Friday, 8 May 2026

कचहरी को जाम से मिलेगी राहत, 1000 वाहनों की नई पार्किंग शुरू

कचहरी को जाम से मिलेगी राहत, 1000 वाहनों की नई पार्किंग शुरू 

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की ऐतिहासिक पहल, मल्टीलेवल पार्किंग की भी तैयारी; अधिवक्ताओं और आमजन को बड़ी सुविधा

सुरेश गांधी

वाराणसी. शहर की सबसे व्यस्त और संवेदनशील मानी जाने वाली कचहरी क्षेत्र की सड़कों पर वर्षों से लगने वाले जाम से राहत दिलाने की दिशा में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक पहल हुई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कचहरी क्षेत्र में विकसित नवीन पार्किंग स्थल का फीता काटकर उद्घाटन किया। लगभग एक हजार दोपहिया वाहनों की क्षमता वाले इस पार्किंग स्थल के शुरू होने से केवल अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण लगेगा, बल्कि न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में रोज लगने वाले जाम से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

कचहरी क्षेत्र प्रतिदिन हजारों अधिवक्ताओं, वादकारियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की आवाजाही का केंद्र रहता है। समुचित पार्किंग व्यवस्था होने के कारण लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर थे, जिससे यातायात संचालन बाधित होता था और सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती थी। कई बार एम्बुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी इसी जाम में फंस जाते थे।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्वयं कचहरी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद सेन्ट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ कई चरणों में बैठकें और विचार-विमर्श किए गए। नगर निगम प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित किया गया। महज एक महीने के भीतर इस पार्किंग स्थल को विकसित कर तैयार कर लिया गया।

उद्घाटन के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को बेहतर यातायात व्यवस्था और सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि नई पार्किंग व्यवस्था शुरू होने से सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग पर प्रभावी रोक लगेगी और यातायात अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सकेगा।

नई व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ अधिवक्ताओं और न्यायालय आने वाले वादकारियों को मिलेगा। अब उन्हें वाहन खड़ा करने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी और न्यायालय परिसर के बाहर सड़कों पर दबाव कम होगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सुरक्षित एवं व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

नगर आयुक्त और नगर निगम प्रशासन के सहयोग से तैयार किए गए इस पार्किंग स्थल को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप और विकसित करने की योजना भी बनाई गई है। बढ़ते यातायात दबाव और वाहनों की संख्या को देखते हुए इसे आगे चलकर मल्टीलेवल पार्किंग में परिवर्तित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। यदि यह योजना साकार होती है तो कचहरी क्षेत्र में पार्किंग और यातायात प्रबंधन की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।

शहर के यातायात विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी प्रकार योजनाबद्ध तरीके से अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएं तो वाराणसी की जाम समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। फिलहाल कचहरी क्षेत्र में शुरू हुई यह पहल आमजन के लिए बड़ी राहत और शहर के ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

No comments:

Post a Comment

मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए बड़ी राहत: आयुष्मान कार्ड की अड़चनें होंगी दूर, अब बनेगा विशेष ऑनलाइन पोर्टल

मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए बड़ी राहत : आयुष्मान कार्ड की अड़चनें होंगी दूर , अब बनेगा विशेष ऑनलाइन पोर्टल  सूचना निद...