Tuesday, 27 October 2026

काशी में पेयजल-सीवर पर खर्च होंगे 2721 करोड़, 15 लाख आबादी को राहत

काशी में पेयजल-सीवर पर खर्च होंगे 2721 करोड़, 15 लाख आबादी को राहत 

कैबिनेट से अमृत 2.0 की सात परियोजनाओं को मंजूरी, वाराणसी में पेयजल की तीन और सीवरेज की तीन योजनाओं से विस्तारित क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

लहरतारा, चितईपुर और ट्रांस वरुणा जोन में जलापूर्ति व सीवर नेटवर्क का होगा विस्तार, लखनऊ की पेयजल परियोजना भी स्वीकृत

सुरेश गांधी

वाराणसी. काशी के तेजी से विस्तारित होते शहरी क्षेत्र में पेयजल और सीवरेज की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2721 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में अमृत 2.0 के तहत वाराणसी की पेयजल की तीन और सीवरेज की तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन योजनाओं से लहरतारा, चितईपुर और ट्रांस वरुणा सहित कई क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। वहीं, लखनऊ में पेयजल व्यवस्था के विस्तार के लिए भी एक परियोजना को स्वीकृति मिली है।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कैबिनेट बैठक के बाद बताया कि लखनऊ और वाराणसी में पेयजल एवं सीवरेज से जुड़ी सात परियोजनाओं पर कुल 2941.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें पेयजल की चार परियोजनाओं पर 947.45 करोड़ और सीवरेज की तीन परियोजनाओं पर 1994 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजनाओं का उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों को पेयजल और सीवरेज नेटवर्क से शत-प्रतिशत आच्छादित करना है।

ट्रांस वरुणा के 13 वार्डों को मिलेगा लाभ

वाराणसी में पेयजल व्यवस्था के विस्तार के लिए पुराना ट्रांस वरुणा पेयजल विस्तारीकरण एवं वृद्धिकरण योजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 13 वार्डों की लगभग 4.15 लाख आबादी को लाभ मिलने का अनुमान है। योजना पूरी होने पर संबंधित क्षेत्र को शत-प्रतिशत पेयजल व्यवस्था से जोड़ने का लक्ष्य है। नगर निगम के नवविस्तारित लहरतारा जोन में सिस वरुणा पेयजल विस्तारीकरण एवं वृद्धिकरण योजना भी स्वीकृत हुई है। इससे लगभग 2.18 लाख लोगों को पेयजल की सुविधा मिलेगी। वहीं, नवविस्तारित चितईपुर क्षेत्र में सिस वरुणा जलापूर्ति योजना के माध्यम से सात वार्डों की करीब 1.89 लाख आबादी को लाभ पहुंचाने की योजना है।

सीवर नेटवर्क से जुड़ेंगे नए शहरी क्षेत्र

पेयजल के साथ सीवरेज व्यवस्था के विस्तार पर भी जोर दिया गया है। पुराना ट्रांस वरुणा जोन की सीवरेज परियोजना से लगभग 4.05 लाख लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है। नवविस्तारित लहरतारा जोन के सिस वरुणा क्षेत्र में चयनित आठ वार्डों की करीब 2.04 लाख आबादी को सीवरेज सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसी तरह नवविस्तारित चितईपुर जोन में चयनित 10 वार्डों के लिए सीवरेज परियोजना स्वीकृत की गई है। इससे लगभग 2.23 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। तीनों परियोजनाओं के पूरा होने पर संबंधित क्षेत्रों को सीवरेज व्यवस्था से शत-प्रतिशत आच्छादित करने का लक्ष्य है।

लखनऊ में भी पेयजल व्यवस्था का होगा विस्तार

लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में हैदरगंज तथा आलमनगर के केसरीखेड़ा वार्ड से संबंधित पेयजल परियोजना को भी मंजूरी मिली है। इस पर लगभग 226.45 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजना से करीब 1.56 लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि अमृत 2.0 के तहत स्वीकृत परियोजनाओं से दोनों शहरों में शहरी बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी। पेयजल आपूर्ति में विस्तार और सीवरेज नेटवर्क के विकास से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा।

No comments:

Post a Comment

बूथ से सोशल मीडिया तक महिला मोर्चा की घेराबंदी

बूथ से सोशल मीडिया तक महिला मोर्चा की घेराबंदी  मेधा कुलकर्णी ने काशी क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का ...