Saturday, 28 November 2026

योगी के नेतृत्व में यूपी ने बदली अपनी तस्वीर, देश की तीसरी अर्थव्यवस्था बना : राधाकृष्णन

योगी के नेतृत्व में यूपी ने बदली अपनी तस्वीर, देश की तीसरी अर्थव्यवस्था बना : राधाकृष्णन 

बोले- प्रदेश पतन से निकलकर ऊंचाई के शिखर पर पहुंच रहा, जीडीपी में नौ फीसदी से अधिक योगदान

काशी तमिल संगमम 5.0 का भव्य शुभारंभ, उपराष्ट्रपति ने कहा- तमिल संस्कृति पूरे भारत का गौरव; काशी और रामेश्वरम का रिश्ता सदियों पुराना

सुरेश गांधी

वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों से प्रवाहित सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भाषाई रिश्तों को नई पीढ़ी से जोड़ने का महाअभियान शनिवार को गंगा तट पर साकार हुआ। नमो घाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम 5.0 का उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उपराष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश में आए बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश अपने पतन से निकलकर ऊंचाई के शिखर को छू रहा है और देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। देश के सकल घरेलू उत्पाद में उत्तर प्रदेश का योगदान नौ प्रतिशत से अधिक है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश में केवल राम मंदिर का निर्माण ही नहीं हुआ, बल्कि रामराज्य की स्थापना की दिशा में भी काम हुआ है। आज महिलाएं प्रदेश की गलियों में निर्भीक होकर आवागमन कर सकती हैं। उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपने करीब दो दशक पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि संसद में दोनों अगल-बगल बैठते थे और एक-दूसरे के विचारों को ध्यान से सुनते थे। मुख्यमंत्री के निमंत्रण पर अयोध्या में दीपोत्सव में शामिल होने का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विख्यात काशी के कण-कण में शिव का वास है। तमिलनाडु के लोगों के मन में काशी के लिए विशेष स्थान है। हर तमिल परिवार की इच्छा होती है कि वह काशी आए और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करे।

माता-पिता की काशी यात्रा की सुनाई भावुक दास्तां

उपराष्ट्रपति ने काशी और रामेश्वरम के आध्यात्मिक संबंध को अपने परिवार की स्मृति से जोड़ते हुए बताया कि उनके माता-पिता गंगाजल लेकर रामेश्वरम में भगवान शिव का अभिषेक करने आए थे। यात्रा के दौरान पारिवारिक कारणों से वे अपना संकल्प पूरा नहीं कर सके। लंबे समय तक उनके माता-पिता गंगाजल की पूजा करते रहे और रामेश्वरम जाने की इच्छा व्यक्त करते रहे। बाद में जब वे दोबारा रामेश्वरम पहुंचे और अभिषेक किया तो उनके पिता ने प्रसन्न होकर कहा था कि अब उनका काम पूरा हो गया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह केवल एक परिवार की धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि काशी और रामेश्वरम के बीच सदियों से चले आ रहे आध्यात्मिक रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु से बुनकर सदियों पहले काशी आए और यहां की आर्थिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में योगदान दिया। महाकवि सुब्रमण्यम भारती ने भी अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय काशी में बिताया। उन्होंने उन लोगों की धारणा को खारिज किया कि भारत अंग्रेजों के आने और जाने के बाद ही एक राष्ट्र बना। कहा कि तमिलनाडु भी कभी चोल, चेर और पांड्य जैसे अलग-अलग राजवंशों और क्षेत्रों में विभाजित रहा, लेकिन सांस्कृतिक और राष्ट्रीय भावनाओं ने सभी को जोड़कर रखा। भारत की एकता राजनीतिक सीमाओं से कहीं अधिक गहरी है।

