Wednesday, 18 November 2026

काशी की गलियों से गंजारी तक बदलेगी विकास की तस्वीर…

काशी की गलियों से गंजारी तक बदलेगी विकास की तस्वीर… 

काशी की प्राथमिकता में विकास के साथ विरासत, स्वच्छता और सुगम यातायात

नवागत मंडलायुक्त ने गिनाईं प्राथमिकताएं, बोले- देव दीपावली पर दिखेगा भव्यता और बेहतर व्यवस्थाओं का नया स्वरूप

जनसहभागिता से स्वगणना को जन-जन तक पहुंचाने की अपील, 30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का ब्योरा

गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण कर उद्घाटन की तारीख बताएंगे, अधूरी परियोजनाओं को अगले एक-दो महीने में पूरा कराने पर जोर

घाटों से गलियों तक सफाई, जाम से मुक्ति और पर्यटकों की सुविधा के लिए बनेगी कार्ययोजना

सुरेश गांधी

वाराणसी। काशी की पहचान केवल उसके प्राचीन मंदिरों, घाटों और आध्यात्मिक परंपराओं से नहीं, बल्कि यहां की जीवंत गलियों, लोकजीवन और अतिथि सत्कार से भी है। ऐसे में विकास की तेज रफ्तार के बीच इस प्राचीन नगरी की मूल आत्मा को सुरक्षित रखते हुए नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना नवागत मंडलायुक्त की प्राथमिकता होगी। पदभार ग्रहण करने और बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के बाद बुधवार को कमिश्नरी सभागार में पत्रकारों से मुखातिब मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने अपनी कार्ययोजना के संकेत दिए। उन्होंने साफ किया कि काशी में चल रही बड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के साथ ही आमजन की रोजमर्रा की समस्याओं- सफाई, सड़क, जलभराव, अतिक्रमण और यातायात पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि काशी में विकास की अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं चल रही हैं। एयरपोर्ट विस्तार, रिंग रोड सहित आधारभूत संरचनाओं के विकास से शहर और आसपास के क्षेत्रों की तस्वीर बदल रही है। लेकिन किसी शहर का मूल्यांकन केवल बड़े प्रोजेक्ट से नहीं, बल्कि वहां रहने वाले नागरिकों और आने वाले पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं से होता है। इसलिए प्रशासन का प्रयास होगा कि काशी आने वाला हर व्यक्ति यहां से अच्छा अनुभव लेकर लौटे। संवाद के दौरान उन्होंने विकास की बड़ी परियोजनाओं के साथ उन छोटी लेकिन महत्वपूर्ण समस्याओं को भी प्राथमिकता में रखा, जिनसे आम काशीवासी रोज दो-चार होते हैं। उनका जोर साफ था कि शहर की पहचान केवल चमकते घाटों और बड़े निर्माणों से नहीं, बल्कि साफ-सुथरी सड़कों, व्यवस्थित यातायात, बेहतर नागरिक सुविधाओं और पर्यटकों के सुखद अनुभव से भी बनती है। मतलब साफ है काशी की जिम्मेदारी संभालते ही विकास और जनसुविधाओं को लेकर अपना दृष्टिकोण स्पष्ट कर दिया। तमिलनाडु के शिवगंगा मूल के 2008 बैच के आईएएस अधिकारी पांडियन इससे पहले कानपुर के मंडलायुक्त थे। गोरखपुर में जिलाधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का अनुभव रखने वाले पांडियन के सामने अब काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक शहरी जरूरतों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है।

अधूरी परियोजनाओं को एक-दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य

मंडलायुक्त ने कहा कि काशी में इस समय एयरपोर्ट विस्तार, रिंग रोड, रोपवे और गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं अंतिम चरण में हैं। इनकी प्रगति की समीक्षा कर जो भी बाधाएं हैं, उन्हें एक-एक कर दूर किया जाएगा। प्रयास होगा कि अगले एक-दो महीने में लंबित परियोजनाएं पूरी हों और उनके लोकार्पण की तारीख भी जल्द घोषित की जाए। उन्होंने बताया कि गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण करने जा रहे हैं। निर्माण लगभग पूरा है और फिलहाल फिनिशिंग के काम को देखना है। इसके बाद उद्घाटन की तारीख के संबंध में स्थिति स्पष्ट की जाएगी। गंजारी स्टेडियम को लेकर यह संकेत इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि दो दिसंबर को इसके संभावित उद्घाटन की चर्चा पहले से है। हालांकि तारीख की आधिकारिक घोषणा और बीसीसीआई की तकनीकी मंजूरी अलग-अलग विषय हैं। स्टेडियम का निरीक्षण और शेष तैयारियों का आकलन इस दिशा में अहम होगा।  

