Sunday, 18 October 2026

गंगा के ऊपर गरजेगा राफेल, पांच ध्रुव हेलीकॉप्टरों से आसमान में बनेगी सारंग की आकृति

गंगा के ऊपर गरजेगा राफेल, पांच ध्रुव हेलीकॉप्टरों से आसमान में बनेगी सारंग की आकृति 

22, 24 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो की तैयारी, सूर्य किरण और सारंग टीम दिखाएंगी हवाई करतब

राफेल-सुखोई-30 एमकेआई और तेजस की गर्जना से गूंजेगा काशी का आसमान, स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के सटीक फॉर्मेशन पर टिकेंगी निगाहें

सुरेश गांधी

वाराणसी। गंगा की लहरें, सामने काशी का ऐतिहासिक वैभव और ऊपर आसमान में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की गर्जना। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में काशी एक ऐसे नजारे की गवाह बनने जा रही है, जिसमें देश की हवाई ताकत और स्वदेशी विमानन तकनीक का प्रदर्शन होगा। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो आयोजित करने की तैयारी है। 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले हवाई प्रदर्शन में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और तेजस जैसे लड़ाकू विमानों के साथ सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम आकर्षण का केंद्र होंगी।

पांच ध्रुव हेलीकॉप्टर दिखाएंगे सटीक तालमेल

एयर शो में सारंग टीम पांच स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टरों (एएलएच) ध्रुव के साथ अपनी उड़ान दक्षता का प्रदर्शन करेगी। वर्ष 2003 में स्थापित यह टीम देश-विदेश में अपने हवाई करतबों के लिए पहचान बना चुकी है। एक साथ उड़ान भरते हेलीकॉप्टरों के सटीक फॉर्मेशन, आपसी तालमेल और नियंत्रित कलाबाजियां दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगी। सारंग टीम स्वदेशी विमानन क्षमता का प्रतिनिधित्व करती है। इसके प्रदर्शन में उड़ान कौशल के साथ अनुशासन, टीम भावना और तकनीकी दक्षता की झलक भी दिखाई देती है।

राफेल, सुखोई और तेजस भी दिखाएंगे दम

प्रस्तावित हवाई प्रदर्शन में आधुनिक लड़ाकू विमानों के अलावा एलसीएच प्रचंड, आईएल-76, आईएल-78, सी-295 और एएन-32 जैसे विमानों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। सूर्य किरण एरोबेटिक टीम भी आसमान में समन्वित उड़ान और रोमांचक करतबों का प्रदर्शन करेगी। भारतीय नौसेना और थलसेना के विमानों की भागीदारी की जानकारी भी प्रकाशित हुई है।

युवाओं को वायुसेना से जोड़ने की पहल

‘विंग्स ओवर गंगा’ का उद्देश्य सिर्फ हवाई करतबों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करना नहीं है। इस आयोजन के माध्यम से लोगों को भारतीय वायुसेना की क्षमताओं, आधुनिक तकनीक और विमानन क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराने की भी तैयारी है। विद्यार्थियों और युवाओं को एयर शो के जरिए विमानन और एयरोस्पेस क्षेत्र में करियर की संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा। गंगा की पृष्ठभूमि में होने वाला यह आयोजन काशी की सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक भारत की हवाई क्षमता को एक साथ प्रस्तुत करेगा।

No comments:

Post a Comment

दो हजार मातृशक्तियों पर पुष्पवर्षा, चुनरी ओढ़ाकर किया अभिनंदन

दो हजार मातृशक्तियों पर पुष्पवर्षा , चुनरी ओढ़ाकर किया अभिनंदन  काशी में नारी शक्ति के सम्मान का आयोजन , डॉ . नीलकंठ तिवारी...