Friday, 1 May 2026

‘खास दिन’ का सच : जिनके लिए था जश्न, वही रोटी की जंग में सड़कों पर पसीना बहाते मिले

‘खास दिन’ का सच : जिनके लिए था जश्न, वही रोटी की जंग में सड़कों पर पसीना बहाते मिले 

आठ घंटे काम, आठ घंटे आराम और आठ घंटे मनोरंजन की हकीकत बयां करती तस्वीरें

सुरेश गांधी  

वाराणसी. सुबह के आठ बजते ही शहर की सड़कों पर चहल-पहल बढ़ने लगती है। कहीं मंच सज रहे हैं, कहीं बैनर टंग चुके हैं, कहीं भाषणों की तैयारी है—“आज का दिन खास है”, यह वाक्य हर ओर गूंज रहा है। लेकिन इसी शोर-शराबे से कुछ ही कदम दूर, उन्हीं सड़कों और गलियों में एक और सच्चाई पसरी हुई है—खामोश, लेकिन चुभने वाली। यह रिपोर्ट उन्हीं चेहरों की है, जिनके नाम पर यह ‘खास दिन’ मनाया जा रहा है। 

पसीने में भीगी सुबह, पेट की चिंता पहले

लहुराबीर चौराहे के पास सुबह-सुबह रामलाल अपने ठेले पर सब्जियां सजाते मिले। माथे पर पसीना, आंखों में थकान, लेकिन हाथ रुके नहीं। जब उनसे पूछा गया कि आज तो उनका ‘खास दिन’ है, तो हल्की मुस्कान के साथ बोले— “साहब, दिन खास तब होगा जब घर में चूल्हा बिना चिंता के जले। अभी तो दो जून की रोटी ही सबसे बड़ा जश्न है।” रामलाल जैसे सैकड़ों लोग हैं, जिनके लिए आज का दिन कैलेंडर पर भले खास हो, लेकिन जिंदगी में वही रोज़ का संघर्ष है।

जश्न के पोस्टर, लेकिन ज़मीनी सच्चाई अलग

नगर निगम के पास बड़े-बड़े पोस्टर लगे हैं—सम्मान, अधिकार, सशक्तिकरण के दावे। मंच पर नेता और अधिकारी भाषणों में उपलब्धियां गिना रहे हैं। लेकिन इन
दावों
के ठीक नीचे, फुटपाथ पर बैठी गुड्डी अपनी छोटी सी दुकान पर चाय बना रही है। दो छोटे बच्चे पास में खेलते हुए कभी-कभी मां का हाथ बंटा देते हैं। गुड्डी कहती हैं— “टीवी पर तो बहुत कुछ दिखता है, पर हमारी जिंदगी में क्या बदला? आज भी सुबह से शाम तक यही काम है, तभी घर चलता है।”

मेहनत की आवाज़, जो भाषणों में नहीं सुनाई देती

मजदूरों का एक समूह सिगरा इलाके में ईंट ढोते दिखा। दिन चढ़ते-चढ़ते धूप तेज हो गई, लेकिन काम रुका नहीं। एक मजदूर, श्याम, ने साफ कहा— “हमारे लिए हर दिन एक जैसा है। आज भी काम करेंगे, तभी खाना मिलेगा। जश्न से पेट नहीं भरता।” उनकी बात में शिकायत कम, सच्चाई ज्यादा थी।

बच्चों की दुनिया भी संघर्ष में उलझी

इन सड़कों पर सिर्फ बड़े ही नहीं, बच्चे भी उसी संघर्ष का हिस्सा हैं। कोई चाय की दुकान पर काम कर रहा है, कोई कूड़ा बीन रहा है, कोई रिक्शा में मदद कर रहा है। जब पूछा कि स्कूल क्यों नहीं जाते, तो एक बच्चे ने सीधा जवाब दिया— “घर में पैसे नहीं हैं, काम करेंगे तो ही खाना मिलेगा।” यह जवाब किसी भी जश्न से ज्यादा भारी पड़ता है।

