Wednesday, 3 June 2026

पुलिस भर्ती परीक्षा पर कमिश्नरेट का ‘अभेद्य सुरक्षा कवच’

पुलिस भर्ती परीक्षा पर कमिश्नरेट काअभेद्य सुरक्षा कवच’ 

8 से 10 जून तक होने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट, नकल माफिया और अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर 

सुरेश गांधी 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस और जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा से पहले बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर सुरक्षा, निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। 

बैठक में स्पष्ट किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। परीक्षार्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच और फ्रिस्किंग की जाएगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी पृथक इनक्लोजर में करेंगी। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और निर्धारित पेन के साथ ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा।

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का -केवाईसी कराया जाए तथा उनकी भी जांच और फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए। केंद्र प्रभारी को छोड़कर किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के मोबाइल फोन प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी ड्यूटी कर्मियों को वैध पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा।

परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास संदिग्ध गतिविधियों, अनावश्यक भीड़ तथा नकल गिरोहों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग होगी और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना का तत्काल खंडन किया जाएगा। पूर्व में परीक्षा अनियमितताओं में शामिल रहे तत्वों और नकल माफियाओं को भी पुलिस रडार पर रखा गया है।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा परीक्षा में व्यवधान की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षा स्थल, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अभ्यर्थियों की सुविधाओं का भी जायजा लिया। प्रशासन का दावा है कि वाराणसी में भर्ती परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जाएगी।

केंद्रों पर क्या रहेगा प्रतिबंधित

मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस

यूएसबी ड्राइव, कैमरा, डिजिटल पेन

कैलकुलेटर, पर्स, सनग्लास, कैप

ज्वेलरी, चाबी, हेल्थ बैंड

खाद्य सामग्री, कागज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण

"निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी। नकल माफियाओं और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।"

मोहित अग्रवाल, पुलिस आयुक्त, वाराणसी 

"परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सुविधाएं हमारी प्राथमिकता हैं। सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।"

सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी, वाराणसी

No comments:

Post a Comment

पुलिस भर्ती परीक्षा पर कमिश्नरेट का ‘अभेद्य सुरक्षा कवच’

पुलिस भर्ती परीक्षा पर कमिश्नरेट का ‘ अभेद्य सुरक्षा कवच ’  8 से 10 जून तक होने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए पुलिस -...