‘छठी मइया अइलीं अंगना, सोनवां जस चमकल संसार...’
‘डूबते सूरज के नाम आज आस्था का अर्घ्य’
खरना के
साथ
शुरू
हुई
36 घंटे
की
कठिन
तपस्या, अस्ताचलगामी
सूर्य
को
अर्घ्य
देंगे
व्रती
गुड़-चावल
की
खीर
और
रोटी
के
प्रसाद
से
महकी
घर-आंगन
की
देहरी,
लोकगीतों
की
मिठास
में
घुली
आस्था;
गंगा
घाटों
से
तालाबों
तक
सजेगा
सूर्योपासना
का
संसार
सुरेश गांधी
वाराणसी। कहीं मिट्टी के
चूल्हे पर आम की
लकड़ियां सुलग रही थीं,
कहीं गुड़ और चावल
की खीर की मिठास
पूरे घर को महका
रही थी। आंगन में
जलते दीप, दीवारों पर
उकेरी गई रंगोलियां और
वातावरण में घुलते छठी
मइया के पारंपरिक गीत...। लोक आस्था
के महापर्व छठ के दूसरे
दिन शनिवार को खरना के
साथ काशी का हर
घर मानो भक्ति के
आंगन में बदल गया।
दिनभर उपवास और पवित्रता के
विधान के बाद संध्या
बेला में व्रतियों ने
विधि-विधान से खरना पूजन
किया। सूर्यदेव और छठी मइया
को खीर-रोटी, केला
और अन्य नैवेद्य अर्पित
कर परिवार की सुख-समृद्धि,
संतान के आरोग्य और
दीर्घायु की कामना की।
इसके बाद प्रसाद ग्रहण
कर परिजनों और पड़ोसियों में
वितरित किया। इसी के साथ
शुरू हो गई 36 घंटे
की कठिन निर्जला तपस्या,
जिसका पहला पड़ाव रविवार
को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देना
होगा।
खरना की शाम
जैसे-जैसे गहराती गई,
घरों से लोकगीतों की
स्वर लहरियां उठने लगीं। 'कांच
ही बांस के बहंगिया,
बहंगी लचकत जाय...' और
'पानी में डूबल सुरज
देव, सुन लीं अरज
हमार...' जैसे पारंपरिक गीतों
ने वातावरण को भक्तिमय कर
दिया। कहीं महिलाएं समूह
में गीत गा रही
थीं तो कहीं नई
पीढ़ी भी इन लोकधुनों
के साथ अपनी सांस्कृतिक
विरासत से जुड़ती दिखी।
'छठी मइया अइलीं अंगना,
भइल सोनवां जस उजियारा...' की
भावधारा में डूबे घर-आंगन मानो लोकसंस्कृति
के जीवंत मंच बन गए।
खरना का प्रसाद पाने
के लिए परिजनों और
पड़ोसियों में भी विशेष
उत्साह रहा। यह प्रसाद
केवल भोजन नहीं, बल्कि
आस्था, पवित्रता और साझेपन का
प्रतीक बनकर घर-घर
पहुंचा।
अस्ताचलगामी सूर्य की प्रतीक्षा में सज उठे घाट
महापर्व के तीसरे दिन
रविवार को सूर्यास्त के
समय पहला अर्घ्य दिया
जाएगा। इसके लिए गंगा
के घाटों, तालाबों, पोखरों और अन्य जलाशयों
पर तैयारियां पूरी की जा
रही हैं। बांस के
सूप और दउरा में
सजे नारियल, केला, गन्ना, ठेकुआ, मौसमी फल और पूजन
सामग्री के साथ व्रती
जल में खड़े होकर
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित
करेंगे। डूबते सूर्य की अंतिम किरणों
के साथ जब हजारों
हाथ एक साथ अर्घ्य
के लिए उठेंगे, तब
जल की लहरों पर
दीपों की थरथराती लौ
और छठ गीतों की
गूंज आस्था का अनुपम दृश्य
रचेगी। काशी के गंगा
घाटों से लेकर मोहल्लों
के सरोवरों तक लोकविश्वास का
यही रंग दिखाई देगा।
आस्था के साथ सुरक्षा और सुविधा की तैयारी
छठ पूजा को
देखते हुए प्रशासन ने
भी घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त
करने की कवायद तेज
कर दी है। जिलाधिकारी
सत्येंद्र कुमार ने एडीजी नवीन
अरोड़ा और अपर पुलिस
आयुक्त शिवहरि मीणा के साथ
मोटरबोट से नमो घाट
से अस्सी घाट तक निरीक्षण
कर साफ-सफाई, प्रकाश,
पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था
की समीक्षा की। घाटों पर
महिलाओं के लिए चेंजिंग
रूम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, खोया-पाया केंद्र,
गहरे पानी वाले स्थानों
पर बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के
वाहनों के लिए अलग
पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित
करने के निर्देश दिए।
तालाबों, पोखरों और अन्य छठ
स्थलों पर भी विशेष
सफाई कराने को कहा गया
है। आवागमन के रास्तों पर
संकेतक लगाने और खराब स्ट्रीट
लाइटों को तत्काल दुरुस्त
करने के निर्देश भी
दिए गए हैं।
डूबते सूर्य से उगते सूर्य तक कृतज्ञता का अनुष्ठान
छठ की सबसे
बड़ी विशेषता है कि इसमें
डूबते और उगते, दोनों
सूर्य की उपासना की
जाती है। रविवार की
संध्या अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने
के बाद व्रती पूरी
रात निर्जला उपवास और आराधना में
लीन रहेंगे। सोमवार की भोर में
उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य
अर्पित किया जाएगा। इसके
बाद व्रतियों के पारण के
साथ चार दिवसीय महापर्व
का समापन होगा। दरअसल, खरना केवल एक
धार्मिक विधान नहीं, बल्कि आत्मसंयम, शुद्धता और त्याग की
साधना का आरंभ है।
छठ में आडंबर से
अधिक पवित्रता, वैभव से अधिक
सादगी और व्यक्तिगत कामना
से अधिक परिवार व
समाज के मंगल का
भाव प्रधान है। प्रकृति के
प्रत्यक्ष देवता सूर्य और जीवनदायिनी जलधारा
के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला यह
पर्व मनुष्य को प्रकृति के
साथ अपने रिश्ते का
भी स्मरण कराता है। यही वजह
है कि छठ किसी
एक शहर, प्रदेश या
समुदाय तक सीमित नहीं
रहा। बिहार, पूर्वांचल से लेकर देश
के महानगरों और विदेशों तक
भारतीय मूल के लोग
इसी आस्था के साथ इस
पर्व को मनाते हैं।
घाटों पर उठते अर्घ्य
के सूप और घरों
में गूंजते लोकगीत पीढ़ियों को जोड़ते हुए
उस सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखते
हैं, जिसमें भक्ति ही नहीं, प्रकृति,
परिवार और समाज के
प्रति कृतज्ञता का भाव भी
समाहित है.

No comments:
Post a Comment