‘खास दिन’ और ‘कठिन जीवन’ के बीच की खाई

सरकारें योजनाएं बनाती हैं, घोषणाएं होती हैं, और हर साल यह ‘खास दिन’ बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि जिनके लिए यह सब किया जा रहा है, वे आज भी बुनियादी जरूरतों—रोटी, शिक्षा, स्वास्थ्य—के लिए जूझ रहे हैं। यह खाई सिर्फ आर्थिक नहीं, बल्कि संवेदनाओं की भी है।

सवाल जो हर साल उठता है

क्या ‘खास दिन’ सिर्फ एक औपचारिकता बनकर रह गया है? क्या जश्न और भाषण उन लोगों तक पहुंच पा रहे हैं, जिनके नाम पर ये सब होता है? हो जो भी हकीकत तो यही है जश्न से ज्यादा जरूरी बदलाव हो. अगर जश्न के दिन भी हालात नहीं बदलते, तो फिर इस ‘खास दिन’ का असली मतलब क्या है? जिनके लिए यह दिन समर्पित है, अगर वे ही सड़कों पर पसीना बहाकर दो जून की रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो जरूरत सिर्फ जश्न मनाने की नहीं, बल्कि व्यवस्था में वास्तविक बदलाव लाने की है। क्योंकि असली ‘खास दिन’ वही होगा, जब इन सड़कों पर पसीना नहीं, संतोष दिखेगा।

8 घंटे की शिफ्ट के पीछे का संघर्ष

आज दफ्तरों या कारखानों में 8 घंटे काम करने का नियम हमें बहुत मामूली बात लगती है, लेकिन यह अधिकार किसी ने तोहफे में नहीं दिया है। 19वीं सदी में औद्योगिक क्रांति के दौर में मजदूरों से जानवरों की तरह 12 से 16 घंटे काम लिया जाता था। इस भयानक शोषण के खिलाफ 1 मई 1886 को अमेरिका में एक बड़ा आंदोलन भड़का। मजदूरों की मांग साफ थी- "आठ घंटे काम, आठ घंटे आराम और आठ घंटे मनोरंजन।"शिकागो के हैमार्केट स्क्वायर में इसी मांग को लेकर इकट्ठा हुए मजदूरों पर हिंसा हुई और कई बेगुनाह मारे गए। इस शहादत ने पूरी दुनिया की आंखें खोल दीं। इसी घटना की याद में 1889 में पेरिस के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में यह तय किया गया कि हर साल 1 मई को 'अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस' के रूप में मनाया जाएगा।

फ्री का फंदा, ठगी का धंधा: सोशल मीडिया पर पनप रहा डिजिटल क्राइम इंडस्ट्री

फ्री का फंदा, ठगी का धंधा: सोशल मीडिया पर पनप रहा डिजिटल क्राइम इंडस्ट्री 

सोशल मीडिया की चमक-दमक के पीछे एक खतरनाक सच्चाई तेजी से पैर पसार रही है। फेबसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर इन दिनों “फ्री ऑफर” के नाम पर ठगी का एक सुनियोजित नेटवर्क सक्रिय है। 1000 का फ्री रिचार्ज, खोया मोबाइल तुरंत ढूंढें, घर बैठे इनाम जीतें, ऐसे दावे अब आम हो चुके हैं, लेकिन इनके पीछे छिपा सच बेहद गंभीर है। ‘एक क्लिक में रिचार्ज’ से ‘लोकेशन ट्रेस’ तक, झूठे वादों का बाजार. बड़ा सवाल कब जागेंगी टेक कंपनियां और कब सख्त होगा सिस्टम? 

