डिजिटल लोकतंत्र का डार्क गेम : मतदाता नहीं, एल्गोरिद्म बना रहे जनमत
लोकतंत्र की असली ताकत मतदाता माना जाता था, लेकिन डिजिटल दौर में यह सच तेजी से बदल रहा है। अब जनमत चौपालों या बहसों में नहीं, बल्कि मोबाइल स्क्रीन के भीतर, चुपचाप एल्गोरिद्म की पकड़ में गढ़ा जा रहा है। मतदाता सोचता है कि वह अपनी समझ से फैसला ले रहा है, जबकि हकीकत यह है कि उसकी पसंद, उसकी राय और उसका निर्णय पहले से ही डेटा और डिजिटल रणनीतियों द्वारा दिशा तय कर चुके होते हैं। फेक न्यूज़, टारगेटेड कंटेंट और माइक्रो-टारगेटिंग का ऐसा जाल बुना जा चुका है, जिसमें सच पीछे छूट जाता है और भावनाएं आगे दौड़ती हैं। चुनाव अब मुद्दों की लड़ाई नहीं, बल्कि नैरेटिव की जंग बन चुके हैं। अगर यह सिलसिला यूं ही जारी रहा, तो आने वाले समय में वोट मतदाता नहीं, बल्कि एल्गोरिद्म तय करेंगेकृऔर यही लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है
सुरेश गांधी
मोबाइल की छोटी-सी
स्क्रीन पर सिमटता लोकतंत्र
आज एक निर्णायक मोड़
पर खड़ा है। कभी
चौपालों, नुक्कड़ों और जनसभाओं में
सांस लेने वाला लोकतंत्र
अब एल्गोरिद्म, डेटा और ‘वायरल’
कंटेंट के बीच अपनी
दिशा तलाश रहा है।
फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे
प्लेटफॉर्म, जो कभी संवाद
के माध्यम थे, अब चुनावी
रणनीति के सबसे तेज
हथियार बन चुके हैं।
“फ्री” सेवा के नाम
पर जुटाया गया डेटा अब
मतदाता की सोच को
प्रभावित करने का औजार
बन गया है। एल्गोरिद्म
तय कर रहे हैं
कि आप क्या देखेंगे,
क्या सोचेंगे और अंततः किसे
चुनेंगे। चुनावी मैदान में अब मुद्दों
से ज्यादा “नैरेटिव” लड़ रहे हैं,
और सच्चाई से पहले अफवाहें
जीत रही हैं। सवाल
यह है, क्या यह
तकनीकी विस्तार लोकतंत्र को मजबूत कर
रहा है, या उसे
एक अदृश्य जाल में उलझा
रहा है?
इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया की
सीमाएं तकनीक की रफ्तार के
सामने छोटी पड़ती दिखती
हैं, जबकि राजनीतिक दल
डिजिटल प्रचार पर खुलकर निवेश
कर रहे हैं। गांव
की चौपाल से लेकर शहर
की बहस तक, हर
जगह एक अदृश्य खेल
चल रहा है, जहां
मतदाता “यूजर” नहीं, बल्कि “डेटा प्रोफाइल” बन
चुका है। यह सिर्फ
तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा पर
सवाल है। अगर समय
रहते इसे नहीं समझा
गया, तो आने वाले
चुनाव मतपत्रों से नहीं, बल्कि
मोबाइल के “फॉरवर्ड” और
एल्गोरिद्म के इशारों पर
तय होंगे.
ये आज के
“डिजिटल लोकतंत्र” के सबसे प्रभावशाली
मंच बन चुके हैं।
लेकिन इसी के साथ
एक गहरी चिंता भी
उभर रही है, क्या
यह डिजिटल विस्तार लोकतंत्र को मजबूत कर
रहा है, या उसे
एक अदृश्य जाल में उलझा
रहा है? वैसे भी
लोकतंत्र की बुनियाद “सूचना”
पर टिकी होती है.