देव दीपावली पर दीपों के साथ तकनीक का नया वैभव

काशी की वैश्विक पहचान बन चुके देव दीपावली महोत्सव को लेकर मंडलायुक्त ने विशेष तैयारी का भरोसा दिया। 24 नवंबर को होने वाले आयोजन में इस बार दीपों की संख्या बढ़ाने के साथ लेजर शो और ड्रोन शो को भी आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा। घाटों पर उमड़ने वाली देश-विदेश की भीड़ को देखते हुए पार्किंग, आवागमन, सुरक्षा और सफाई की व्यवस्थाओं को पहले से बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के एक बड़े विशिष्ट अतिथि सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ अतिथियों के आने की संभावना है। अतिथियों की सूची अभी अंतिम रूप में तय नहीं हुई है। काशी की वैश्विक पहचान बन चुके देव दीपावली महोत्सव को लेकर मंडलायुक्त ने विशेष तैयारी का भरोसा दिया। 24 नवंबर को होने वाले आयोजन में इस बार दीपों की संख्या बढ़ाने के साथ लेजर शो और ड्रोन शो को भी आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा।

काशी को 21 लाख से अधिक दीपों से आलोकित करने की तैयारी

घाटों पर उमड़ने वाली देश-विदेश की भीड़ को देखते हुए पार्किंग, आवागमन, सुरक्षा और सफाई की व्यवस्थाओं को पहले से बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के एक बड़े विशिष्ट अतिथि सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ अतिथियों के आने की संभावना है। अतिथियों की सूची अभी अंतिम रूप में तय नहीं हुई है। इस बार आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 88 पक्के घाटों, गंगा पार रेतीले क्षेत्र और शहर के कुंडों सहित काशी को 21 लाख से अधिक दीपों से आलोकित करने की तैयारी है। शाम 7:20 बजे लेजर शो, रात आठ बजे 2100 ड्रोन से शिव तांडव और गंगा अवतरण के दृश्य तथा रात 8:30 बजे ग्रीन आतिशबाजी प्रस्तावित है। यानी गंगा की लहरों पर दीपों की कतारों के साथ आसमान में भी शिव महिमा का दृश्य उभरेगा। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि आयोजन की सफलता केवल आकर्षक दृश्य तैयार करने में नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव देने में है। घाटों तक पहुंचने, वाहनों की पार्किंग, भीड़ के दबाव और सफाई की व्यवस्था को समन्वित तरीके से संचालित किया जाएगा।

गलियों का जाम, सफाई और अतिक्रमण भी एजेंडे में

पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने स्वीकार किया कि काशी की संकरी गलियों और प्रमुख मार्गों पर भीड़ तथा यातायात का दबाव बड़ी चुनौती है। 80 घाट से नमो घाट तक के क्षेत्र में विशेष अवसरों पर वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ने से जाम की स्थिति बनती है। इसके लिए केवल अस्थायी इंतजाम पर्याप्त नहीं होंगे, बल्कि समग्र मास्टर प्लान की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर यह देखा जाएगा कि कहां यातायात प्रबंधन, पार्किंग और अन्य सुविधाओं को बढ़ाया जा सकता है। सफाई व्यवस्था पर उनका विशेष जोर रहा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की संख्या और संसाधनों की जरूरत के अनुसार व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। घाटों और प्रमुख पर्यटक स्थलों के साथ शहर की अंदरूनी सड़कों, गलियों और संपर्क मार्गों को भी स्वच्छ रखना होगा। सड़कों पर पड़ी निर्माण सामग्री, मिट्टी, मलबा और अतिक्रमण भी आवागमन में बाधा बनते हैं। ठेकेदारों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा। सफाई व्यवस्था पर उनका विशेष जोर रहा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की संख्या और संसाधनों की जरूरत के अनुसार व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। घाटों और प्रमुख पर्यटक स्थलों के साथ शहर की अंदरूनी सड़कों, गलियों और संपर्क मार्गों को भी स्वच्छ रखना होगा। सड़कों पर पड़ी निर्माण सामग्री, मिट्टी, मलबा और अतिक्रमण भी आवागमन में बाधा बनते हैं। ठेकेदारों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों और पत्रकारों से भी आग्रह किया कि जहां सड़क खराब हो, जलभराव हो, अतिक्रमण या सफाई की समस्या हो, उसकी जानकारी प्रशासन तक पहुंचाएं। शिकायतों को संज्ञान में लेकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। उनका मानना था कि शहर की वास्तविक समस्याओं को जानने के लिए प्रशासन को केवल कार्यालयी रिपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि लोगों से सीधे संवाद भी जरूरी है।

स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर भी नजर

मंडलायुक्त ने कहा कि बनारस पूर्वांचल के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। यहां आसपास के जिलों के अलावा दूसरे राज्यों और विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य, शिक्षा, सफाई और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। विकास का लाभ तभी सार्थक होगा, जब उसका असर आम नागरिक के जीवन में दिखाई दे। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलें।