सुरेश गांधी

डिजिटल क्रांति ने भारत को नई रफ्तार दी है, लेकिन इसी रफ्तार के साथ एक खतरनाक अंधेरा भी तेजी से फैल रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासतौर पर फेसबुक और इंस्टाग्राम अब केवल संवाद और मनोरंजन के माध्यम नहीं रह गए हैं, बल्कि तेजी से डिजिटल ठगी के अड्डे बनते जा रहे हैं। “1000 का फ्री रिचार्ज”, “खोया मोबाइल तुरंत लोकेशन ट्रेस”, “घर बैठे इनाम जीतें”, ये सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि एक सुनियोजित जाल है, जिसमें हर दिन लाखों लोग फंस रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह ठगी अब छिटपुट नहीं रही, बल्कि एक संगठित डिजिटल उद्योग का रूप ले चुकी है। फर्जी वेबसाइट्स का एक पूरा नेटवर्क तैयार है, जो यूजर्स की मनोविज्ञान को समझकर उन्हें फंसाता है। 

लालच, जिज्ञासा और तकनीकी अज्ञानता, इन तीन कमजोरियों पर यह नेटवर्क खड़ा है। एक क्लिक, एक फॉर्म और फिर शुरू होता है डेटा चोरी, स्पैमिंग और संभावित आर्थिक ठगी का सिलसिला। ऐसे में बड़ा सवाल सिर्फ ठगों पर नहीं, बल्कि उन प्लेटफॉर्म्स पर भी है जो इस पूरे खेल के मूक दर्शक बने हुए हैं। आखिर क्यों ऐसे फर्जी लिंक और भ्रामक रील्स लाखों लोगों तक बिना रोक-टोक पहुंच रहे हैं? क्या एल्गोरिदम सिर्फ ‘वायरल’ देखता है, ‘सही-गलत’ नहीं? अगर कोई वीडियो लाखों व्यूज ला रहा है, तो क्या उसकी सच्चाई की जांच जरूरी नहीं? यह चुप्पी और ढील, दोनों ही संदिग्ध हैं।

तकनीकी कंपनियों को यह समझना होगा कि वे केवल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि समाज के डिजिटल संरक्षक भी हैं। कंटेंट मॉडरेशन की जिम्मेदारी से बचना अब संभव नहीं है। अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो यह डिजिटल अराजकता आने वाले समय में एक बड़े साइबर संकट का रूप ले सकती है। सरकार और प्रशासन की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। कानून हैं, तंत्र है, लेकिन क्रियान्वयन में तेजी और सख्ती की जरूरत है। साइबर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई, फर्जी वेबसाइट्स पर प्रतिबंध और डिजिटल साक्षरता अभियान, ये अब विकल्प नहीं, अनिवार्यता बन चुके हैं। 

हालांकि, इस पूरी लड़ाई में सबसे अहम भूमिका आम यूजर की है। जब तक लोग “फ्री” के लालच में बिना सोचे-समझे क्लिक करते रहेंगे, तब तक यह ठगी फलती-फूलती रहेगी। जागरूकता ही इसका सबसे बड़ा हथियार है। यह समझना जरूरी है कि कोई भी वेबसाइट मुफ्त में रिचार्ज नहीं देती. किसी की लोकेशन ट्रेस करना इतना आसान नहीं होता. निजी जानकारी साझा करना सबसे बड़ा जोखिम है. खोए मोबाइल को ढूंढने या सुरक्षा के लिए केवल आधिकारिक माध्यम, जैसे फाइंड माई डिवाइस, सीईआईआर पोर्टल ही भरोसेमंद हैं।

अंततः, यह सिर्फ एक तकनीकी समस्या नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना की परीक्षा है। क्या हम डिजिटल रूप से इतने परिपक्व हो पाए हैं कि सही और गलत में फर्क कर सकें? या फिर “फ्री” का लालच हमें बार-बार उसी जाल में धकेलता रहेगा? समय आ गया है कि हम न सिर्फ सतर्क रहें, बल्कि आवाज उठाएं। क्योंकि जब तक ठगी के इस तंत्र को बेनकाब नहीं किया जाएगा, तब तक यह “फ्री का फंदा” यूं ही लोगों को फंसाता रहेगा।

कैसे बुना जाता है यह डिजिटल जाल? 

