Wednesday, 22 July 2026

"बूथ जीतो, चुनाव जीतो" केवल नारा नहीं, भाजपा की विजय का सिद्ध मंत्र, हर बूथ बनेगा अभेद्य दुर्ग

काशी से उठा चुनावी शंखनाद... बूथ-बूथ लिखी जा रही 2027 की विजयगाथा

"बूथ जीतो, चुनाव जीतो" केवल नारा नहीं, भाजपा की विजय का सिद्ध मंत्र, हर बूथ बनेगा अभेद्य दुर्ग 

प्रदेश की 403 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, काशी क्षेत्र की 71 विधानसभाओं में संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह बोले— — मजबूत बूथ ही तीसरी बार सत्ता तक पहुंचने का सबसे बड़ा आधार 

सुरेश गांधी 

वाराणसी. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की औपचारिक आहट भले अभी दूर हो, लेकिन भाजपा ने चुनावी रणभूमि की सबसे निर्णायक चौकीबूथपर अपना पहरा और मजबूत करना शुरू कर दिया है। प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों के माध्यम से भाजपा ने स्पष्ट संकेत दे दिया कि उसकी चुनावी रणनीति का केंद्र सत्ता नहीं, बल्कि संगठन होगा। काशी क्षेत्र की 71 विधानसभा सीटों पर हुए इन सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए बूथों को अभेद्य बनाने का संकल्प दोहराया गया। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बूथ अध्यक्षों का बूथवार सत्यापन कर सीधे जमीनी संगठन की नब्ज टटोली और स्पष्ट संदेश दिया कि "पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन है।

बूथ अध्यक्ष ही भाजपा की चुनावी विजय का पहला प्रहरी : धर्मपाल सिंह

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लिए बूथ केवल मतदान केंद्र नहीं, बल्कि विचार, संगठन और जनविश्वास का सबसे मजबूत केंद्र है। उन्होंने कहा कि बूथ पर पार्टी की ताकत बढ़ाना बूथ अध्यक्ष का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व है। यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा और संगठन मजबूत होगा तो चुनावी विजय स्वतः सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का बहुचर्चित सूत्र "बूथ जीतो, चुनाव जीतो" केवल चुनावी नारा नहीं बल्कि वर्षों के संगठनात्मक अनुभव से निकला विजय मंत्र है। इसी सिद्धांत के बल पर भाजपा ने देश और प्रदेश की राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

353 बूथ अध्यक्षों का बूथवार सत्यापन, संगठन की जमीनी हकीकत परखी

सम्मेलन की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि शहर दक्षिणी विधानसभा के सभी 353 बूथ अध्यक्षों का व्यक्तिगत सत्यापन किया गया। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के लिए अलग सीट निर्धारित थी, जिस पर विधानसभा संख्या 389, बूथ क्रमांक और संबंधित बूथ अध्यक्ष का नाम अंकित था। यह व्यवस्था भाजपा की सूक्ष्म संगठनात्मक कार्यशैली का परिचायक बनी। धर्मपाल सिंह ने प्रत्येक बूथ की सक्रियता, सदस्यता, संगठनात्मक स्थिति और कार्यकर्ताओं की भागीदारी की जानकारी लेकर आगामी चुनाव की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया।

पुराने कार्यकर्ता ही संगठन की पूंजी, नए कार्यकर्ता उसका भविष्य

धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों और कार्यक्रमों से नहीं आती बल्कि निरंतर संवाद, समन्वय और सक्रिय भागीदारी से बनती है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय और प्राथमिक सदस्यों की अद्यतन सूची तैयार की जाए तथा पुराने कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नए स्वयंसेवकों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी तय होनी चाहिए ताकि बूथ समिति जीवंत और सक्रिय बनी रहे। बूथ स्तर पर प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ के सभी पदाधिकारियों के बीच समन्वय ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

राष्ट्र प्रथम की भावना ही भाजपा कार्यकर्ता की पहचान

धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सत्ता के लिए नहीं बल्कि "राष्ट्र प्रथम" की भावना से कार्य करता है। सेवा, समर्पण और संगठन ही भाजपा की कार्य संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा पहुंचाने का कार्य पूरी निष्ठा से करते हैं।

