Thursday, 4 June 2026

सूर्य ऊर्जा में यूपी का जलवा, देश में बजा डंका

सूर्य ऊर्जा में यूपी का जलवा, देश में बजा डंका 

पीएम सूर्य घर योजना में कई श्रेणियों में अव्वल, लखनऊ बना देश का नंबर-1 सोलर जिला

सुरेश गांधी

लखनऊ. उत्तर प्रदेश ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। नई दिल्ली में आयोजित "पीएम सूर्य घर पुरस्कार समारोह" में प्रदेश ने कई महत्वपूर्ण श्रेणियों में शीर्ष स्थान हासिल कर यह साबित कर दिया कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित विकास के लक्ष्य की दिशा में वह तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की इस उपलब्धि ने न केवल देशभर का ध्यान आकर्षित किया है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा कर दिया है।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत देशभर में हुए सोलर इंस्टॉलेशन के आधार पर उत्तर प्रदेश को "टॉप थ्री स्टेट इंस्टॉलेशन" श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। इस श्रेणी में गुजरात पहले स्थान पर रहा, जबकि उत्तर प्रदेश ने अपने विशाल उपभोक्ता आधार और तेजी से बढ़ते सोलर नेटवर्क के बल पर राष्ट्रीय मंच पर उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज कराई। सबसे बड़ी उपलब्धि जिला स्तर पर सामने आई, जहां राजधानी लखनऊ ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया। लखनऊ में 1,02,596 सोलर इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए, जो देश के किसी भी जिले में सबसे अधिक हैं। दूसरे स्थान पर रहे नागपुर में 89,255 इंस्टॉलेशन हुए। यह आंकड़ा बताता है कि शहरी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा को अपनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश ने प्रभावी कार्य किया है।

राज्य को "वेरी हाई कंज्यूमर बेस" श्रेणी में भी पहला स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन, सर्वाधिक सोलर इंस्टॉलेशन और अधिकतम वेंडर रजिस्ट्रेशन जैसी महत्वपूर्ण श्रेणियों में भी प्रदेश ने देश में शीर्ष स्थान हासिल किया। ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनजागरूकता और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार का परिणाम है। ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए. के. शर्मा ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। सौर ऊर्जा के माध्यम से न केवल बिजली उत्पादन बढ़ रहा है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लक्ष्य भी पूरे हो रहे हैं।

श्री शर्मा ने प्रदेश के अधिकारियों, डिस्कॉम कर्मियों, वेंडरों तथा योजना से जुड़े लाखों लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले वर्षों में सौर ऊर्जा के विस्तार के लिए और व्यापक अभियान चलाएगी ताकि प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज सौर ऊर्जा क्रांति का अग्रदूत बनकर उभरा है। आने वाले समय में प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यूपी की बड़ी उपलब्धियां

पीएम सूर्य घर योजना में देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिल

"वेरी हाई कंज्यूमर बेस" श्रेणी में प्रथम स्थान

सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन में देश में नंबर-1

सर्वाधिक सोलर इंस्टॉलेशन में प्रथम स्थान

सर्वाधिक वेंडर रजिस्ट्रेशन में भी अव्वल

लखनऊ बना देश का नंबर-1 सोलर जिला

1.02 लाख से अधिक सोलर इंस्टॉलेशन के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड

"उत्तर प्रदेश आज सौर ऊर्जा क्रांति का अग्रदूत बनकर उभरा है। प्रदेश को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने और स्वच्छ ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।" — ए. के. शर्मा, ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री, उत्तर प्रदेश

No comments:

Post a Comment

सूर्य ऊर्जा में यूपी का जलवा, देश में बजा डंका

सूर्य ऊर्जा में यूपी का जलवा, देश में बजा डंका  पीएम सूर्य घर योजना में कई श्रेणियों में अव्वल, लखनऊ बना देश का नंबर-1 सोलर जिला सुरेश ...