Friday, 20 November 2026

देव दीपावली : शिव की अविमुक्त नगरी काशी ही बनी देवलोक…

देव दीपावली : शिव की अविमुक्त नगरी काशी ही बनी देवलोक… 

काशी को देवताओं की दीपावली के लिए चुनने के पीछे केवल एक पौराणिक प्रसंग नहीं, बल्कि इसकी गहरी आध्यात्मिक मान्यता जुड़ी है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का संहार कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय से आनंदित देवताओं ने भगवान शिव की प्रिय नगरी काशी में गंगा तट पर दीप जलाकर उत्सव मनाया। इसी परंपरा ने देव दीपावली का स्वरूप लिया। काशी को इस उत्सव के लिए विशिष्ट बनाने वाली सबसे बड़ी वजह इसकी पहचान है। इसे भगवान शिव का निवास और अविमुक्त क्षेत्र माना गया है—ऐसी पुण्यभूमि, जिसे शिव कभी नहीं छोड़ते। यहां उत्तरवाहिनी गंगा की पावन धारा, बाबा विश्वनाथ का ज्योतिर्लिंग और मोक्ष की सनातन मान्यता एक साथ जुड़ती हैं। धार्मिक विश्वास है कि काशी में किया गया स्नान, दान और दीपदान विशेष पुण्यफल प्रदान करता है। इसीलिए यहां दीपदान केवल दीप जलाने की रस्म नहीं, बल्कि देवताओं के प्रति कृतज्ञता, शिव के प्रति समर्पण और जीवन से अंधकार मिटाने का आध्यात्मिक संकल्प है। काशी के घाटों पर लाखों दीप इसी आस्था को साकार करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का विधान केवल उत्सव नहीं, अंधकार पर प्रकाश और अहंकार पर आस्था की विजय का प्रतीक है। सवाल उठता है कि देवताओं ने उत्सव के लिए काशी को ही क्यों चुना? 

धार्मिक मान्यता में काशी भगवान शिव की नगरी और मोक्षदायिनी भूमि है। इसे वह अविमुक्त क्षेत्र माना गया है, जिसे शिव कभी नहीं छोड़ते। गंगा की पावन धारा, विश्वनाथ की अधिष्ठाता सत्ता और काशी की आध्यात्मिक चेतना इसे देवताओं के उत्सव का विशिष्ट केंद्र बनाती है। दीपदान का अर्थ महज दीप जलाना नहीं, बल्कि अपने भीतर के अज्ञान, निराशा और नकारात्मकता को मिटाने का संकल्प भी है। गंगा में दीप प्रवाहित कर श्रद्धालु देवताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हैं और सुख-समृद्धि व मोक्ष की कामना करते हैं। इसीलिए काशी में दीपदान एक अनुष्ठान से आगे बढ़कर लोकआस्था, आध्यात्मिकता और सनातन संस्कृति का जीवंत प्रतीक बन जाता है

सुरेश गांधी

काशी में देव दीपावली महज दीपों का उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, आध्यात्मिक चेतना, पौराणिक स्मृतियों और लोकमंगल का ऐसा महापर्व है, जिसमें धरती और देवलोक के बीच मानो प्रकाश का सेतु बन जाता है। कार्तिक पूर्णिमा की संध्या को जब गंगा के अर्द्धचंद्राकार तट पर लाखों दीप एक साथ प्रज्वलित होते हैं, तब उनकी लौ केवल घाटों को रोशन नहीं करती, बल्कि सनातन संस्कृति की उस विराट परंपरा को भी आलोकित करती है, जिसमें प्रकाश को ज्ञान, पवित्रता और जीवन की सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना गया है। मान्यता है कि त्रिपुरासुर का वध कर भगवान शिव ने देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय से प्रसन्न होकर देवताओं ने काशी में दीप जलाकर भगवान शिव की आराधना की थी। तभी से कार्तिक पूर्णिमा की यह रात्रि देव दीपावली के रूप में प्रतिष्ठित हुई। इस बार 24 नवंबर को मनाई जाने वाली देव दीपावली पर स्नान, दान, जप, तप और दीपदान का विशेष पुण्यफल बताया गया है।