या यूं कहे लोकतंत्र
की सबसे बड़ी ताकत
है, सूचना। लेकिन जब यही सूचना
झूठ या “भ्रामक” बन
जाती है, तो वही
ताकत सबसे बड़ा खतरा
भी बन जाती है।
लोकतंत्र की पूरी इमारत
हिलने लगती है।
आज का सबसे
बड़ा संकट यही है
कि सच अब सूचना
नहीं, विकल्प बन गया है;
और झूठ, एक “रणनीति”। आज देश
का मतदाता जितना जागरूक दिखता है, उतना ही
वह डिजिटल भ्रमजाल के बीच खड़ा
है। एक क्लिक, एक
शेयर और एक फॉरवर्ड,
इतना काफी है किसी
भी मुद्दे को हवा देने
के लिए। वाट्स्प के
एक ग्रुप से निकली अफवाह,
फेसबुक पर वायरल होती
है और इंस्टाग्राम के
जरिए भावनाओं का रूप ले
लेती है। जब तक
सच्चाई सामने आती है, तब
तक “झूठ” अपना काम
कर चुका होता है,
मतदाता की सोच को
प्रभावित कर चुका होता
है। यह अलग बात
है कि फेसबुक, वाट्स्प
एवं इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म ने
सूचना को लोकतांत्रिक जरूर
बनाया, लेकिन उसी के साथ
“फेक न्यूज़” को भी अभूतपूर्व
ताकत दे दी। अब
हर व्यक्ति एक संभावित प्रकाशक
है, बिना किसी संपादकीय
जिम्मेदारी, बिना किसी सत्यापन
के। फेक न्यूज़ की
सबसे बड़ी ताकत उसकी
“सच्चाई” नहीं, बल्कि उसकी “संवेगशीलता” है।
सूचना से भ्रम तक : लोकतंत्र की नींव में दरार
लोकतंत्र की असली ताकत
“सूचना” होती है, लेकिन
जब यही सूचना भ्रामक
हो जाए, तो वही
ताकत सबसे बड़ा खतरा
बन जाती है। आज
सच एक विकल्प बन
चुका है और झूठ
एक रणनीति। एक क्लिक, एक
शेयर और एक फॉरवर्ड,
इतना ही काफी है
जनमत को प्रभावित करने
के लिए। फेक न्यूज़
की सबसे बड़ी ताकत
उसकी सच्चाई नहीं, बल्कि उसकी “संवेगशीलता” है। जो खबर
गुस्सा पैदा करे, वह
तेजी से फैलती है;
जो डर पैदा करे,
वह तुरंत वायरल होती है। यही
कारण है कि झूठ
इंसानी मनोविज्ञान का फायदा उठाता
है, जबकि सच को
समय और प्रमाण की
जरूरत होती है।
अफवाह का विज्ञान : क्यों तेजी से फैलता है झूठ?
डिजिटल युग में सूचना
का मूल्य उसकी सच्चाई से
नहीं, बल्कि उसकी “उत्तेजना” से तय होता
है। गुस्सा
जगाने वाली खबरकृसबसे तेजी
से फैलती है. डर पैदा
करने वाला संदेश, तुरंत
शेयर होता है. पूर्वाग्रह
को पुष्ट करने वाला कंटेंट,
तुरंत स्वीकार होता है. यानी,
झूठ अब सूचना नहीं,
बल्कि “भावना” बन चुका है।
चुनाव और फेक न्यूज़ : खतरनाक गठजोड़
चुनावी दौर में यह
संकट और गहरा हो
जाता है। एडिटेड वीडियो,
पुराने फोटो को नया
बताना, विरोधियों के खिलाफ झूठे
नैरेटिव गढ़ना, जाति-धर्म के
आधार पर भावनाएं भड़काना,
यह सब अब चुनावी
रणनीति का हिस्सा बन
चुका है। जब तक
खंडन होता है, तब
तक नुकसान हो चुका होता
है। ग्रामीण और अर्ध-शहरी
क्षेत्रों में स्थिति और
गंभीर है, जहां “व्हाट्सएप
यूनिवर्सिटी” ही सूचना का
मुख्य स्रोत बन चुकी है।
वहां एक वायरल संदेश
ही “सच” बन जाता
है।
एल्गोरिद्म का खेल : आपको वही दिखेगा, जो आपको प्रभावित करे
आज लोकतंत्र सिर्फ
मतपेटियों का खेल नहीं,
