लोक आस्था के महापर्व का आगाज, आज खरना; कल डूबते सूर्य को अर्घ्य
नहाय-खाय के साथ घर-आंगन
में छठ की पवित्रता और उल्लास, गेहूं सुखाने से लेकर सूप-दउरा सजाने तक तैयारियों में
जुटे व्रती परिवार
सुरेश गांधी
वाराणसी। आस्था जब अनुशासन बनती है और प्रकृति
स्वयं आराध्य हो उठती है, तब छठ महापर्व का स्वरूप सामने आता है। लोकविश्वास, शुचिता,
तप और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक चार दिवसीय महापर्व शुक्रवार को नहाय-खाय
के साथ शुरू हो गया। सुबह से ही घरों में छठ की तैयारियों की चहल-पहल रही। कहीं घर-आंगन
की साफ-सफाई हुई तो कहीं स्नान के बाद पवित्रता के साथ व्रत का संकल्प लिया गया। रसोई
में अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सात्विक सब्जी की सुगंध ने पर्व के आगमन का
अहसास कराया। भगवान सूर्य को भोग अर्पित करने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर अनुष्ठान
का श्रीगणेश किया।
छठ की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सादगी और
कठोर साधना है। इसमें आडंबर से अधिक पवित्रता, प्रदर्शन से अधिक समर्पण और व्यक्तिगत
कामना से अधिक परिवार एवं समाज के मंगल की भावना प्रधान होती है। घरों में छठ के पारंपरिक
गीत गूंजने लगे हैं। गेहूं को धोकर सुखाने, प्रसाद के लिए शुद्धता बरतने और बांस के
सूप-दउरा में पूजन सामग्री सजाने का सिलसिला शुरू हो गया है। बाजारों में भी फल, नारियल,
गन्ना, अदरक, हल्दी, सुथनी, शकरकंद और पूजा की अन्य सामग्रियों की खरीदारी को लेकर
रौनक बढ़ने लगी है।
आज खरना, शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला
व्रत
महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना
होगा। व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को स्नान के बाद भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना
करेंगे। इसके बाद मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से तैयार गुड़ की खीर और रोटी का
प्रसाद ग्रहण करेंगे। परिवार और आसपास के लोगों में भी खरना का प्रसाद वितरित किया
जाएगा। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास
आरंभ हो जाएगा। इस दौरान अन्न और जल का त्याग कर व्रती पूरी निष्ठा से सूर्योपासना
करेंगे।
कल अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, सोमवार
को उगते सूर्य की आराधना
रविवार 15 नवंबर को महापर्व का सबसे भावपूर्ण
दृश्य सामने आएगा। व्रती सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री
सजाकर गंगा घाटों, सरोवरों और जलाशयों की ओर प्रस्थान करेंगे। अस्ताचलगामी सूर्य को
अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और लोकमंगल की कामना करेंगे।
जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का दृश्य आस्था और प्रकृति के अद्भुत
संबंध को अभिव्यक्त करेगा। घाटों पर छठ गीतों की गूंज और दीपों की रोशनी वातावरण को
भक्तिमय बनाएगी। सोमवार 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार
दिवसीय अनुष्ठान पूर्ण होगा। उगते सूर्य की पहली किरण के साथ व्रती अपने आराध्य को
अंतिम अर्घ्य देंगे और इसके बाद पारण कर निर्जला व्रत का समापन करेंगे।
घाटों पर सफाई, रोशनी और सुरक्षा की तैयारी
छठ को लेकर काशी के गंगा घाटों से लेकर तालाबों और कुंडों तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में नगर निगम जुटा है। नमो घाट से सामने घाट तक प्रमुख घाटों पर सफाई, प्रकाश, सुरक्षा, पहुंच मार्ग और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों के निरीक्षण के लिए जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं 13 नवंबर को दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद और मानमंदिर घाटों पर नगर निगम एवं नमामि गंगे की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर गंगा में जमा कचरा और पॉलीथिन हटाई गई। श्रद्धालुओं से प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की अपील भी की गई। चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति की जीवंत विरासत है। इसमें परिवार के हर सदस्य की भागीदारी होती है। कोई प्रसाद तैयार करता है तो कोई घाटों तक पूजन सामग्री पहुंचाता है। यही सामूहिकता छठ को विशिष्ट बनाती है। डूबते सूर्य को प्रणाम और उगते सूर्य का अभिनंदन करने वाला यह पर्व जीवन के दोनों पक्षों को समान श्रद्धा से स्वीकारने का संदेश भी देता है।



No comments:
Post a Comment