Sunday, 4 October 2026

अब ‘संत रविदास नगर भदोही’ के नाम से जाना जाएगा जिला : योगी

भदोही को 1340 करोड़ की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात

अब ‘संत रविदास नगर भदोही’ के नाम से जाना जाएगा जिला : योगी 

माफिया-कर्फ्यू से निकलकर ‘उत्सव प्रदेश’ बना यूपी

कालीन से खेल के मैदान तक, युवाओं के भविष्य पर योगी का फोकस

यूपी का नौजवान खेलों के लिए तैयार हो रहा, प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सुविधाओं का लगातार विस्तार

सिल्क क्लस्टर के साथ वाराणसी-विंध्य क्षेत्रीय विकास योजना जल्द लागू करने की घोषणा

सुरेश गांधी

भदोही : कालीन के धागों में देश की पहचान और कारीगरों के हाथों में सदियों पुराना हुनर समेटे भदोही को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विकास की नई दिशा देने की घोषणा की। 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो के उद्घाटन के बाद भिखारीपुर मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जिला ‘संत रविदास नगर भदोही’ के नाम से जाना जाएगा। साथ ही वाराणसी, भदोही और मिर्जापुर को मिलाकर सिल्क क्लस्टर के रूप में विकसित करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि वाराणसी-विंध्य क्षेत्रीय विकास योजना भी जल्द लागू की जाएगी। इससे कालीन, रेशम और हस्तशिल्प उद्योग को नई गति मिलेगी तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिले को करीब 1340 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय हुनर, उद्योग, बाजार और रोजगार को एक साथ जोड़ना भी सरकार की प्राथमिकता है।

पिछली सरकारें प्रदेश का कर रही थीं विनाश

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के एजेंडे में युवा और महिलाएं नहीं, बल्कि परिवार, माफिया और दंगाई थे। उनके दौर में प्रदेश का विकास प्रभावित हुआ। इसके विपरीत भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर काम कर रही है। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब माफिया, कर्फ्यू और उपद्रव के दौर से निकल चुका है। प्रदेश माफिया मुक्त, कर्फ्यू मुक्त और उपद्रव मुक्त होने के साथ अब ‘उत्सव युक्त’ प्रदेश के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में आए बदलाव का सीधा असर निवेश और रोजगार के अवसरों पर दिखाई दे रहा है। उनका कहना था कि उद्योग और निवेश के लिए सबसे पहली जरूरत सुरक्षित वातावरण की होती है और सरकार ने इस दिशा में बड़ा बदलाव किया है।

ओडीओपी से कालीन उद्योग को मिला बाजार

मुख्यमंत्री ने एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने की दिशा में इस योजना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता को बढ़ाना है। भदोही जैसे ग्रामीण आधारित उद्योग में इसका सीधा लाभ बुनकरों, कारीगरों और उनके परिवारों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि वाराणसी-विंध्य क्षेत्रीय विकास योजना भी जल्द लागू होगी। इससे तीनों जिलों के बीच औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। कालीन उद्योग से जुड़े उद्यमियों ने भी क्षेत्र में सड़क, रेलवे और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की मांग रखी।

No comments:

Post a Comment

अब ‘संत रविदास नगर भदोही’ के नाम से जाना जाएगा जिला : योगी

भदोही को 1340 करोड़ की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात अब ‘ संत रविदास नगर भदोही ’ के नाम से जाना जाएगा जिला : योगी  माफि...