काशी-तमिल संगमम में तिरुक्कुरल की गूंज

तमिलनाडु के शिवगंगा के मूल निवासी मंडलायुक्त के लिए काशी-तमिल संगमम केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि दो प्राचीन सभ्यताओं के सांस्कृतिक रिश्तों को और प्रगाढ़ करने का अवसर भी होगा। उन्होंने कहा कि लगभग दो हजार वर्ष पुराने तमिल ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' की साहित्यिक और नैतिक विरासत को व्यापक स्तर पर सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। पिछले चार आयोजनों की तुलना में इस बार नए प्रयोग और नवाचार किए जाएंगे। काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होगा। इस बार इसकी थीम 'तिरुक्कुरल पयिल्वोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है। तमिलनाडु से करीब 1400 प्रतिभागियों के सात समूहों में आने की योजना है। वाराणसी के साथ प्रयागराज और अयोध्या भी इस आयोजन से जुड़ेंगे। मंडलायुक्त ने कहा कि काशी और तमिलनाडु के बीच हजारों वर्षों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और साहित्यिक संबंध हैं। इन संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य होना चाहिए। उनकी अपनी तमिल पृष्ठभूमि के कारण इस आयोजन को लेकर उनकी विशेष रुचि भी देखने को मिली।

प्रशासनिक अनुभव से काशी को समझने की कोशिश

तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के मूल निवासी के. विजयेंद्र पांडियन उत्तर प्रदेश कैडर के 2008 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। गोरखपुर के जिलाधिकारी रहने के अलावा विभिन्न प्रशासनिक और विकास संबंधी पदों पर काम किया। वाराणसी आने से पहले वह कानपुर के मंडलायुक्त थे। हिंदी, अंग्रेजी और तमिल भाषा पर उनकी अच्छी पकड़ है। उनकी पहली पत्रकार वार्ता से यह संकेत जरूर मिला कि वह काशी को केवल परियोजनाओं के आंकड़ों से नहीं, बल्कि नागरिक सुविधाओं और सांस्कृतिक पहचान के समग्र नजरिये से देखना चाहते हैं। अब असली कसौटी इन प्राथमिकताओं को जमीन पर उतारने की होगी. काशी के सामने इस समय एक साथ कई अवसर और चुनौतियां हैं। एक तरफ गंजारी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रोपवे, एयरपोर्ट विस्तार और रिंग रोड जैसे प्रोजेक्ट शहर को नई पहचान देने की तैयारी में हैं, वहीं दूसरी तरफ गलियों का जाम, सड़कों पर निर्माण सामग्री, अतिक्रमण, जलभराव और सफाई की समस्याएं रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित करती हैं। इन दोनों मोर्चों पर समान गति से काम करना ही नए मंडलायुक्त की प्रशासनिक क्षमता की असली परीक्षा होगी। काशी को भव्य आयोजनों के साथ बेहतर नागरिक सुविधाओं का शहर बनाना ही विकास की वास्तविक पहचान होगी। घाटों की रोशनी पर्यटकों को आकर्षित करती है, लेकिन गलियों की स्वच्छता, सड़कों की सुगमता और नागरिकों की संतुष्टि ही उस आकर्षण को स्थायी बनाएगी। नवागत मंडलायुक्त की प्राथमिकताओं से उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में काशी को विकास और विरासत के बीच एक बेहतर संतुलन मिल सकेगा।

मंडलायुक्त की प्राथमिकताएं एक नजर में

अगले एक-दो महीने में लंबित विकास परियोजनाओं को पूरा कराने का लक्ष्य।

गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण, उद्घाटन की तारीख जल्द स्पष्ट करने के संकेत।

देव दीपावली पर दीपों की संख्या बढ़ाने के साथ लेजर और ड्रोन शो।

गलियों और प्रमुख मार्गों पर जाम से निपटने के लिए मास्टर प्लान।

सफाई कर्मचारियों और संसाधनों को जरूरत के अनुसार बढ़ाना।

अतिक्रमण, सड़क पर मलबा और जलभराव की शिकायतों पर कार्रवाई।

स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर।

काशी तमिल संगमम में तिरुक्कुरल की विरासत को विशेष स्थान।

गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण, उद्घाटन की तारीख जल्द स्पष्ट करने के संकेत।

देव दीपावली पर दीपों की संख्या बढ़ाने के साथ लेजर और ड्रोन शो।

गलियों और प्रमुख मार्गों पर जाम से निपटने के लिए मास्टर प्लान।

सफाई कर्मचारियों और संसाधनों को जरूरत के अनुसार बढ़ाना।

अतिक्रमण, सड़क पर मलबा और जलभराव की शिकायतों पर कार्रवाई।

स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर।

काशी तमिल संगमम में तिरुक्कुरल की विरासत को विशेष स्थान।

स्वगणना में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए मीडिया से सहयोग की अपील।

No comments:

Post a Comment

गंजारी स्टेडियम में जय शाह ने परखी तैयारियां, उद्घाटन की तारीख पर लगेगी मुहर!

गंजारी स्टेडियम में जय शाह ने परखी तैयारियां , उद्घाटन की तारीख पर लगेगी मुहर ! आईसीसी अध्यक्ष और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजी...