Saturday, 28 November 2026

काशी की कानून-व्यवस्था की कमान अब किरन एस. के हाथ

किरन एस. के नेतृत्व में अब चलेगा काशी पुलिस का कारवां 

मोहित अग्रवाल ने नवागत पुलिस आयुक्त को दी शुभकामनाएं, विभागीय दायित्वों और अभिलेखों का हुआ हस्तांतरण

सुरेश गांधी

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी को शनिवार को नया पुलिस नेतृत्व मिल गया। नवागत पुलिस आयुक्त किरन एस. ने शनिवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए सफल और उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल की कामना की।

पदभार ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया के तहत विभागीय कार्यों, प्रशासनिक दायित्वों और संबंधित अभिलेखों का विधिवत हस्तांतरण किया गया। इस दौरान कमिश्नरेट के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नवागत पुलिस आयुक्त का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

किरन एस. के कार्यभार संभालने के साथ ही वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो गई। अब उनके सामने कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने की चुनौती होगी। काशी जैसे धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना भी उनकी प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा।

आईपीएस किरण एस का जन्म 20 सितंबर 1982 को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में हुआ था। वाराणसी का पुलिस कमिश्नर नियुक्त होने से पहले वे लखनऊ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पद पर तैनात थे। उन्होंने 7 जनवरी 2026 को लखनऊ रेंज के आईजी के रूप में कार्यभार संभाला था। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम भूमिका निभाई।

IIT मद्रास से हासिल की M.Tech की डिग्री

किरण एस की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी काफी खास है। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी मद्रास से इलेक्ट्रॉनिक्स में एमटेक की डिग्री हासिल की है। तकनीकी क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त होने के कारण वे पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक, साइबर सुरक्षा और डेटा एनालिटिक्स के इस्तेमाल पर विशेष जोर देते हैं।

CBI में SP और DIG के पद पर कर चुके हैं काम

राज्य पुलिस में अपनी सेवाएं देने के अलावा किरण एस को केंद्रीय जांच एजेंसी में भी काम करने का अनुभव है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान वे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में पुलिस अधीक्षक (SP) और उप महानिरीक्षक (DIG) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर तैनात रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कई जटिल और हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच का नेतृत्व किया। सीबीआई में काम करने का उनका अनुभव उनके पुलिसिंग करियर का अहम हिस्सा रहा है।

इंटरपोल मेडल ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित

किरण एस को उनकी उत्कृष्ट जांच क्षमता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुलिसिंग में विशेष योगदान के लिए प्रतिष्ठित 'इंटरपोल मेडल ऑफ एक्सीलेंस' से भी सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान उनकी जांच क्षमता और पुलिस सेवा में योगदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान को दर्शाता है। अब वे वाराणसी के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

No comments:

Post a Comment

योगी ने मोहित अग्रवाल को खुद सौंपा IIM का विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान

  योगी ने मोहित अग्रवाल को खुद सौंपा IIM का विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान  लोकसेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए IIM मुंबई ने ...