Tuesday, 2 June 2026

हीरोज का जलवा, एसपीएल ट्रॉफी पर कब्जा

हीरोज का जलवा, एसपीएल ट्रॉफी पर कब्जा 

दीपेश की दमदार बल्लेबाजी और अमित की घातक गेंदबाजी से अमर साई को 20 रन से हराया

दूधिया रोशनी में खेला गया रोमांचक फाइनल, 15वीं सिंधी प्रीमियर लीग का खिताब जीता

सुरेश गांधी

वाराणसी। डॉक्टर संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की दूधिया रोशनी में सोमवार रात खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में हीरोज ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अमर साई गोरखपुर को 20 रन से पराजित कर 15वीं सिंधी प्रीमियर लीग (एसपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार योगदान देने वाले अमित मसंद कोप्लेयर ऑफ फाइनलचुना गया।

संत कवर राम सिंधी युवा समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में हीरोज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट पर 117 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से दीपेश वासवानी ने 43 रन की आकर्षक पारी खेली, जबकि प्रवेश आसुदानी ने 35 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अमर साई की ओर से भुवन सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

118 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमर साई गोरखपुर की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। हीरोज के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। नतीजा यह रहा कि अमर साई की टीम निर्धारित 10 ओवर में सात विकेट पर 97 रन ही बना सकी। अमित मसंद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र नौ रन खर्च कर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके और जीत के नायक बने। करण आडवाणी और निहाल ने भी दो-दो विकेट लेकर अमर साई की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

सेमीफाइनल में भी दिखा था हीरोज का दम

फाइनल से पहले खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में हीरोज ने एसएपीएल को 37 रन से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था। इस मैच में हीरोज के बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए। दीपेश वासवानी ने नाबाद 45 रन, करण आडवाणी ने 40 रन और अमित ने 29 रन बनाकर टीम को 10 ओवर में तीन विकेट पर 154 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए एसएपीएल की टीम सात विकेट पर 117 रन ही बना सकी। राहुल उतरानी ने 30 और देवेश इसरानी ने 24 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। हीरोज की ओर से दीपेश वासवानी और हितेश चेलानी ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

अमर साई ने पहले सेमीफाइनल में मारी थी बाजी

पहले सेमीफाइनल में अमर साई गोरखपुर ने सीए जय प्राधवानी इलेवन को 31 रन से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। अमर साई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में दो विकेट पर 159 रन का विशाल स्कोर बनाया। अमर खटवानी ने 40, तरुण सावलानी ने 33, सागर रामवानी ने 32 और हितेश रगनानी ने 26 रन की तेजतर्रार पारियां खेलीं। जवाब में सीए जय प्राधवानी इलेवन सात विकेट पर 128 रन ही बना सकी। टीम की ओर से लदम राहुजा और मानव लखमानी ने 27-27 रन बनाए। सागर रामवानी ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए दो विकेट अपने नाम किए।

पुरस्कार वितरण में खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

टूर्नामेंट के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। संत कवर राम सिंधी युवा समिति के अध्यक्ष संजय टहलानी, सचिव रतन राजवानी तथा आयोजन समिति के चेयरमैन मनोज लखमानी, दिलीप आहूजा और जय लालवानी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में चंदन रुपानी, सुनील वाधवा, कमल हरचानी, पवन सदीजा, दीपक वासवानी, मनोज मुरझानी, नरेश बढ़ानी, सुमित धमेजा, दिलीप इसरानी और हिमांशु सहित अनेक सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

स्कोर बोर्ड फाइनल

हीरोज : 117/4 (10 ओवर)

अमर साई गोरखपुर : 97/7 (10 ओवर)

परिणाम : हीरोज 20 रन से विजयी

प्लेयर ऑफ फाइनल : अमित मसंद (3 विकेट, 9 रन)

टूर्नामेंट के सितारे

दीपेश वासवानी : फाइनल में 43 रन, सेमीफाइनल में नाबाद 45 रन

अमित मसंद : फाइनल में 3 विकेट, प्लेयर ऑफ फाइनल

करण आडवाणी : सेमीफाइनल में 40 रन, फाइनल में 2 विकेट

अमर खटवानी : सेमीफाइनल में 40 रन

सागर रामवानी : सेमीफाइनल में 32 रन और 2 विकेट

No comments:

Post a Comment

हीरोज का जलवा, एसपीएल ट्रॉफी पर कब्जा

हीरोज का जलवा , एसपीएल ट्रॉफी पर कब्जा  दीपेश की दमदार बल्लेबाजी और अमित की घातक गेंदबाजी से अमर साई को 20 रन से हराया...