त्रिपुरासुर वध से जुड़ी है देव दीपावली की कथा

देव दीपावली का पौराणिक आधार भगवान शिव के त्रिपुरांतक स्वरूप से जुड़ा है। शिवपुराण सहित विभिन्न धार्मिक आख्यानों में त्रिपुरासुर की कथा का उल्लेख मिलता है। मान्यता के अनुसार तारकासुर के तीन पुत्र तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युनमाली ने कठोर तपस्या कर ब्रह्मा से वरदान प्राप्त किया था। वरदान के प्रभाव से उन्होंने सोने, चांदी और लोहे के तीन विशाल नगर बसाए, जिन्हें त्रिपुर कहा गया। शक्ति और सामर्थ्य के मद में चूर होकर तीनों असुर देवताओं तथा ऋषि-मुनियों को प्रताड़ित करने लगे। उनके अत्याचारों से त्रस्त देवताओं ने भगवान विष्णु की शरण ली और अंततः भगवान शिव से रक्षा की प्रार्थना की। देव दीपावली का पौराणिक आधार भगवान शिव के त्रिपुरांतक स्वरूप से जुड़ा है। शिवपुराण सहित विभिन्न धार्मिक आख्यानों में त्रिपुरासुर की कथा का उल्लेख मिलता है। मान्यता के अनुसार तारकासुर के तीन पुत्र तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युनमाली ने कठोर तपस्या कर ब्रह्मा से वरदान प्राप्त किया था। वरदान के प्रभाव से उन्होंने सोने, चांदी और लोहे के तीन विशाल नगर बसाए, जिन्हें त्रिपुर कहा गया। शक्ति और सामर्थ्य के मद में चूर होकर तीनों असुर देवताओं तथा ऋषि-मुनियों को प्रताड़ित करने लगे। उनके अत्याचारों से त्रस्त देवताओं ने भगवान विष्णु की शरण ली और अंततः भगवान शिव से रक्षा की प्रार्थना की। देवताओं की विनती स्वीकार कर भगवान शिव ने एक ही बाण से तीनों पुरों का विनाश कर दिया। इसी विजय के कारण वे त्रिपुरांतक कहलाए। पौराणिक मान्यता है कि असुरों के संहार और धर्म की पुनर्स्थापना से प्रसन्न देवताओं ने भगवान शिव के सम्मान में दीपोत्सव मनाया। इसी स्मृति में कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली कहा जाता है। इस दृष्टि से यह पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि अधर्म पर धर्म, अंधकार पर प्रकाश और अहंकार पर सदाचार की विजय का भी प्रतीक है।

कार्तिक स्नान का पूर्ण होता है संकल्प

हिंदू धर्म में कार्तिक मास को अत्यंत पुण्यकारी माना गया है। चातुर्मास का अंतिम महीना होने के कारण इसका धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है। पूरे महीने प्रातःकाल पवित्र नदियों में स्नान, भगवान विष्णु और शिव की आराधना, तुलसी पूजन, जप, तप तथा दान-पुण्य करने की परंपरा है। जो श्रद्धालु पूरे कार्तिक मास स्नान का संकल्प लेते हैं, उनके लिए कार्तिक पूर्णिमा उस नियम की पूर्णाहुति का अवसर होती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन गंगा, यमुना और अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से मनुष्य के पापों का क्षय होता है और उसे आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है। स्नान के बाद अन्न, वस्त्र, फल, दूध, घी और धन का दान विशेष फलदायी माना गया है। कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान सत्यनारायण की कथा सुनने, भगवान विष्णु तथा शिव का पूजन करने और संध्या समय दीपदान करने की भी परंपरा है। अनेक श्रद्धालु इस दिन व्रत रखते हैं और रात्रि में जागरण कर भगवान का स्मरण करते हैं। मान्यता है कि पूर्णिमा से प्रत्येक महीने व्रत और जागरण का क्रम आरंभ करने से साधक के मनोरथ सिद्ध होते हैं।

