Tuesday, 11 August 2026

2027 का शंखनाद : काशी की सभी 71 सीटों पर कमल खिलाने का लक्ष्य

 

2027 का शंखनाद : काशी की सभी 71 सीटों पर कमल खिलाने का लक्ष्य 

पहली बार काशी पहुंचे क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह ने सर्किट हाउस में की तीन बड़ी संगठनात्मक बैठकें, सांसद-विधायकों पदाधिकारियों को दिया एकजुटता का मंत्र

सुरेश गांधी

वाराणसी. भाजपा ने काशी क्षेत्र में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का औपचारिक शंखनाद कर दिया है। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी रमेश सिंह ने मंगलवार को अपने प्रथम काशी प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में लगातार तीन महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय होने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 2027 में काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभा सीटों पर कमल खिलाना भाजपा का लक्ष्य है और इसे हासिल करने के लिए संगठन को एक लय, एक स्वर और एक वातावरण में काम करना होगा।

बैठकों में काशी क्षेत्र के 16 संगठनात्मक जिलों के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, प्रदेश एवं क्षेत्र पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी तथा तिरंगा यात्रा व्यवस्था टोली के पदाधिकारी शामिल हुए। चुनावी तैयारियों, संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण और आगामी अभियानों की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। रमेश सिंह ने कहा कि चुनाव के समय देश और दुनिया की निगाहें काशी क्षेत्र पर रहती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि काशी के कार्यकर्ता कर्मठ, अनुशासित और परिश्रमी हैं तथा यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आह्वान किया कि हर कार्यकर्ता बूथ तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को जन-जन तक पहुंचाए।

काशी के कण-कण में शंकर

प्रथम काशी प्रवास पर मिले स्वागत से भावुक दिखे रमेश सिंह ने काशी से अपने पुराने संबंधों को याद किया। उन्होंने कहा कि बचपन में जब वे काशी आते थे तो लोग कहते थे किकाशी के कण-कण में शंकर बसते हैं।आज उन्हें वही भाव भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण ही संगठन की वास्तविक पूंजी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि काशी को विश्व पटल पर नई पहचान मिली है और उनके नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी है। उन्होंने कहा कि काशी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है क्योंकि प्रधानमंत्री स्वयं यहां के सांसद हैं।

टिकट से बड़ा संगठन

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण संदेश संगठनात्मक एकता रहा। रमेश सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव लड़ने की इच्छा रखना स्वाभाविक है, लेकिन पार्टी जिस उम्मीदवार को कमल का निशान दे, उसके बाद सभी कार्यकर्ताओं का पहला दायित्व उसकी जीत सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत आकांक्षाएं संगठन से बड़ी नहीं हो सकतीं और मतभेदों को चुनावी सफलता के रास्ते में नहीं आने देना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि विचारधारा और संगठन की विजय का अभियान है। इसलिए गिले-शिकवे भुलाकर पूरी शक्ति के साथ पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में जुटना होगा।

 त्याग और तपस्या से बनी भाजपा

भाजपा के इतिहास का स्मरण कराते हुए क्षेत्र प्रभारी ने कहा कि पार्टी आज जिस ऊंचाई पर पहुंची है, वह वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी और कल्याण सिंह जैसे नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने गांव-गांव जाकर संगठन खड़ा किया। उसी परंपरा को आगे बढ़ाना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों से बेहतर समन्वय बनाकर टीम भावना से काम करने पर जोर दिया और कहा कि संगठन विस्तार तथा बूथ सुदृढ़ीकरण ही 2027 की जीत की आधारशिला बनेगा।

तिरंगा यात्रा पर भी विशेष चर्चा

सर्किट हाउस में हुई बैठकों में आगामी तिरंगा यात्रा अभियान को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। जिला और महानगर स्तर की व्यवस्था टोलियों से संवाद कर कार्यक्रमों को प्रभावी, अनुशासित और व्यापक जनभागीदारी वाला बनाने पर जोर दिया गया। संगठनात्मक जिलों की समीक्षा के दौरान सदस्यता, बूथ समितियों की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों की तैयारी का भी आकलन किया गया। बैठक की अध्यक्षता काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की। स्वागत उद्बोधन भी उन्होंने ही दिया। संचालन क्षेत्र महामंत्री संतोष पटेल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश उपाध्यक्ष एवं किसान मोर्चा प्रभारी शंकर गिरी ने किया।

ये रहे मंचासीन

मंच पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, शंकर गिरी, कृष्ण बिहारी राय, सुरेश मौर्य, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, प्रदेश मंत्री राकेश बिंद, राज्य मंत्री संजीव गौड़ और क्षेत्र महामंत्री संतोष पटेल उपस्थित रहे।

प्रमुख उपस्थिति

बैठक में जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, रमेश जायसवाल, रत्नाकर मिश्रा और कैलाश आचार्य, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय और विनीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि काशी क्षेत्र में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन अब अभियान मोड में प्रवेश कर चुका है। बूथ स्तर तक सक्रियता, संगठनात्मक अनुशासन और व्यापक जनसंपर्क के सहारे पार्टी ने काशी की सभी 71 सीटों पर विजय का लक्ष्य तय कर दिया है। 

No comments:

Post a Comment

बिजली सुधार में भ्रष्टाचार नहीं चलेगा : 550 करोड़ की योजनाओं पर मंत्री की कड़ी निगरानी

बिजली सुधार में भ्रष्टाचार नहीं चलेगा   : 550 करोड़ की योजनाओं पर मंत्री की कड़ी निगरानी पार्षदों और अभियंताओं की संयुक्त ...