Tuesday, 27 October 2026

चार स्टेशनों पर पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम, परखी यात्री सुविधाएं

चार स्टेशनों पर पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम, परखी यात्री सुविधाएं 

बनारस से वाराणसी सिटी तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, हरदत्तपुर में संरक्षा प्रक्रियाओं की जांच; निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज तय समय में पूरा करने का निर्देश

सुरेश गांधी

वाराणसी. यात्री सुविधाओं में सुधार, रेल परिचालन की संरक्षा और स्टेशन परिसरों की साफ-सफाई को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे ने निगरानी तेज कर दी है। मंगलवार को महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बनारस, राजातालाब, हरदत्तपुर और वाराणसी सिटी स्टेशनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। उन्होंने जहां यात्री सुविधाओं और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया, वहीं हरदत्तपुर में संरक्षा प्रक्रियाओं की जांच की। वाराणसी सिटी स्टेशन पर निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज का काम निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। महाप्रबंधक ने प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कांत पाण्डेय, वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार और मुख्यालय व मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।

बनारस स्टेशन पर प्रवेश द्वार और सफाई पर जोर

निरीक्षण की शुरुआत बनारस स्टेशन से हुई। महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद द्वितीय प्रवेश द्वार और सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि यात्रियों को बेहतर वातावरण मिल सके।

राजातालाब में यात्री सुविधाओं की पड़ताल

राजातालाब स्टेशन पर महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हरदत्तपुर में संरक्षा प्रक्रियाओं की जांच

हरदत्तपुर स्टेशन पर महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म नंबर एक स्थित पैनल रूम का निरीक्षण किया। यहां विफलता पंजिका समेत विभिन्न अभिलेखों और संरक्षा उपकरणों की जांच की। स्टेशन अधीक्षक और प्वाइंट्समैन से ट्रेन परिचालन से जुड़ी संरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल परिचालन में संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

वाराणसी सिटी में एफओबी का काम समय से पूरा करने का निर्देश

निरीक्षण के अंतिम चरण में महाप्रबंधक वाराणसी सिटी स्टेशन पहुंचे। यहां प्लेटफॉर्म नंबर चार और पांच पर निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (एफओबी) की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और तय मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए। उन्होंने वाराणसी सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और सर्कुलेटिंग एरिया में साफ-सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

रखरखाव और सुव्यवस्था पर विशेष जोर

महाप्रबंधक ने रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए रेल परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव, यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार और स्टेशन परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुविधाओं के विस्तार के साथ स्टेशनों की सुव्यवस्था और सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्यालय गोरखपुर और वाराणसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

बूथ से सोशल मीडिया तक महिला मोर्चा की घेराबंदी

बूथ से सोशल मीडिया तक महिला मोर्चा की घेराबंदी  मेधा कुलकर्णी ने काशी क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का ...