दीपदान से समृद्धि और मोक्ष की कामना

सनातन परंपरा में दीपदान को केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि जीवन में शुभता और ज्ञान का प्रकाश आमंत्रित करने का माध्यम माना गया है। कार्तिक मास में मंदिरों, देवस्थानों, तुलसी चौरे, पीपल वृक्ष, चौराहों और पवित्र नदियों के किनारे दीप प्रज्ज्वलित करने की परंपरा सदियों पुरानी है। मान्यता है कि भगवान विष्णु के समक्ष घी का दीप जलाने से उनकी कृपा प्राप्त होती है, जबकि शिवालय में दीपमाला अर्पित करना विशेष पुण्यकारी है। पद्मपुराण में मंदिरों और नदी तटों पर दीपदान का महत्व बताया गया है। वहीं ब्रह्मवैवर्त पुराण में कार्तिक मास में भगवान श्रीहरि के समक्ष घी का दीप अर्पित करने की महिमा का वर्णन मिलता है। धार्मिक विश्वास है कि दीपदान से धन, ज्ञान, यश और सौभाग्य में वृद्धि होती है। इसे पितरों की सद्गति और दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रद्धांजलि का माध्यम भी माना जाता है। यम के भय तथा अकाल मृत्यु की आशंका से मुक्ति की कामना के साथ भी दीपदान किया जाता है। इसी कारण कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में दीप प्रवाहित करने के साथ घरों और मंदिरों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाते हैं।

देवताओं के लिए अलग-अलग वर्तिका का विधान

भविष्य पुराण में भगवान श्रीकृष्ण और युधिष्ठिर के संवाद के माध्यम से दीपदान की महिमा और अलग-अलग देवताओं के लिए निर्धारित वर्तिकाओं का उल्लेख मिलता है। इसमें सूर्य के लिए रक्तवर्णी वर्तिका को पूर्णवर्ति, भगवान शिव के लिए श्वेत वर्तिका को ईश्वरवर्ति तथा भगवान विष्णु के लिए पीतवर्णी वर्तिका को भोगवर्ति कहा गया है। इसी तरह मां गौरी के लिए कुसुमवर्णी सौभाग्यवर्ति और दुर्गा के लिए लाख के समान रंग वाली वर्तिका का विधान बताया गया है। ब्रह्मा, नागों और नवग्रहों के लिए भी अलग-अलग वर्तिकाओं का उल्लेख मिलता है। परंपरागत विधि में मिट्टी के दीपक में तेल या घी डालकर बत्ती प्रज्वलित की जाती है। कुछ स्थानों पर आटे के छोटे दीप बनाकर पत्तों पर रखकर नदी में प्रवाहित करने की परंपरा भी है। मंदिर में दीपक को सीधे भूमि पर रखने के बजाय चावल अथवा सप्तधान्य पर स्थापित करने की धार्मिक मान्यता प्रचलित है। श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य और श्रद्धा के अनुसार दीपों की संख्या निर्धारित करते हैं। पूजा स्थल पर घी तथा अन्य स्थानों पर सरसों के तेल का दीपक जलाने की परंपरा भी प्रचलित है।

तुलसी, पीपल और देवालयों में दीप जलाने की परंपरा

कार्तिक पूर्णिमा की संध्या को घरों के मुख्य द्वार, तुलसी चौरा, मंदिर, पीपल के वृक्ष और सार्वजनिक देवस्थानों पर दीप जलाने का विशेष महत्व है। मान्यता है कि तुलसी के समीप दीप प्रज्ज्वलित करने से घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मकता का वास होता है। सुबह मंदिरों की सफाई, देवालय में झाड़ू लगाने और भगवान का पूजन करने को भी पुण्यकारी कर्म माना गया है। कार्तिक मास में तुलसी की सेवा और संरक्षण को भगवान विष्णु की आराधना के समान महत्व दिया गया है। इस दिन दूध, फल, अन्न, वस्त्र और धन का दान भी किया जाता है। भगवान कार्तिकेय, मां लक्ष्मी, गणेश और भगवान विष्णु की पूजा का विधान है। ग्रामीण क्षेत्रों में गोबर से बने दीपों के इस्तेमाल की परंपरा पर्यावरण और लोकजीवन से भी जुड़ी है। गोबर के दीप पानी में गलकर जलीय जीवों के लिए भोजन का माध्यम बन सकते हैं। साथ ही इनके निर्माण और बिक्री से स्वयं सहायता समूहों तथा ग्रामीण परिवारों को रोजगार मिलता है। इस तरह धार्मिक परंपरा लोककल्याण और आजीविका से भी जुड़ती है।

गंगा के तट पर उतरता है देवलोक

काशी की देव दीपावली का वैशिष्ट्य इसके घाटों में बसता है। मान्यता है कि काशी के 84 घाट 84 लाख योनियों के प्रतीक हैं। उत्तरवाहिनी गंगा के किनारे फैली घाटों की श्रृंखला काशी की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत दस्तावेज है। यहां के घाट केवल नदी तक पहुंचने की सीढ़ियां नहीं, बल्कि जन्म से मृत्यु तक के संस्कारों, साधना, ज्ञान, भक्ति और लोकजीवन के साक्षी रहे हैं। लोक परंपरा के अनुसार, देव दीपावली मनाने की शुरुआत मुख्य रूप से पंचगंगा घाट से हुई थी। कालांतर में इसका विस्तार अन्य घाटों तक हुआ और 1989 से सभी प्रमुख घाटों पर सामूहिक दीपोत्सव की परंपरा ने व्यापक स्वरूप ग्रहण किया। बीते तीन दशकों में यह आयोजन स्थानीय धार्मिक परंपरा से निकलकर अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आकर्षण बन गया। आज दशाश्वमेध से लेकर अस्सी और आदि केशव तक गंगा के दोनों तटों पर दीपों की लंबी श्रृंखलाएं काशी की पहचान बन चुकी हैं। गंगा के उस पार रेती पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाते हैं। इस दिन सिंधिया, भोसले, राम, पंचगंगा, ललिता, मीर, त्रिपुरा भैरवी, मानमंदिर, दशाश्वमेध, केदार, शिवाला, चेतसिंह, तुलसी और अस्सी सहित सभी प्रमुख घाट दीपों से सज उठते हैं। घाटों पर दीप सजाने की होड़ भी इस उत्सव को विशेष रंग देती है। कहीं दीपों से कलात्मक आकृतियां उकेरी जाती हैं तो कहीं धार्मिक प्रतीकों और सांस्कृतिक संदेशों के माध्यम से काशी की विरासत को अभिव्यक्त किया जाता है।

दो महाश्मशान देते हैं जीवन का शाश्वत संदेश

देव दीपावली के उल्लास के बीच काशी के दो महाश्मशान मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट जीवन का सबसे गहरा दर्शन भी कराते हैं। एक ओर असंख्य दीप जीवन की ऊर्जा, उत्साह और उल्लास का संदेश देते हैं तो दूसरी ओर अनवरत प्रज्वलित चिताएं मनुष्य को मृत्यु के शाश्वत सत्य से परिचित कराती हैं। काशी का यही विरोधाभास उसे विशिष्ट बनाता है। यहां जीवन का उत्सव और मृत्यु का बोध एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि अस्तित्व के दो अनिवार्य पक्ष हैं। देव दीपावली के उल्लास के बीच काशी के दो महाश्मशान मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट जीवन का सबसे गहरा दर्शन भी कराते हैं। एक ओर असंख्य दीप जीवन की ऊर्जा, उत्साह और उल्लास का संदेश देते हैं तो दूसरी ओर अनवरत प्रज्वलित चिताएं मनुष्य को मृत्यु के शाश्वत सत्य से परिचित कराती हैं। काशी का यही विरोधाभास उसे विशिष्ट बनाता है। यहां जीवन का उत्सव और मृत्यु का बोध एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि अस्तित्व के दो अनिवार्य पक्ष हैं। मणिकर्णिका घाट से जुड़ी पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान विष्णु ने यहां अपने सुदर्शन चक्र से एक कुंड बनाया था। भगवान शिव के आगमन के समय मां पार्वती के कान की मणि उसी कुंड में गिर गई थी। इसी से इस स्थान का नाम मणिकर्णिका पड़ा। दूसरी ओर हरिश्चंद्र घाट सत्य और त्याग की कथा का स्मरण कराता है। इन दोनों महाश्मशानों के बीच जगमगाते दीप मानो मनुष्य को यह संदेश देते हैं कि जीवन क्षणभंगुर है, इसलिए उसे ज्ञान, करुणा, सेवा और सद्कर्मों से आलोकित करना ही वास्तविक साधना है।

