Sunday, 25 October 2026

एयर शो में 370 लोगों की बिगड़ी तबीयत, स्वास्थ्य टीमों ने संभाला मोर्चा

एयर शो में 370 लोगों की बिगड़ी तबीयत, स्वास्थ्य टीमों ने संभाला मोर्चा

घाटों पर चिकित्सा शिविर, प्रमुख मार्गों पर एंबुलेंस तैनात; तीन मरीज अस्पताल में भर्ती

सुरेश गांधी

वाराणसी। ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के अंतिम दिन रविवार को जहां गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों के करतब देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी, वहीं दर्शकों की सेहत की निगरानी में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी पूरे दिन मुस्तैद रहीं। गर्मी, भीड़ और लंबे समय तक खड़े रहने के कारण कई लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हुईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, दिनभर में कुल 370 लोगों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। इनमें सिरदर्द, बुखार, बदन दर्द, पेट दर्द, चक्कर, उल्टी और निर्जलीकरण जैसी समस्याओं से पीड़ित लोग शामिल थे।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में गंगा घाटों, आयोजन स्थल के आसपास और प्रमुख मार्गों पर चिकित्सा व्यवस्था की गई थी। घाटों पर विशेष चिकित्सा शिविर लगाए गए, जबकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल टीमें सक्रिय रहीं। आपात स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न स्थानों पर एंबुलेंस भी तैनात की गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि चिकित्सा शिविरों में लोगों की प्राथमिक जांच कर आवश्यक दवाएं दी गईं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को अलर्ट पर रखा गया था।

तीन मरीजों को अस्पताल पहुंचाया

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, एंबुलेंस की मदद से दो मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौकाघाट और एक मरीज को श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अस्पतालों में उनका उपचार किया गया और चिकित्सकों ने उनकी स्थिति पर निगरानी रखी। व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए जिले के निजी अस्पतालों और ब्लड बैंकों को भी सतर्क किया गया था। वाराणसी के स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा अन्य मेडिकल कॉलेजों, निजी अस्पतालों और दूसरे जिलों से आई चिकित्सा टीमों ने भी सहयोग किया।

कमांड सेंटर से निगरानी

एयर शो के दौरान चिकित्सा सेवाओं और स्वास्थ्य टीमों की गतिविधियों की निगरानी त्रिनेत्र भवन स्थित काशी कमांड सेंटर से की जा रही थी। सीएमओ ने बताया कि बड़े सार्वजनिक आयोजनों में भारी भीड़ के बीच अचानक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आ सकती हैं। ऐसे में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस कर्मियों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान की सराहना की।

No comments:

Post a Comment

काशी की विरासत के साथ डाक टिकट पर वायुसेना का पराक्रम

काशी की विरासत के साथ डाक टिकट पर वायुसेना का पराक्रम  वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने जारी किया ‘ विंग्स ओवर गंगा ’ का स्...