Wednesday, 28 October 2026

अस्पतालों में ऑपरेशन से ओपीडी तक, लापरवाही पर सख्ती

अस्पतालों में ऑपरेशन से ओपीडी तक, लापरवाही पर सख्ती 

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने चार जिलों की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का काम तेज करने के निर्देश

सुरेश गांधी

वाराणसी। अस्पताल आने वाले किसी भी मरीज को इलाज के लिए भटकना न पड़े। ओपीडी नियमित चले और ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सर्जरी सुनिश्चित हो। डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को सर्किट हाउस में वाराणसी मंडल की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को ये निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों की चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि उपचार के लिए आने वाला कोई भी मरीज आवश्यक चिकित्सा सुविधा से वंचित न रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित ड्यूटी के साथ ओपीडी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हों तथा ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध विशेषज्ञता एवं संसाधनों के अनुरूप ऑपरेशन किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने चिकित्सालयों में आवश्यक औषधियों, स्ट्रेचर, पेयजल, पर्याप्त बेड तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय, पांडेयपुर तथा मानसिक चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति की समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कमल कुमार से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी प्राप्त की और कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों की नियमित निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) एवं एएनएम के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाया जाए। केंद्र एवं राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं तथा कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाई जाए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनपद में संचालित चिकित्सा सेवाओं, स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं विभागीय प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

No comments:

Post a Comment

वंदे भारत और विकसित बनारस पर 716 विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता

वंदे भारत और विकसित बनारस पर 716 विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता  रेलवे की पहल : चार विद्यालयों में निबंध और चित्रकला ...