Thursday, 8 January 2026

कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि, संगठन ही हमारी असली पहचान : पंकज चौधरी

कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि, संगठन ही हमारी असली पहचान : पंकज चौधरी 

काशी क्षेत्र के 16 जिलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों की बैठक में भावुक हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

2027 में 2017 से भी बड़ी जीत दिलाने का कार्यकर्ताओं से आह्वान

सुरेश गांधी

वाराणसी. देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में प्रथम आगमन पर हुए अभूतपूर्व स्वागत से अभिभूत नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि हैं और संगठन ही भाजपा की असली पहचान है। 

रोहनिया के जगतपुर स्थित गोकुल धाम रिसोर्ट में काशी क्षेत्र के 16 जिलों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बड़ी बैठक को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बावजूद जिस प्रकार कार्यकर्ताओं ने पूरे यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्वागत और अभिनंदन किया, उसने उन्हें भीतर तक छू लिया। काशी पहुंचने में हुई देरी का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि वे हर उस कार्यकर्ता का अभिवादन स्वीकार करना चाहते थे, जो घंटों सड़कों पर खड़ा होकर उनका इंतजार कर रहा था।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रेम, स्नेह और सम्मान के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने 1989 में उन्हें सभासद, 1990 में डिप्टी मेयर बनाया, नौ बार लोकसभा का प्रत्याशी बनाया और केंद्र सरकार में दो बार वित्त राज्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया। आज प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संगठन और कार्यकर्ताओं के भरोसे का ही परिणाम है।

पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत हैं और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना हम सबका दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केविकसित भारतके संकल्प को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश का सशक्त और समृद्ध होना आवश्यक है। इसके लिए 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 2017 से भी बड़ी जीत दिलानी होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने कभीबीमारूकहे जाने वाले उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी है। कानून-व्यवस्था से लेकर विकास तक प्रदेश आज देश में उदाहरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब भारत की बात कोई नहीं सुनता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आवाज पूरी दुनिया गंभीरता से सुन रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को मोदी सरकार जमीन पर उतार रही है।

कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन का काम पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने वाला कार्यकर्ता ही आगे बढ़ता है। पार्टी जो भी दायित्व सौंपे, उसे पूरी प्रतिबद्धता से निभाना ही सच्ची संगठन निष्ठा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान में एकजुट होकर जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत बंदे मातरम के गान से हुई। जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष को त्रिशूल भेंट कर स्वागत किया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने की, जबकि संचालन अशोक चौरसिया ने किया।

बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, राज्यसभा सदस्य एवं काशी क्षेत्र प्रभारी अमरपाल मौर्य, प्रदेश महामंत्री संजय राय, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी, अनिल राजभर, सांसद सीमा द्विवेदी, साधना सिंह, प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, अनामिका चौधरी, मीना चौबे, मनीष कपूर, जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर सहित काशी क्षेत्र के सभी 16 जिलों के जिलाध्यक्ष, प्रभारी, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

नेशनल वॉलीबॉल में सेमीफाइनल की रणभेरी, भिड़ेंगे चार सूरमा

नेशनल वॉलीबॉल में सेमीफाइनल की रणभेरी , भिड़ेंगे चार सूरमा  72 वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में क्वार्टरफाइनल का रोमा...