Wednesday, 18 November 2026

गंजारी स्टेडियम में जय शाह ने परखी तैयारियां, उद्घाटन की तारीख पर लगेगी मुहर!

गंजारी स्टेडियम में जय शाह ने परखी तैयारियां, उद्घाटन की तारीख पर लगेगी मुहर!

आईसीसी अध्यक्ष और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने किया निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण, दूधिया रोशनी में जगमगाते मैदान से लेकर पिच और दर्शक सुविधाओं तक का लिया जायजा

दो दिसंबर को उद्घाटन की तैयारी, तीन दिसंबर से अंडर-19 मुकाबले शुरू होने की संभावना; 450 करोड़ की लागत से काशी की सांस्कृतिक विरासत को समेटकर तैयार हुआ है स्टेडियम

सुरेश गांधी

वाराणसी। काशी की धरती पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का नया अध्याय लिखने की तैयारी अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को क्रिकेट मुकाबलों के लिए तैयार करने की कवायद के बीच बुधवार की शाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला पहुंचे। उनका दौरा भले ही गोपनीय रखा गया, लेकिन स्टेडियम परिसर में उनकी मौजूदगी ने उद्घाटन की तैयारियों को लेकर चर्चाएं तेज कर दीं। दोनों ने स्टेडियम के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ आगामी क्रिकेट आयोजन की तैयारियों को परखा। निर्माण से जुड़े लोगों और स्थानीय अधिकारियों से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

शाम करीब छह बजे गंजारी स्टेडियम पहुंचे जय शाह और राजीव शुक्ला के आगमन को लेकर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरा स्टेडियम दूधिया रोशनी में जगमगा रहा था। अधिकारियों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों की मौजूदगी में उन्होंने मैदान, पवेलियन और अन्य प्रमुख हिस्सों का जायजा लिया। स्टेडियम में तैयार की गई पिचों और खिलाड़ियों के लिए विकसित सुविधाओं को भी देखा गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य स्टेडियम को बड़े क्रिकेट आयोजन के लिए तैयार करने की स्थिति का आकलन करना रहा।

दो दिसंबर को उद्घाटन, तीन से क्रिकेट मुकाबलों की तैयारी

गंजारी स्टेडियम के उद्घाटन के लिए दो दिसंबर की तारीख पहले से प्रस्तावित है। अब जय शाह और राजीव शुक्ला के निरीक्षण के बाद इस तारीख को लेकर अंतिम निर्णय की उम्मीद बढ़ गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उद्घाटन के अगले दिन यानी तीन दिसंबर से अंडर-19 क्रिकेट मुकाबले शुरू कराने की तैयारी है। प्रतियोगिता का पहला चरण तीन से छह दिसंबर और दूसरा चरण 11 से 14 दिसंबर के बीच आयोजित किए जाने की चर्चा है। हालांकि, उद्घाटन और मैचों के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। स्टेडियम के निर्माण का काम लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अब मैदान को मैच के लिहाज से पूरी तरह तैयार करने, शेष फिनिशिंग कार्यों, पार्किंग, प्रवेश-निकास और दर्शकों की सुविधाओं को अंतिम रूप देने पर जोर है। बीसीसीआई की तकनीकी जांच और जरूरी मंजूरी भी आगामी मुकाबलों के आयोजन के लिए अहम होगी।

शिव की नगरी की पहचान, हर हिस्से में काशी की झलक

करीब 31 एकड़ में फैला यह स्टेडियम सिर्फ क्रिकेट का मैदान नहीं, बल्कि काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को आधुनिक स्थापत्य के साथ जोड़ने का भी अनूठा प्रयास है। लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस परिसर में भगवान शिव की नगरी की छवि को विशेष रूप से उकेरा गया है। स्टेडियम की बाहरी बनावट से लेकर दर्शक दीर्घा और फ्लडलाइट टावरों तक में काशी की परंपरा की झलक दिखाई देती है। स्टेडियम की छत को अर्धचंद्राकार स्वरूप दिया गया है, जबकि फ्लडलाइट के टावर त्रिशूल की आकृति में तैयार किए गए हैं। मीडिया सेंटर को डमरू की संरचना से प्रेरित रूप दिया गया है। दर्शक दीर्घा की सीढ़ियों में काशी के घाटों की बनावट की छाप है। इस तरह आधुनिक क्रिकेट सुविधाओं के बीच काशी की सांस्कृतिक विरासत को भी स्थान दिया गया है।

नौ मुख्य और पांच अभ्यास पिचें, 30 हजार दर्शकों की क्षमता

स्टेडियम में करीब 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता विकसित की गई है। यहां नौ मुख्य क्रिकेट पिचों के साथ पांच अभ्यास पिचें भी तैयार की गई हैं। खिलाड़ियों के लिए आधुनिक ड्रेसिंग रूम, जिम, पवेलियन और अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। मीडिया सेंटर में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए बैठने, काम करने और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। मैदान की सबसे खास खूबियों में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम भी शामिल है। इसकी व्यवस्था इस तरह विकसित की गई है कि करीब 100 मिलीमीटर तक बारिश होने की स्थिति में भी पानी की निकासी लगभग 20 से 25 मिनट में संभव हो सके। इससे बारिश के बाद खेल दोबारा शुरू करने में लगने वाला समय कम हो सकता है। दर्शकों के वाहनों के लिए फिलहाल करीब 1500 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 2500 वाहनों तक करने की योजना है। परिसर में छह प्रवेश द्वार, खिलाड़ियों के लिए अलग प्रवेश व्यवस्था और सुरक्षा निगरानी के लिए सीसीटीवी की व्यवस्था भी विकसित की गई है।

पूर्वांचल को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का नया ठिकाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को इस स्टेडियम की आधारशिला रखी थी। उस समय क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां भी समारोह में शामिल हुई थीं। अब करीब तीन वर्ष बाद यह परियोजना अपने मुकाम के करीब है। स्टेडियम शुरू होने के बाद वाराणसी और पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों को बड़े मुकाबले अपने ही शहर में देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का मंच मिलने की उम्मीद है। इससे होटल, परिवहन, पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी नई गति मिल सकती है। काशी की पहचान अब तक धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में रही है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शुरू होने से खेल पर्यटन के क्षेत्र में भी शहर की नई पहचान बनेगी। अब निगाहें निरीक्षण के बाद होने वाले अंतिम निर्णय और उद्घाटन की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

No comments:

Post a Comment

गंजारी स्टेडियम में जय शाह ने परखी तैयारियां, उद्घाटन की तारीख पर लगेगी मुहर!

गंजारी स्टेडियम में जय शाह ने परखी तैयारियां , उद्घाटन की तारीख पर लगेगी मुहर ! आईसीसी अध्यक्ष और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजी...