Sunday, 2 August 2026

उमसभरी गर्मी में मंत्री रविन्द्र जायसवाल का तूफानी विकास दौरा

उमसभरी गर्मी में मंत्री रविन्द्र जायसवाल का तूफानी विकास दौरा

2 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास, 60 कॉलोनियों में बिछेगी नई सीवर लाइन

हुकुलगंज-राधाकतरा में संभावित बाढ़ का लिया जायजा, सारनाथ में युवाओं से संवाद, शिवपुर-कादीपुर में सड़क-ड्रेन और सीवर कार्यों की दी सौगात

सुरेश गांधी

वाराणसी. उमसभरी गर्मी और तपिश भरे मौसम के बीच रविवार को प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल का विकास दौरा पूरे दिन चर्चा में रहा। सुबह से देर शाम तक उन्होंने शहर के विभिन्न वार्डों में एक के बाद एक कार्यक्रमों में भाग लिया, विकास कार्यों का शिलान्यास किया, गलियों में पैदल घूमकर लोगों से रूबरू हुए और उनकी समस्याएं सुनीं। दिनभर चले इस दौरे में 24 करोड़ 42 लाख रुपये की चार महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया गया।

सायंकाल सर्किट हाउस परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंत्री ने 23 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के 60 मोहल्लों, कॉलोनियों, बस्तियों और अपार्टमेंटों में नई सीवर लाइन बिछाने की योजना का शिलान्यास किया। यह परियोजना सात वार्डों में लागू होगी और इससे हजारों परिवारों को जलभराव तथा सीवर की पुरानी समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। मंत्री ने बताया कि योजना में वार्ड संख्या 02 के 3, वार्ड 30 के 11, वार्ड 31 के 2, वार्ड 41 के 9, वार्ड 44 के 11, वार्ड 58 के 2 और वार्ड 59 के 22 मोहल्लों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सीवर व्यवस्था की समस्या झेल रहे इन क्षेत्रों में अब आधुनिक सीवर नेटवर्क विकसित किया जाएगा।

राधा कटरा में पत्थर चौका सड़क का शिलान्यास, बाढ़ की चिंता पर अधिकारियों को निर्देश

दोपहर बाद मंत्री रविन्द्र जायसवाल हुकुलगंज-राधा कटरा वार्ड पहुंचे। यहां उन्होंने लगभग 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पत्थर चौका सड़क का वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन के साथ शिलान्यास किया। पूजा-अर्चना के बाद मंत्री ने गली-मोहल्लों में पैदल भ्रमण किया और स्थानीय नागरिकों से बातचीत की। बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज बारिश में इस क्षेत्र की गलियों में पानी भर जाता है। मंत्री ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को जलनिकासी, राहत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य तभी सार्थक हैं जब लोगों को बरसात और बाढ़ जैसी समस्याओं से राहत मिले।

सारनाथ में युवाओं से संवाद, संस्कार की मिसाल पर की सराहना

इसके बाद मंत्री का काफिला खजुही-सारनाथ क्षेत्र पहुंचा, जहां 22.33 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क और सीसी ड्रेन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा मौजूद रहे। महिलाओं ने जलनिकासी, सफाई और सड़क संबंधी समस्याएं रखीं, जबकि युवाओं ने रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं को लेकर चर्चा की। युवाओं से बातचीत के दौरान एक युवक के व्यवहार और संस्कार से प्रभावित होकर मंत्री ने कहा, “एक आप हैं जिनके संस्कार देखकर खुशी होती है और एक दिल्ली में कुछ लोग हैं जिनकी हरकतों से पूरा देश शर्मसार हो जाता है।उनकी इस टिप्पणी पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को एमएसएमई और अन्य योजनाओं के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और युवाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।

शिवपुर-कादीपुर में सड़क, इंटरलॉकिंग और ड्रेन निर्माण का शुभारंभ

दोपहर बाद मंत्री शिवपुर और कादीपुर क्षेत्र पहुंचे। यहां कुंदन नगर कॉलोनी में 27.66 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग, सीसी रोड और सीसी ड्रेन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। मंत्री ने कहा कि इन कार्यों से शिवपुर, कादीपुर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा और बरसात के दिनों में होने वाली दिक्कतें कम होंगी। उन्होंने कहा कि कादीपुर क्षेत्र को एयरपोर्ट, नमो घाट और शहर के प्रमुख मार्गों से जोड़ने वाली सड़क और एलिवेटेड कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। भविष्य में इन परियोजनाओं से यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और लोगों को सीधे प्रमुख स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

बुनियादी सुविधाओं से कोई मोहल्ला वंचित नहीं रहेगा

मुख्य कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वाराणसी में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। सड़क, नाली, सीवर, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है ताकि किसी भी मोहल्ले के नागरिक को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़े। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, मजबूत जलनिकासी व्यवस्था और आधुनिक सीवर नेटवर्क किसी भी विकसित शहर की पहचान होते हैं। वाराणसी तेजी से स्मार्ट और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित हो रहा है।

कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश

मंत्री ने नगर निगम, जलकल विभाग और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने नागरिकों से भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील की। दिनभर चले इस तूफानी विकास दौरे में अरविंद सिंह, मदन मोहन दुबे, विवेक पांडेय, मनोज सोनकर, सिद्धनाथ शर्मा, अजीत सिंह, कमलेश सोनकर, अरविन्द जायसवालअशोक मौर्य अतुल सिंह, दिलीप चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, रतन कुमार मौर्य भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

उमसभरी गर्मी में मंत्री रविन्द्र जायसवाल का तूफानी विकास दौरा

उमसभरी गर्मी में मंत्री रविन्द्र जायसवाल का तूफानी विकास दौरा 2 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास , 60 कॉलोनियों में बिछेगी न...