बल्कि एल्गोरिद्म और डेटा का
जटिल तंत्र बन चुका है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “सच” नहीं, बल्कि
“एंगेजमेंट” को प्राथमिकता देते
हैं। जो ज्यादा क्लिक
हो, वही ज्यादा दिखे,
जो ज्यादा विवाद पैदा करे, वही
ज्यादा फैले. इससे “इको चैंबर” बनता
है, जहां व्यक्ति सिर्फ
वही देखता है, जो उसकी
सोच से मेल खाता
है। विरोधी विचार धीरे-धीरे गायब
हो जाते हैं, और
लोकतंत्र का संवाद “टकराव”
में बदल जाता है।
डेटा का कारोबार : यूजर नहीं, ‘प्रोडक्ट’ बन चुका है नागरिक
सोशल मीडिया का
सबसे बड़ा भ्रम है,
“सब कुछ मुफ्त”।
असलियत यह है कि
यहां कीमत आपके डेटा
से चुकाई जाती है। आपकी
पसंद, आपकी गतिविधि, आपकी
सोच, सब रिकॉर्ड होती
है. उसी डेटा के
आधार पर आपको टारगेट
किया जाता है. यानी
आम नागरिक अब ग्राहक नहीं,
बल्कि “प्रोडक्ट” बन चुका है।
यही वह बिंदु है
जहां लोकतंत्र और बाजार की
सीमाएं धुंधली होने लगती हैं।
माइक्रो-टारगेटिंग : मतदाता अब ‘डेटा प्रोफाइल’
डिजिटल चुनावी रणनीति का सबसे खतरनाक
पहलू है माइक्रो-टारगेटिंग।
युवाओं को रोजगार का
संदेश, किसानों को एमएसपी का
वादा, महिलाओं को सुरक्षा का
भरोसा. हर वर्ग के
लिए अलग नैरेटिव तैयार
किया जाता है। खतरा
यह है कि मतदाता
को पूरा सच नहीं,
बल्कि “चुना हुआ सच”
दिखाया जाता है।
क्या कानून नाकाफी हैं?
भारत में फेक
न्यूज से निपटने के
लिए नियम मौजूद हैं,
लेकिन : कार्रवाई धीमी है. स्रोत
पकड़ना मुश्किल है. प्लेटफॉर्म की
जवाबदेही स्पष्ट नहीं. चुनाव आयोग के पास
अधिकार हैं, लेकिन तकनीक
की रफ्तार उन नियमों से
कहीं तेज है।
समाधान : सिर्फ सरकार नहीं, समाज भी जिम्मेदार
इस संकट का
समाधान बहुआयामी होना चाहिए, प्लेटफॉर्म
की जवाबदेही तय हो, रियल-टाइम फैक्ट-चेक
सिस्टम विकसित हो. डिजिटल साक्षरता
बढ़ाई जाए. राजनीतिक पारदर्शिता
सुनिश्चित हो. नागरिक सतर्कता
सबसे अहम हो.
लोकतंत्र की असली लड़ाई : वोट नहीं, विवेक की
आज लोकतंत्र की
सबसे बड़ी परीक्षा मोबाइल
स्क्रीन पर हो रही
है। यह लड़ाई वोट
की नहीं, बल्कि “विवेक” की है। अगर
मतदाता सच और झूठ
में फर्क नहीं कर
पाएगा, तो चुनाव निष्पक्ष
नहीं रहेंगे, चाहे प्रक्रिया कितनी
भी पारदर्शी क्यों न हो।
फैसला हमारे हाथ में है
तकनीक ने लोकतंत्र को
तेज, व्यापक और सशक्त बनाया
है, लेकिन उसी तकनीक ने
उसे भ्रम और दुष्प्रचार
के खतरे में भी
डाल दिया है। अब
फैसला हमें करना है,
क्या हम इस तकनीक
का इस्तेमाल लोकतंत्र को मजबूत करने
के लिए करेंगे, या
उसे “डिजिटल जाल” में फंसने
देंगे? क्योंकि अगर समय रहते
संतुलन नहीं बनाया गया,
तो वह दिन दूर
नहीं जब चुनाव मतपेटियों
से नहीं, बल्कि एल्गोरिद्म और वायरल पोस्ट
से तय होंगे। और
तब लोकतंत्र वही होगा, जो
हमारी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा,
न कि वह, जो
सच में मौजूद है।


No comments:
Post a Comment