तमिल संस्कृति भारत का गौरव

उपराष्ट्रपति ने कहा कि तमिल संस्कृति केवल तमिलनाडु की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे भारत का गौरव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी तमिल भाषा, साहित्य और कवियों की रचनाओं को सम्मान के साथ प्रस्तुत करते हैं। काशी तमिल संगमम के प्रत्येक संस्करण ने उत्तर और दक्षिण के बीच संवाद को नया आयाम दिया है। इस बार का विशेष आकर्षण संत तिरुवल्लुवर की महान रचना तिरुक्कुरल है। उन्होंने कहा कि तिरुक्कुरल केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए जीवन का मार्गदर्शन करने वाला साहित्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कर्मयोगी बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तिरुक्कुरल का 50 भाषाओं में अनुवाद और प्रकाशन होना उल्लेखनीय उपलब्धि है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें रूसी भाषा में अनूदित तिरुक्कुरल ग्रंथ भेंट किया था। यह भारतीय ज्ञान परंपरा के वैश्विक विस्तार का उदाहरण है।

विकसित भारत के साथ विरासत का संरक्षण भी जरूरी

उपराष्ट्रपति ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को कोई देश रोक नहीं सकता, लेकिन विकास का अर्थ केवल अर्थव्यवस्था को मजबूत करना नहीं है। अपनी संस्कृति, सभ्यता और ज्ञान परंपरा को साथ लेकर आगे बढ़ना भी जरूरी है। योग, आयुर्वेद और भारतीय आध्यात्मिक चिंतन पूरी दुनिया को दिशा दे सकते हैं। उन्होंने तमिलनाडु से आए युवाओं से आग्रह किया कि वे काशी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के साथ राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत के महत्व को समझें। मातृभाषा, धर्म और अपनी संस्कृति प्रत्येक व्यक्ति के हृदय के निकट होते हैं, इसलिए सभी भाषाओं और परंपराओं को सम्मान की दृष्टि से देखना चाहिए। कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से अरुणाचल तक भारत का चिंतन और राष्ट्रीय भाव एक है। उन्होंने गंगा और कावेरी के संभावित नदी-संपर्क की परिकल्पना को भी साझा करते हुए कहा कि इन नदियों का संगम उनके लिए राष्ट्रीय एकता के संकल्प का प्रतीक है।

प्रहलाद जोशी बोले, सांस्कृतिक और शैक्षणिक आंदोलन बना संगमम

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुआ काशी तमिल संगमम अब प्रमुख सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम बन चुका है। उन्होंने काशी और रामेश्वरम के प्राचीन संबंधों के साथ आदि शंकराचार्य द्वारा देश की चारों दिशाओं में स्थापित पीठों का उल्लेख किया। कहा कि भारत की सांस्कृतिक एकता हजारों वर्षों पुरानी है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में आए बदलावों की भी सराहना की। भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष चामू कृष्ण शास्त्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप काशी और रामेश्वरम के प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों को फिर से सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।

12 दिसंबर तक चलेंगी शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियां

काशी तमिल संगमम 5.0 की थीम 'थिरुक्कुरल पयिलोम-थिरुक्कुरल का अभ्यास करें' रखी गई है। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में तमिलनाडु से लगभग 1400 प्रतिनिधि सात समूहों में भाग ले रहे हैं। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडिया प्रतिनिधि, किसान, कारीगर, पेशेवर, महिलाएं और आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हैं। बीएचयू में सातों समूहों के लिए विशेष शैक्षणिक सत्र होंगे। तमिलनाडु के करीब 50 शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के शिक्षण संस्थानों में तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से विद्यार्थियों को परिचित कराएंगे। देशभर के एक हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' और हंसराज विश्वकर्मा, शिक्षा मंत्रालय की सचिव दीप्ति मुखर्जी, बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामाकोटी, भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष चामू कृष्ण शास्त्री समेत अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और गणमान्य लोग मौजूद रहे। देशभर के शिक्षण संस्थान वर्चुअल माध्यम से भी जुड़े। अतिथियों ने आयोजन स्थल पर प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उपराष्ट्रपति ने बटन दबाकर तिरुक्कुरल के अनुवादित ग्रंथों का डिजिटल विमोचन किया। इससे पूर्व उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तथा कालभैरव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया।

No comments:

Post a Comment

योगी ने मोहित अग्रवाल को खुद सौंपा IIM का विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान

  योगी ने मोहित अग्रवाल को खुद सौंपा IIM का विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान  लोकसेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए IIM मुंबई ने ...