2027 के लिए 'पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी' का मंत्र

प्रदेश महामंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अभी से पूरी तैयारी प्रारंभ करनी होगी। उन्होंने कहा कि चुनाव घोषणा के बाद तैयारी करने वाला संगठन पीछे रह जाता है, जबकि भाजपा पहले से बूथ स्तर तक अपनी संरचना को मजबूत करने की रणनीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ को 'आदर्श बूथ' बनाया जाए तथा स्थानीय नागरिकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी, बूथ अध्यक्ष उसकी ऊर्जा का केंद्र : डॉ. नीलकंठ तिवारी

शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संपूर्ण संगठन कार्यकर्ताओं की शक्ति पर खड़ा है। बूथ अध्यक्ष संगठन की वह कड़ी है जो सरकार, संगठन और समाज के बीच सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होता बल्कि वर्षभर समाज सेवा, जनसंपर्क और जनकल्याण के कार्यों में लगा रहता है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष के नेतृत्व में ही सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं और यही भाजपा की सबसे बड़ी संगठनात्मक विशेषता है।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ

सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महानगर उपाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन महानगर उपाध्यक्ष साधना वेदांती ने दिया। सम्मेलन में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, आत्मा विश्वेश्वर, जगदीश त्रिपाठी, इंजीनियर अशोक यादव, एडवोकेट अशोक जाटव, बबलू सेठ, राजीव सिंह डब्बू, तारकेश्वर गुप्ता 'बंटी', नवरत्न राठी, संतोष सोलापुरकर, गोपाल जी गुप्ता, संजय केशरी, अंकुर मल्होत्रा, नलिन नयन मिश्रा, मनोज यादव, कनकलता मिश्रा, श्रवण गुप्ता, संदीप चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सभी 353 बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।

2027 विजय का भाजपा का 'बूथ फॉर्मूला'

प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ बूथ सम्मेलन

काशी क्षेत्र की 71 विधानसभा में संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन

शहर दक्षिणी के 353 बूथ अध्यक्षों का व्यक्तिगत सत्यापन

"बूथ जीतो, चुनाव जीतो" को बनाया गया मुख्य चुनावी मंत्र

पुराने और नए कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद पर विशेष जोर

हर बूथ को आदर्श एवं अभेद्य संगठनात्मक इकाई बनाने का लक्ष्य

"राष्ट्र प्रथम" की भावना के साथ 2027 की चुनावी तैयारी का आह्वान 

2027 की जीत का मंत्र: "मेरा बूथ, सबसे मजबूत", भदोही में भाजपा ने बूथ कार्यकर्ताओं में फूंका चुनावी जोश 

भदोही, ज्ञानपुर और औराई विधानसभा क्षेत्रों के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों में संगठन की मजबूती पर जोर, कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान

सुरेश गांधी

भदोही। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देते हुए बुधवार को भदोही की तीनों विधानसभा सीटोंभदोही, ज्ञानपुर और औराईमें बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए। सम्मेलन में संगठन की सबसे छोटी इकाई बूथ को चुनावी विजय का सबसे मजबूत आधार बताते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से जनसंपर्क और संगठन विस्तार में जुटने का आह्वान किया गया।

भदोही विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों की बैठक सुरियावां स्थित पूर्व विधायक रवीन्द्र नाथ त्रिपाठी के प्रतिष्ठान पर आयोजित हुई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध तिवारी, पूर्व विधायक रवीन्द्र नाथ त्रिपाठी तथा मुख्य अतिथि के रूप में मिर्जापुर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन महेश जायसवाल उपस्थित रहे। बैठक में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री सरवर सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र "मेरा बूथ, सबसे मजबूत" ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में विजय सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर को और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में जीत का वास्तविक आधार जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। बूथ स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही संगठन घर-घर तक अपनी नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को पहुंचा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत करने तथा जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया। सरवर सिद्दीकी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों तथा "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के संकल्प के आधार पर भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पुनः प्रचंड जनसमर्थन प्राप्त करेगी। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने भी संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को चुनावी सफलता की कुंजी बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेने का आह्वान किया।

No comments:

Post a Comment

"बूथ जीतो, चुनाव जीतो" केवल नारा नहीं, भाजपा की विजय का सिद्ध मंत्र, हर बूथ बनेगा अभेद्य दुर्ग

काशी से उठा चुनावी शंखनाद ... बूथ - बूथ लिखी जा रही 2027 की विजयगाथा " बूथ जीतो , चुनाव जीतो " केवल नारा नहीं , भा...