ये फर्जी वेबसाइट्स पहले सोशल मीडिया पर आकर्षक रील या पोस्ट डालती हैं। यूजर जैसे ही लिंक पर क्लिक करता है, उसे एक ऐसी साइट पर ले जाया जाता है जहां, मोबाइल नंबर या पर्सनल डिटेल मांगी जाती है. नकली प्रोसेस (जैसे रिचार्ज प्रोसेसिंग...” या “लोकेशन ट्रेस हो रही है...) दिखाई जाती है. अंत में यूजर को कई लिंक शेयर करने या ऐप डाउनलोड करने को कहा जाता है. असल में यह पूरा सिस्टम क्लिक, डेटा और ट्रैफिक कमाने का फर्जी खेल होता है।

‘फ्री’ के नाम पर सबसे बड़ा धोखा

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के ऑफर तीन स्तर पर नुकसान पहुंचाते हैं, डेटा चोरी, मोबाइल नंबर, ईमेल, यहां तक कि ओटीपी तक हासिल करने की कोशिश. आर्थिक ठगी: भविष्य में बैंकिंग फ्रॉड या यूपीआई स्कैम का खतरा. डिजिटल प्रोफाइलिंग: यूजर की आदतों और जानकारी को बेचकर मुनाफा कमाना.

क्यों तेजी से बढ़ रहा यह ट्रेंड?

सस्ते इंटरनेट और बढ़ते स्मार्टफोन यूजर्स. डिजिटल जागरूकता की कमी. “फ्री” और “तुरंत” पाने की मानसिकता. एल्गोरिदम द्वारा वायरल कंटेंट को बढ़ावा. ग्रामीण और छोटे शहरों के यूजर्स इस जाल का सबसे बड़ा शिकार बन रहे हैं।

प्रशासन और कंपनियों की जिम्मेदारी

यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर फर्जी लिंक और साइट्स कैसे चल रही हैं? क्या सोशल मीडिया कंपनियों की निगरानी कमजोर है या फिर यह एक संगठित डिजिटल गैंग का काम है? विशेषज्ञों की मांग है: ऐसे लिंक को तुरंत ब्लॉक किया जाए. दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो. डिजिटल साक्षरता अभियान तेज किया जाए.

खतरा सिर्फ समय का नहीं, डेटा का भी

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की साइट्स का मकसद सिर्फ क्लिक बटोरना नहीं होता, बल्कि कई बार ये यूजर का, मोबाइल नंबर, ब्राउजिंग डाटा, ओटीपी या अन्य संवेदनशील जानकारी चुराने का प्रयास भी करती हैं। इससे भविष्य में साइबर ठगी, स्पैम कॉल और अकाउंट हैकिंग का खतरा बढ़ जाता है।

जागरूक बनें, सुरक्षित रहें

किसी भी “फ्री ऑफर” पर तुरंत भरोसा न करें. अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें. अपनी निजी जानकारी साझा न करें. संदिग्ध साइट दिखे तो रिपोर्ट करें. मतलब साफ है “फ्री ऑफर” का यह जाल अब केवल छोटी-मोटी ठगी नहीं, बल्कि एक बड़ा डिजिटल अपराध उद्योग बन चुका है। जरूरत है कि हर यूजर सजग बने, सवाल पूछे और इस तरह के काले कारनामों को उजागर कर समाज को जागरूक करे।

श्रद्धालुओं की सुविधा पर नए सीईओ की पहली नजर, काशी विश्वनाथ धाम का गहन निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुविधा पर नए सीईओ की पहली नजर , काशी विश्वनाथ धाम का गहन निरीक्षण  प्रवेश से निकास तक परखी व्यवस्था , जिग...