Saturday, 14 November 2026

छठ घाटों पर सुविधाओं का इंतजाम, देव दीपावली की तैयारी भी तेज

छठ घाटों पर सुविधाओं का इंतजाम, देव दीपावली की तैयारी भी तेज 

अर्घ्य में न हो असुविधा, घाटों पर सफाई, रोशनी-सुरक्षा के निर्देश

डीएम ने एडीजी और अपर पुलिस आयुक्त के साथ नमो से अस्सी घाट तक मोटरबोट से परखी तैयारियां

छठ पर घाट चमकेंगे, देव दीपावली पर नमो घाट सजेगा : डीएम सत्येंद्र कुमार

देव दीपावली के लिए नमो घाट पर बनेगा विशेष आयोजन स्थल, नावों के लिए होंगे कई बोर्डिंग प्वाइंट

सुरेश गांधी

वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ की आस्था और गंगा महोत्सव व देव दीपावली के भव्य आयोजनों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को एडीजी नवीन अरोड़ा और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा के साथ मोटरबोट से नमो घाट से अस्सी घाट तक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की व्यवस्थाएं परखीं और संबंधित अधिकारियों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए, ताकि व्रतियों को स्नान, पूजन और अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने नगर निगम को घाटों की नियमित सफाई कराने और सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच कर खराब लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने को कहा। अस्सी घाट पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, सफाई और प्रकाश व्यवस्था का भी जायजा लिया।

छठ पूजा स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, खोया-पाया केंद्र और गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग पार्किंग, आवागमन के स्पष्ट रास्ते और आवश्यकतानुसार संकेतक लगाने को कहा। जनपद के तालाबों, पोखरों और अन्य घाटों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

नमो घाट पर देव दीपावली की खास तैयारी

गंगा महोत्सव, देव दीपावली और काशी तमिल संगम की तैयारियों के मद्देनजर नमो घाट पर विशेष व्यवस्थाओं की रूपरेखा भी परखी गई। डीएम ने वीवीआईपी और आम श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं, बैरिकेडिंग, स्मार्ट लाइटिंग, पुष्प सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंच और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। देव दीपावली पर नावों के आवागमन को व्यवस्थित करने के लिए कई बोर्डिंग प्वाइंट बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सेफ हाउस, मैट, कुर्सियां, टेंट, पार्किंग, अतिथियों के लिए वॉशरूम और दीये जलाने के विशेष इंतजाम करने को कहा। रूट चार्ट, यातायात प्रबंधन और एक्सेस कंट्रोल की व्यवस्था भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि छठ महापर्व के बाद सभी विभाग देव दीपावली की तैयारियों में जुट जाएं। संयुक्त निदेशक पर्यटन को गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियां अभी से शुरू कराने को निर्देशित किया। निरीक्षण में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सदानंद गुप्ता, एडीएम सिटी राजेश कुमार, अपर नगर आयुक्त, संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

छठ घाटों पर सुविधाओं का इंतजाम, देव दीपावली की तैयारी भी तेज

छठ घाटों पर सुविधाओं का इंतजाम, देव दीपावली की तैयारी भी तेज  अर्घ्य में न हो असुविधा, घाटों पर सफाई, रोशनी-सुरक्षा के निर्देश डीएम ने ए...