Wednesday, 18 November 2026

भूमि माफियाओं को चिह्नित कर हो कड़ी कार्रवाई : सरवर सिद्दीकी

भूमि माफियाओं को चिह्नित कर हो कड़ी कार्रवाई : सरवर सिद्दीकी

पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर उठाया मामला, विवादित और मुकदमे में लंबित जमीनों की रजिस्ट्री पर जताई चिंता

भदोही। प्रदेश में भूमि विवादों और कथित अवैध कब्जों के मामलों को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री सरवर सिद्दीकी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर भूमि माफियाओं को चिह्नित करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ लोग न्यायालय में मुकदमे लंबित होने के बावजूद विवादित जमीनों की रजिस्ट्री कराने और उन पर कब्जा दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे भूमि विवाद बढ़ने के साथ आम लोगों में असुरक्षा की भावना भी पैदा हो रही है।

सरवर सिद्दीकी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि कुछ कथित भूमि कारोबारी जमीन के वास्तविक नंबर और रकबे की अनदेखी करते हुए मनमाने तरीके से रजिस्ट्री करा रहे हैं। आरोप है कि जमन-10 और जमन-13 जैसी जमीनों की भी रजिस्ट्री कराई जा रही है, जबकि उनके अनुसार ऐसी कार्रवाई नियमों के विपरीत है। उन्होंने इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की आवश्यकता जताई है।

न्यायालय में मामला लंबित, फिर भी कब्जे की कोशिश

सिद्दीकी का कहना है कि विवादित जमीनों अथवा न्यायालय में विचाराधीन मुकदमों के दौरान भी कुछ लोग जमीन की रजिस्ट्री और कब्जा दिलाने की कार्रवाई में जुटे रहते हैं। इससे एक ही जमीन को लेकर कई पक्षों के बीच विवाद की स्थिति पैदा होती है। कई बार आम लोग ऐसे मामलों में आर्थिक नुकसान उठाने के साथ कानूनी उलझनों में भी फंस जाते हैं।

जांच कर तय हो जिम्मेदारी

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जमीन के अभिलेखों, वास्तविक नंबर, रकबे और रजिस्ट्री की प्रक्रिया का परीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही न्यायालय में लंबित विवादों के दौरान नियमों की अनदेखी कर रजिस्ट्री अथवा कब्जे की कोशिश करने वालों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जाए। सरवर सिद्दीकी ने कहा कि भूमि माफियाओं की कथित गतिविधियों से समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बनता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भयमुक्त उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने के लिए ऐसे तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को जांच और उचित कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया है।

No comments:

Post a Comment

गंजारी स्टेडियम में जय शाह ने परखी तैयारियां, उद्घाटन की तारीख पर लगेगी मुहर!

गंजारी स्टेडियम में जय शाह ने परखी तैयारियां , उद्घाटन की तारीख पर लगेगी मुहर ! आईसीसी अध्यक्ष और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजी...