Monday, 24 August 2026

पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतेंगे : जगदीश पटेल

पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतेंगे : जगदीश पटेल 

राष्ट्रीय सचिव व यूपी सह प्रभारी के पहली बार काशी पहुंचने पर भव्य स्वागत, ढोल-नगाड़ों के बीच कार्यकर्ताओं ने की पुष्पवर्षा

सुरेश गांधी

वाराणसी। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल के पहली बार काशी पहुंचने पर सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक जगह-जगह ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच उनका अभिनंदन हुआ। एयरपोर्ट तिराहा, केजे होटल, महादेव वाटिका, सातो महुआ, तरना पुल, शिवपुर और संत अतुलानंद तिराहे पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

एयरपोर्ट पर प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु, हंसराज विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महापौर अशोक तिवारी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सर्किट हाउस में अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए जगदीश पटेल ने कहा कि काशी में किसी नए कार्य की शुरुआत बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद के बिना नहीं होती। सह प्रभारी का दायित्व मिलने के बाद पहली काशी यात्रा में बाबा विश्वनाथ और काल भैरव का दर्शन उनके लिए सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रेम, स्नेह और ऊर्जा ने उन्हें नई प्रेरणा दी है।

आगामी विधानसभा चुनाव पर उन्होंने स्पष्ट लक्ष्य सामने रखा। कहा कि संगठन पूरी ताकत से चुनाव की तैयारी कर रहा है और “पिछली बार प्रदेश में भाजपा ने जितनी सीटें जीती थीं, इस बार उससे कहीं ज्यादा सीटें जीतकर आएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का आह्वान किया।

पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के कारण काशी की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण है। पिछले 12-13 वर्षों में काशी को 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं मिली हैं। अब कार्यकर्ताओं को जनता और संगठन के प्रति अपना दायित्व निभाते हुए इसका सकारात्मक प्रतिफल देना होगा।

क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि जगदीश पटेल ने बूथ स्तर से राजनीतिक सफर शुरू किया और अपनी कुशल संगठन क्षमता, समर्पण और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सह प्रभारी तक पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया और धन्यवाद महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने दिया। काशी आगमन के दौरान पटेल ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर संगठन के नए दायित्व के लिए आशीर्वाद लिया।

No comments:

Post a Comment

नीलकंठधाम : नर्मदा किनारे कश्मीर जैसा सुकून, आस्था का स्वर्ग!

नीलकंठधाम : नर्मदा किनारे कश्मीर जैसा सुकून , आस्था का स्वर्ग !  धरती पर स्वर्ग की बात हो तो कश्मीर की वादियां आंखों के ...