व्यापार मंडल ने बढ़ाया आयुर्वेद अस्पताल का हाथ
21 कुर्सियां, 700 लीटर
फिनायल-टॉयलेट क्लीनर भेंट, मुफ्त इलाज व्यवस्था की सराहना
आयुष मंत्री से अस्पताल
पर विशेष ध्यान देने की अपील, बोले—
सुविधाएं बढ़ें तो मरीजों को मिलेगा बड़ा लाभ
सुरेश गांधी
वाराणसी। शहर के संपूर्णानंद आयुर्वेद चिकित्सालय
में मंगलवार को सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। वाराणसी
व्यापार मंडल की ओर से अस्पताल को 21 कुर्सियां तथा करीब 700 लीटर फिनायल और टॉयलेट
क्लीनर सौंपा गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सालय की
प्रभारी अधीक्षक डॉ. पूनम द्विवेदी और डॉ. भगवान दास की मौजूदगी में सामग्री अस्पताल
प्रशासन को सौंपी गई।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्घा
ने कहा कि संपूर्णानंद आयुर्वेद चिकित्सालय गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत
का केंद्र है, जहां मरीजों को निःशुल्क इलाज, भर्ती और भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई
जाती हैं। उन्होंने कहा कि जानकारी मिली है कि अस्पताल को अपेक्षित सरकारी सहायता नहीं
मिल पा रही है। ऐसे में व्यापार मंडल आगे भी जरूरत के अनुसार सहयोग करता रहेगा।
उन्होंने प्रदेश के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ से अस्पताल की सुविधाओं और संसाधनों पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि इससे डॉक्टरों का मनोबल बढ़ेगा और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर डॉ. भगवान दास ने लोगों से अंधविश्वास और भूत-प्रेत जैसी बातों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीमारियों के इलाज के लिए वैज्ञानिक और चिकित्सकीय पद्धति पर भरोसा करना चाहिए। कार्यक्रम में महामंत्री कविंद्र जायसवाल, डॉ. संजय सिंह, राजीव वर्मा, अरविंद जायसवाल, सुजीत वर्मा, प्रिया अग्रवाल, खुर्शीदा बेगम, शाहिद समेत व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment