Thursday, 4 June 2026

बाबा के दरबार में श्रद्धालु की बिगड़ी तबीयत, इलाज के बावजूद नहीं बच सकी जान

बाबा के दरबार में श्रद्धालु की बिगड़ी तबीयत, इलाज के बावजूद नहीं बच सकी जान

काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के दौरान अचानक हुए अचेत, मंदिर कर्मियों ने तत्काल पहुंचाई चिकित्सा सहायता, मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मृत्यु

सुरेश गांधी

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में गुरुवार दोपहर दर्शन के लिए पहुंचे राजस्थान के जयपुर निवासी 64 वर्षीय श्रद्धालु रामप्रकाश शर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। मंदिर प्रशासन के अनुसार श्रद्धालु दर्शन के दौरान अस्वस्थ होकर गिर पड़े, जिसके बाद धाम परिसर में तैनात कर्मियों ने तत्काल उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल कबीरचैरा भेजा गया।

मंदिर प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 2.15 बजे श्रद्धालु रामप्रकाश शर्मा अचानक चक्कर खाकर गिर गए। सूचना मिलते ही धाम परिसर में मौजूद सुरक्षा एवं सेवा कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक सहायता प्रदान की। स्थिति को देखते हुए बिना देर किए उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए कबीरचैरा स्थित शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय भेजा गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका परीक्षण कर आवश्यक उपचार शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी हालत गंभीर हो गई। बाद में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रशासन के मुताबिक घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को दे दी गई।

मंदिर प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालु को अस्वस्थ होने के तुरंत बाद प्राथमिक चिकित्सा और एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई गई तथा पूरे प्रकरण में आवश्यक प्रक्रिया का पालन किया गया। मृतक अपने परिवार के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी आए थे।

घटना के बाद प्रशासन ने परिजनों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियमानुसार आवश्यक विधिक और चिकित्सीय कार्रवाई की जा रही है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

धाम में मौजूद है त्वरित चिकित्सा व्यवस्था

श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस सेवा तथा प्रशिक्षित कर्मियों की व्यवस्था उपलब्ध है। किसी भी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने की स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार और अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। गुरुवार की घटना में भी कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रद्धालु को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।

No comments:

Post a Comment

हरित क्रांति का संकल्प: संकट मोचन से उठी पर्यावरण बचाने की हुंकार

हरित क्रांति का संकल्प : संकट मोचन से उठी पर्यावरण बचाने की हुंकार  विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर महंत प्रो . व...