दीपों का प्रकाश बने आत्मचेतना का प्रतीक

शरद ऋतु की पूर्णिमा और कार्तिक मास का आध्यात्मिक वातावरण श्रीकृष्ण की रासलीला की स्मृतियों से भी जुड़ा है। भागवत परंपरा में शरद पूर्णिमा की चांदनी में महारास का वर्णन मिलता है। कार्तिक का पूरा महीना भक्ति, प्रेम, समर्पण और लोकमंगल की इसी भावभूमि को विस्तार देता है। देव दीपावली पर गंगा के तट पर लाखों दीपों का प्रज्ज्वलन इसी सांस्कृतिक चेतना की सामूहिक अभिव्यक्ति है। काशी की इस अद्भुत परंपरा का आकर्षण अब देश की सीमाओं से परे पहुंच चुका है। दुनिया के विभिन्न हिस्सों से लोग इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने आते हैं। लेकिन इस आयोजन की वास्तविक सार्थकता केवल दीपों की संख्या, घाटों की सजावट या पर्यटकों की भीड़ में नहीं, बल्कि उस संदेश में निहित है, जो प्रत्येक दीप अपनी लौ के माध्यम से देता है। दीप स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देता है। यही त्याग, सेवा और समर्पण का सनातन संदेश है। देव दीपावली पर गंगा की लहरों में तैरते असंख्य दीप मानो यही प्रार्थना करते हैं कि मनुष्य के भीतर का अज्ञान मिटे, विवेक का प्रकाश जागे और समाज में सद्भाव, करुणा तथा मानवता का विस्तार हो। काशी की यही आत्मा है, जहां दीप केवल देवताओं के स्वागत में नहीं जलते, बल्कि मनुष्य को उसके भीतर बसे देवत्व से परिचित कराने का माध्यम भी बनते हैं।

संस्थाओं और जनसहभागिता ने बनाया वैश्विक महोत्सव

देव दीपावली की अंतरराष्ट्रीय पहचान किसी एक आयोजन या सरकारी प्रयास का परिणाम नहीं, बल्कि दशकों से चली आ रही सामूहिक सहभागिता की देन है। काशी की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संस्थाओं ने इस परंपरा को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। देव दीपावली महासमिति के अध्यक्ष पं. वागीशदत्त मिश्र के अनुसार, इस आयोजन की व्यापकता के पीछे काशी की संस्थाओं, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों का सतत योगदान है। दीप, तेल, सजावट और घाटों की व्यवस्था से लेकर आयोजन की नई परिकल्पनाओं तक में हजारों लोग जुटते हैं। नाविक, कारीगर, फूल-माला विक्रेता और स्थानीय दुकानदार भी इस उत्सव का अभिन्न हिस्सा हैं। वहीं गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष पं. सुशांत मिश्र के अनुसार, दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती और देव दीपावली की तैयारियां काफी पहले शुरू हो जाती हैं। इसमें दो सौ से अधिक लोगों की सक्रिय भागीदारी रहती है। इस आयोजन से स्थानीय रोजगार, नाव संचालन, हस्तशिल्प, फूल-माला और पर्यटन से जुड़े अनेक परिवारों की आजीविका को भी गति मिलती है। इस प्रकार देव दीपावली आस्था के साथ-साथ काशी की अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक पर्यटन का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है।

No comments:

Post a Comment

देव दीपावली : शिव की अविमुक्त नगरी काशी ही बनी देवलोक…

देव दीपावली : शिव की अविमुक्त नगरी काशी ही बनी देवलोक…  काशी को देवताओं की दीपावली के लिए चुनने के पीछे केवल एक पौराणि...