी के 88 पक्के घाटों पर 83 समितियों और जनसहभागिता से पांच लाख दीप जलेंगे। गंगा पार रेती में 3.5 लाख और शहर के 103 कुंडों पर 2.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित होंगे। मिट्टी के करीब 10 लाख और गोबर से बने एक लाख दीप पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देंगे। शाम 5:15 से 5:45 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन होगा। इसके बाद प्रमुख घाटों पर छह से सात बजे तक गंगा आरती की दिव्यता बिखरेगी। सरकारी भवनों, प्रमुख प्रतिष्ठानों और होटलों की विद्युत सजावट से शहर भी उत्सव के रंग में रंगा नजर आएगा।

आसमान में शिव तांडव, गंगा अवतरण की झांकी

चेतसिंह घाट पर शाम 7:20 से 7:45 बजे तक 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो होगा। इसके बाद गंगा पार रेती में रात आठ बजे 2100 स्वदेशी ड्रोन से भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य जीवंत होंगे। ललिता घाट के सामने रात 8:30 बजे हरित आतिशबाजी आसमान को रंगों से भर देगी।

महाआरती में शौर्य और राष्ट्रीयता का संदेश

दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से 21 कुंतल फूलों और 51 हजार दीपों से सजावट होगी। 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं मां गंगा की आरती करेंगी। कारगिल के शहीदों को समर्पित आयोजन में अमर जवान ज्योति की अनुकृति के समक्ष रीथ लेइंग होगा। वहीं गंगोत्री सेवा समिति की ओर से 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा। 108 किलोग्राम की अष्टधातु प्रतिमा और फूलों से सजा घाट श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा।

सुरक्षा के लिए 25 से अधिक आईपीएस, तीन हजार जवान तैनात

10 से 15 लाख श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने आठ जोन, 16 सेक्टर और 32 सब-सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था बांटी है। 25 से अधिक आईपीएस, 50 से अधिक पीपीएस और तीन हजार से अधिक महिला-पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सीआरपीएफ, पीएसी और क्यूआरटी भी मुस्तैद रहेंगी। घाटों पर सीसीटीवी, ड्रोन, वॉच टावर, मेटल डिटेक्टर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम से निगरानी होगी। नदी क्षेत्र को सात सेक्टरों में बांटकर नावों के लिए तीन अलग-अलग लेन बनाई जा रही हैं। लाइफ जैकेट अनिवार्य होगी। ओवरलोडिंग, नशे में नाव संचालन और प्रतिबंधित डीजल चालित नावों पर सख्ती रहेगी। चेतसिंह घाट पर फ्लोटिंग पुलिस स्टेशन और रेस्क्यू बोट भी तैनात रहेंगी।

अतिथि बनकर आएंगे श्रद्धालु, मेजबान की भूमिका में पुलिस

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत और संवेदनशील व्यवहार करें। यातायात डायवर्जन, नो-व्हीकल जोन और निर्धारित पार्किंग का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी कार्ड के साथ समय से पहले तैनाती और लगातार भ्रमण के निर्देश दिए गए हैं। आगंतुकों को सर-मैडम कहकर संबोधित करने और जरूरत पड़ने पर स्वयं आगे बढ़कर मदद करने पर विशेष जोर है।

मान्यता में शिव विजय, परंपरा में दीपदान

धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसी विजय की खुशी में देवताओं ने काशी में दीपोत्सव मनाया। मान्यता है कि इस दिन देवता स्वयं गंगा तट पर दीपदान और महाआरती के साक्षी बनते हैं। पंचगंगा घाट से शुरू हुई दीपदान की परंपरा आज घाटों, कुंडों और तालाबों तक विस्तृत हो चुकी है। यही आस्था हर वर्ष लाखों लोगों को काशी खींच लाती है। मंगलवार को एक बार फिर गंगा की लहरों पर दीपों की झिलमिलाहट और आकाश में शिवमय आकृतियां काशी को देवलोक का स्वरूप देंगी।

No comments:

Post a Comment

दीपों की आभा में देवलोक बनेगी काशी, गंगा की लहरों पर उतरेगा स्वर्ग!

दीपों की आभा में देवलोक बनेगी काशी , गंगा की लहरों पर उतरेगा स्वर्ग !  21 लाख दीपों से घाट - कुंड और रेती के साथ घर आं...