Tuesday, 18 August 2026

गोल्डन जुबली में सजेगा कालीन का वैश्विक बाजार

गोल्डन जुबली में सजेगा कालीन का वैश्विक बाजार 

4 से 7 अक्टूबर तक कारपेट सिटी में 50वां इंडिया कारपेट एक्सपो

56 देशों के 400 विदेशी खरीदार जुटेंगे, 350 प्रतिनिधियों के आने की संभावना

20 अगस्त से ऑनलाइन स्टॉल बुकिंग

सुरेश गांधी

भदोही। कालीन की महीन बुनावट, रंगों की रवानी और सदियों पुरानी भारतीय कारीगरी एक बार फिर दुनिया के बाजार से सीधा संवाद करने को तैयार है। भदोही के कारपेट सिटी स्थित कारपेट एक्सपो मार्ट में 4 से 7 अक्टूबर तक 50वां इंडिया कारपेट एक्सपो-2026 आयोजित होगा। गोल्डन जुबली संस्करण को भव्य और वैश्विक स्वरूप देने के लिए कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से होने वाले इस आयोजन में करीब 56 देशों से 400 विदेशी खरीदार और लगभग 350 खरीदार प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है। एक्सपो में देश के प्रमुख कालीन क्लस्टरों के निर्माता और निर्यातक अपने हाथ से बुने कालीन, फ्लोर कवरिंग, नए डिजाइन, रंग संयोजन और आधुनिक कलेक्शन दुनिया के सामने रखेंगे। खास तौर पर छोटे और मध्यम निर्यातकों के लिए यह आयोजन नए बाजार तलाशने और विदेशी खरीदारों से सीधे कारोबारी रिश्ते बनाने का बड़ा अवसर माना जा रहा है। इसका सीधा असर कालीन उद्योग से जुड़े लाखों बुनकरों और कारीगरों की आजीविका पर भी पड़ने की उम्मीद है।

ब्रिक्स बाजार पर भी नजर

भारत की 2026 में BRICS अध्यक्षता के मद्देनजर परिषद ने सदस्य देशों के खरीदारों को एक्सपो से जोड़ने पर विशेष जोर दिया है। ब्राजील, रूस, चीन, यूएई, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र और सऊदी अरब समेत अन्य बाजारों के खरीदारों के साथ कारोबारी संपर्क बढ़ाने की कोशिश होगी। इससे भारतीय कालीन के लिए नए निर्यात बाजार खुलने और वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान मजबूत होने की उम्मीद है।

उद्योग की मांग पर बढ़ी अवधि

कालीन उद्योग की मांग एवं उद्योग जगत से प्राप्त सुझावों को ध्यान में रखते हुए, परिषद के अध्यक्ष मुकेश कुमार गोम्बर की अध्यक्षता में आयोजित 210वीं बैठक में एक्सपो की अवधि तीन से बढ़ाकर चार दिन करने का निर्णय लिया गया है। निर्यातकों को वाणिज्य मंत्रालय के सहयोग से सब्सिडी आधारित सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। खरीदारों का पंजीकरण शुरू हो चुका है।

20 अगस्त से स्टॉल बुकिंग

एक्सपो में भारतीय निर्यातकों के लिए स्टॉल बुकिंग 20 अगस्त को सुबह 11:30 बजे से ऑनलाइन शुरू होगी। विभिन्न श्रेणियों के लिए दरें तय की गई हैं। भूतल हॉल ₹5,500, भूतल शॉप ₹6,000, प्रथम तल शॉप ₹3,500, ऊपरी हॉल ₹5,000 और द्वितीय तल शॉप ₹3,500 प्रति वर्ग मीटर निर्धारित है। इन दरों पर नियमानुसार जीएसटी अतिरिक्त देय होगा। गोल्डन जुबली एक्सपो भदोही के कालीन उद्योग के लिए सिर्फ चार दिन का व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय हस्तशिल्प की वैश्विक पहचान को नई ऊंचाई देने का बड़ा अवसर बनने जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

तड़तड़ाए बादल, झमाझम बरसे मेघ; गंगा चढ़ी, वरुणा भी उफनी

तड़तड़ाए बादल , झमाझम बरसे मेघ ; गंगा चढ़ी , वरुणा भी उफनी  राजघाट पर 67.14 मीटर पहुंची गंगा , चार सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ...